कटिहार में अनोखा कन्या पूजन! कटिहार में 9 कन्याएं बनीं एक दिन की पार्षद
कटिहार में एक दिन की सांकेतिक नगर पंचायत पार्षद 9 कन्याएं बनी. नवरात्र में बरारी मुख्य पार्षद बबीता कुमारी ने यह अनोखी पहल की. मुख्य पार्षद ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रेरणास्रोत बताया.
नवरात्र के पावन अवसर पर कन्या पूजन की परंपरा को महिला सशक्तिकरण से जोड़ते हुए नगर पंचायत बरारी में एक सराहनीय और अनूठी पहल शुरू की गई है. मुख्य पार्षद बबीता कुमारी के नेतृत्व में शुरू हुई इस मुहिम के तहत नवरात्र के नौ दिनों में नौ अलग-अलग कन्याओं को एक-एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाया जा रहा है. ये बेटियां मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठकर न केवल नगर पंचायत की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझ रही हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर अपनी बेबाक राय भी रख रही हैं. इस पहल का मुख्य उद्देश्य कम उम्र से ही बेटियों में आत्मविश्वास जगाना, उन्हें निर्णय लेने की क्षमता से लैस करना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है.
इसी क्रम में आज एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद की जिम्मेदारी जान्हवी कौशिक ने संभाली. इससे पहले निधि सुमन, कशिश चौधरी, दृष्टि भाटिया, निकहत प्रवीण, राधा कुरेन, जिया जायसवाल, सीरत कौर और माही कुमारी को एक दिन का मुख्य पार्षद बनाया जा चुका है. नगर पंचायत कार्यालय में आज पदभार संभालने के दौरान सांकेतिक मुख्य पार्षद बनी जान्हवी कौशिक ने कार्यालय के कार्यों को देखा, आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उस पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया.
इस अवसर पर मुख्य पार्षद बबीता कुमारी ने बताया कि मैं उस पार्टी से संबंध रखती हूं, जहां हर रोज नई सोच के साथ सुबह होती है. हाल ही में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर एक से बढ़कर एक निर्णय लिए जा रहे थे, तभी मेरे मन में आया कि दुर्गापूजा के समय मैं एक अनुष्ठान रखूंगी कि दस दिनों तक अपने पदभार से मैं मुक्त रहूंगी और इन दस दिनों तक जो भी कन्याएं आएंगी, उन कन्याओं को एक दिन का प्रभार दूंगी और मुख्य पार्षद के पद पर नगर पंचायत की कमान वे संभालेंगी.
उन्होंने कहा कि लाजिमी है कि कन्याएं खुश होंगी, तो जो मुरादें मांगी जाएंगी, वे पूरी होती हैं. हमारी मुराद थी कि हमारे प्रधानमंत्री कर्मयोगी हों, यशस्वी हों और वे अपने कर्मपथ पर चलते रहें. जान्हवी कौशिक को आज एक दिन का सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाया गया है. आज लोग आ रहे हैं और उनकी समस्या को वह सुन रही हैं और उसका निपटारा भी कर रही हैं. लगातार नौ कन्याओं को यह प्रभार दिया गया है.
सांकेतिक मुख्य पार्षद बनी जान्हवी कौशिक ने बताया कि मुझे काफी अच्छा लग रहा है कि आज मैं इस कुर्सी पर बैठी हूं. सबसे पहले मैं बबीता जी को धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे इस चेयरमैन की कुर्सी पर बैठने का अवसर दिया. मुझे लोगों की समस्याएं सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है. मैं बेटियों से यही कहना चाहूंगी कि सभी घर से बाहर निकलिए, समाज में कुछ करने की कोशिश कीजिए और देश का नाम रोशन कीजिए.
रिपोर्ट: रंजन कुमार
यह भी पढ़ें: शेर पर सवार होकर आयी मां दुर्गा, Welcome कर रहे कॉकरोच, कटिहार के इस पंडाल से हट नहीं रही नजरें