)
लगातार पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक कारें यानी EV हर किसी की पहली पसंद बनती जा रही हैं. पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ ये जेब पर भी भारी नहीं पड़ती हैं. लेकिन रुकिए! अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन या आने वाले दिनों में नई ईवी कार घर लाने की तैयारी कर रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों को जान लीजिए. सिर्फ कार की चमक-धमक देखकर जल्दबाजी में फैसला लेना आपकी जेब और दिमागी सुकून पर भारी पड़ सकता है. EV खरीदने से पहले कुछ बहुत जरूरी बातों को समझना जरूरी है, नहीं तो बाद में आपको सिर्फ पछतावा ही हाथ लगेगा. आइए जानते हैं वे 5 कौन-सी बातें हैं जिन्हें आपको EV खरीदने से पहले जान लेना चाहिए.
EV खरीदते समय सबसे पहली और बड़ी बात होती है कार की रेंज. सरल शब्दों में कहें तो, एक बार फुल चार्ज करने पर गाड़ी कितने किलोमीटर चलेगी, यह जानना बहुत जरूरी होता है. पहले जो इलेक्ट्रिक कारें आती थीं, वे कम रेंज देती थीं. लेकिन अब कंपनियां मार्केट में ऐसी दमदार गाड़ियां लॉन्च कर दी हैं, जो एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से भी ज्यादा दौड़ने का दावा करती हैं.
कंपनी कागजों पर जो दावा करती हैं, सड़कों पर गाड़ी चलाने पर उससे थोड़ी कम ही मिलती है. ट्रैफिक, कार की स्पीड और एसी चलाने से EV पर असर पड़ता है. इसलिए, कार का खरीदते समय सिर्फ कंपनी के बताए बातें पर नहीं, बल्कि अपनी जरूरत और सफर के हिसाब से सही रेंज वाली इवी चुनें.
रेंज देखने के बाद दूसरा सबसे बड़ा और जरूरी फैक्टर होता है बजट. एक समय था जब इलेक्ट्रिक कारें जेब पर भारी पड़ती थीं, लेकिन अब मार्केट में हर बजट की EV मौजूद हैं. लेकिन, कार खरीदते समय सिर्फ एक्स-शोरूम कीमत न देखें. इसके साथ ऑन-रोड प्राइस, इंश्योरेंस, होम चार्जर इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस जैसे छिपे हुए चार्ज का भी हिसाब मांगे.
साथ ही आपको बता दें कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कई राज्य सरकारें ईवी की खरीदारी पर सब्सिडी, रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में भारी छूट देती हैं. ऐसे में शोरूम जाने से पहले अपने राज्य की ईवी पॉलिसी की पूरी जानकारी जरूर निकाल लें.
सिर्फ इस वजह से कोई इलेक्ट्रिक कार न खरीदें कि वह ट्रेंड में है. गाड़ी ऐसी होनी चाहिए जो आपके फैमिली और डेली यूज के लिए फिट हो. कार फाइनल करने से पहले केबिन स्पेस को अच्छी तरह जान लें. चेक करें कि लंबे लोगों के बैठने के लिए लीगरूम और हेडरूम सही है या नहीं. इसके साथ ही बूट स्पेस और डेली रूटीन के जरूरी फीचर्स पर खास ध्यान दें. जल्दबाजी में लिया फैसला बाद में आपके सफर के मजे को किरकिरा कर सकता है.
इलेक्ट्रिक कार बुक करने से पहले उसकी टेस्ट ड्राइव लेना चाहिए. अगर आप पहली बार EV ड्राइव कर रहे हैं, तो इसका ड्राइविंग एक्सपीरियंस नॉर्मल पेट्रोल-डीजल कार से पूरी तरह अलग होगा. बिना इंजन के यह कार बिल्कुल शांत चलती है, न कोई आवाज, न कोई वाइब्रेशन! एक्सीलेटर दबाते ही कार को तुरंत पिकअप मिलता है, वह आपको हैरान कर देगा. इसके साथ ही, गाड़ियों में मिलने वाले रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम को भी चलाकर देखें, जो ब्रेक लगाते ही बैटरी को रिचार्ज करने लगता है. टेस्ट ड्राइव लेने से आपको कार के हैंडलिंग, कंट्रोल और कंफर्ट का सही अंदाजा मिल जाएगा.
इलेक्ट्रिक कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो चाबी हाथ में आने से पहले यह तय कर लें कि गाड़ी को चार्ज कहां करेंगे. घर पर ईवी चार्ज होने में ज्यादा समय लगता है. इसके लिए आपकी पार्किंग के पास एक स्पेशल पावर सॉकेट होना बहुत जरूरी है. इसलिए गाड़ी डिलीवरी से पहले ही घर में चार्जर का पूरा सेटअप तैयार कर लें.
अपने घर, ऑफिस और डेली आने जाने वाले रास्तों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन की लोकेशन भी देख लें. जहां फास्ट चार्जर की सुविधा मिलती है जो कम समय में कार को फुल कर देते हैं. इससे आपको परेशानी नहीं होगी.