)
बाइक कंपनी ट्रायम्फ ने वेलेंसिया मोटोजीपी इवेंट में अपनी नई बाइक स्ट्रीट ट्रिपल 798 मोटो2 एडिशन से पर्दा उठा दिया है. ये कंपनी की पॉपुलर स्ट्रीट बाइक का खास रेसिंग वर्जन है. पूरी दुनिया में इस खास मॉडल की सिर्फ 1000 यूनिट ही तैयार की जाएंगी.
इसे 798 RS के आधार पर बनाया गया है, लेकिन तेज और सटीक राइडिंग के लिए इसके फ्रेम, सस्पेंशन और लुक में कई बड़े बदलाव किए गए हैं.
We’ve been keeping this one a secret, but the cloth is off and the NEW Street Triple 798 Moto2™ Edition has hit the paddock in Valencia. Secure yours today: https://t.co/EVeV7vvRTg #TriumphMotorcycles #StreetTriple798Moto2Edition #Roadster #LimitedEdition #Moto2 https://t.co/MLHmSQtTru
— Triumph Motorcycles (@OfficialTriumph) November 26, 2026
इस नई बाइक में ट्रायम्फ का बड़ा 798cc का तीन-सिलेंडर वाला इंजन लगाया गया है. इसे 2027 से मोटो2 वर्ल्ड चैंपियनशिप में इस्तेमाल होने वाले इंजन के साथ तैयार किया गया है. ये इंजन 133 bhp की ताकत और 86 Nm का टॉर्क जनरेट करता है.
पुराने 765cc वाले मोटो2 एडिशन में 128 bhp की पावर और 80 Nm का टॉर्क मिलता था. कंपनी का दावा है कि पूरे रेव रेंज में टॉर्क 10 फीसदी तक बढ़ा है.
इसके लिए इंजन में बड़े वॉल्व, बेहतर एयर इनटेक और हल्के पुर्जे लगाए गए हैं. बढ़ी हुई ताकत को संभालने के लिए गियरबॉक्स, क्लच और प्राइमरी ड्राइव को भी फिर से नए तरीके से बनाया गया है.
तगड़े कंट्रोल के लिए मोटो2 एडिशन में आगे की तरफ पूरी तरह एडजस्ट होने वाले 43mm ओहलिन्स NIX30 फोर्क्स दिए गए हैं. स्टैंडर्ड 798 RS में 41mm शोवा यूनिट मिलती है.
पीछे की तरफ ओहलिन्स STX46 शॉक एब्जॉर्बर दिया गया है, जो सवारी को ज्यादा बैलेंस रखता है. तेज रफ्तार में बाइक रोकने के लिए ब्रेम्बो के टॉप-स्पेक हाइप्योर फोर-पिस्टन कैलिपर्स और 310mm की ट्विन फ्लोटिंग डिस्क लगी हैं.
इसमें नीचे की तरफ झुके हुए क्लिप-ऑन हैंडलबार और पीछे की ओर सेट फुटपेग मिलते हैं, जिससे राइडर को स्पोर्टी और आक्रामक पोजीशन मिलती है.
नई मोटो2 एडिशन का कुल वजन 181 किलोग्राम है. ये 798 RS से दो किलो हल्की है और पुराने 188 किलो वाले 765 मोटो2 एडिशन से पूरे सात किलो कम वजनी है.
वजन घटाने के लिए इसमें लिथियम-आयन बैटरी और कार्बन फाइबर के पुर्जे लगाए गए हैं. हेडलाइट के आसपास का हिस्सा, आगे का मडगार्ड, हील गार्ड और निचला बेली पैन कार्बन फाइबर से बने हैं.
दोनों बाइक्स में नया एल्युमीनियम फ्रेम, 15 लीटर का एल्युमीनियम फ्यूल टैंक और नया स्विंगआर्म मिलता है. ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस होने से ट्रैक पर मोड़ काटते समय बाइक को ज्यादा झुकाया जा सकता है.
दिखने में ये बाइक स्टैंडर्ड मॉडल से बहुत अलग और प्रीमियम लगती है. इसमें साफ फिनिश वाला एल्युमीनियम फ्रेम, खास मोटो2 ग्राफिक्स और पीले व काले रंग में रंगे पहिए दिए गए हैं.
कंपनी इसे दो रंगों के ऑप्शन में बेचने का प्लान कर रही है. पहला ऑप्शन ट्रायम्फ परफॉर्मेंस येलो और सफायर ब्लैक है, जबकि दूसरा सफायर ब्लैक और स्नोडोनिया व्हाइट है.
दोनों रंगों की 500-500 बाइक ही बनेंगी. हर बाइक के ऊपरी हिस्से पर उसका खास नंबर दर्ज होगा, जो इसे कलेक्टर पीस बनाता है.
टेक्नोलॉजी के मामले में भी ये बाइक बहुत आगे है. इस बाइक में कई तरह के मोड्स मिलते हैं, जो जरूरत पड़ने पर काम आता है. इसमें इको, रेन, रोड, स्पोर्ट और ट्रैक के साथ दो कस्टम मोड शामिल हैं.
इतना ही नहीं आपकी सुरक्षा के लिए इसमें लॉन्च कंट्रोल, फ्रंट-व्हील लिफ्ट कंट्रोल, इंजन ब्रेकिंग कंट्रोल, कॉर्नरिंग एबीएस और ट्रैक्शन कंट्रोल प्लस जैसे तगड़े फीचर्स इस बाइक में दिए गए हैं.
इस बाइक के टचस्क्रीन टीएफटी डिस्प्ले की भी बहुत बात हो रही है, जो लगभग 7 इंच की है. ये वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करती है. साथ ही कॉर्नरिंग लाइट, क्रूज कंट्रोल और बिना क्लच गियर बदलने वाला क्विकशिफ्टर भी स्टैंडर्ड भी दिए गए है.
इस बाइक की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है और कीमत की बात करें तो इसकी कीमत 15525 पाउंड रखी गई है यानी इंडियन रुपये में करीब 18.90 लाख रुपये रखी गई है. हो सकता है कि इसकी डिलीवरी मई 2027 से शुरू हो जाए.