रेसिंग कार बनी टोयोटा की दमदार पिकअप: कंपनी ने पेश किया हिलक्स हाइपर जेड प्रोटोटाइप; हटाया सामान रखने का हिस्सा
टोयोटा ने अपनी भरोसेमंद हिलक्स पिकअप को एक खास रेसिंग प्रोटोटाइप हिलक्स हाइपर जेड में बदल दिया है. इसे टोयोटा डिजाइन ऑस्ट्रेलिया ने बनाया है और इसके लुक पर थाईलैंड के पिकअप मार्केट का काफी असर दिखता है. जिसमें चौड़े पहिए, बड़ा रियर विंग और रेसिंग केबिन दिया गया है.
टोयोटा हिलक्स को दुनिया भर में एक मजबूत और भरोसेमंद गाड़ी माना जाता है. लेकिन अब कंपनी ने इसका एक ऐसा रूप दिखाया है जिसे देखकर हर कोई चौंक गया है. टोयोटा ने हिलक्स ट्रैवो जेड एडिशन पर आधारित एक खास मॉडल पेश किया है. इसे हिलक्स हाइपर जेड नाम दिया गया है.
इसे टोयोटा डिजाइन ऑस्ट्रेलिया ने बनाया है और इसके लुक पर थाईलैंड के पिकअप मार्केट का साफ असर दिखता है. ये देखने में किसी कार शो से निकली रेसिंग कार जैसी लगती है.
कैसी है गाड़ी की डिजाइन?
इस खास गाड़ी का आकार आम पिकअप ट्रकों से काफी अलग रखा गया है. इसकी लंबाई 5360 मिलीमीटर और चौड़ाई 2203 मिलीमीटर है. लेकिन इसकी ऊंचाई सिर्फ 1513 मिलीमीटर रखी गई है.
इसका व्हीलबेस 3085 मिलीमीटर का है. आगे के पहियों के बीच की दूरी 1692 मिलीमीटर और पीछे के पहियों के बीच की दूरी 1780 मिलीमीटर है. कम ऊंचाई और ज्यादा चौड़ाई की वजह से ये गाड़ी सड़क से चिपककर चलने वाली स्पोर्ट्स कार जैसा अहसास देती है.
बड़े पहिए और खास रेसिंग टायर
गाड़ी के पहिए इसके व्हील आर्च में बिल्कुल फिट बैठते हैं. कंपनी ने इसमें 22 इंच के बड़े पहिए लगाए हैं. इन पर 325/35 आर22 साइज के पिरेली पी जीरो टायर चढ़ाए गए हैं.
पहियों के ऊपर सफेद रंग के खास एयरो कवर लगे हैं. इनके किनारों पर टोयोटा लिखा हुआ है. इस सेटअप की वजह से ये गाड़ी एक एडवांस रेस कार जैसा लगता है. इसके बावजूद इसके हिलक्स वाले वर्जन को भी आसानी से पहचाना जा सकता है.
बस दिखावे के लिए नहीं हैं बाहरी हिस्से
टोयोटा का कहना है कि इस गाड़ी के बाहरी हिस्से सिर्फ दिखावे के लिए नहीं बनाए गए हैं. इन्हें गाड़ी के चारों ओर हवा के बहाव को सही रखने और इंजन को ठंडा रखने के लिए तैयार किया गया है.
इसके आगे के हिस्से में एक चौड़ा स्प्लिटर लगा है जो जमीन के पास रहता है. निचले हिस्से में जालीदार ग्रिल है जिस पर बड़े अक्षरों में हिलक्स लिखा है. सफेद रंग की बॉडी के साथ काले रंग का बोनट और छत इसे और भी जबरदस्त बनाते हैं.
सामान रखने की जगह की छुट्टी
गाड़ी के पिछले हिस्से में सबसे बड़ा बदलाव किया गया है. कंपनी ने इसके पीछे का दरवाजा यानी टेलगेट हटा दिया है. इतना ही नहीं, पिकअप ट्रक में सामान रखने वाली जगह भी अब इसमें नहीं है.
उसकी जगह एक तराशी हुई काली ट्रे लगाई गई है जिस पर चमकते अक्षरों में हिलक्स लिखा है. इसके ऊपर एक बहुत बड़ा विंग लगा है जिस पर टोयोटा का लोगो है. नीचे की तरफ जालीदार डिफ्यूजर और जानी-पहचानी लंबी एलईडी टेललाइट्स दी गई हैं.
रेस ट्रैक के लिए तैयार केबिन
अगर बाहरी तामझाम से हटकर देखें तो इसके डबल केबिन का ढांचा नॉर्मल हिलक्स जैसा ही दिखता है. दरवाजों के निचले हिस्से पर मोटी काली पट्टियां लगी हैं और पहियों के ऊपर के हिस्से उभरे हुए हैं. लेकिन अंदर का केबिन बिल्कुल बदल दिया गया है. खिड़कियों से अंदर झांकने पर सुरक्षा के लिए लगा रोल केज और खास सेफ्टी बेल्ट नजर आती हैं.
इसमें लाल रंग की रेसिंग सीटें लगाई गई हैं. यह गाड़ी किसी निर्माण स्थल पर सामान ढोने के बजाय सीधे रेसिंग ट्रैक पर उतरने के लिए तैयार दिखती है.