Maruti Suzuki ने 2026 में चौथी बार बढ़ाए कारों के दाम, जानें कब से लागू हुई नई कीमतें और क्या है बड़ी वजह?
मारुति सुजुकी ने कार में लगने वाले पार्ट्स के दाम बढ़ने के कारण 22 नवंबर से कारों की कीमतों में औसतन 0.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. इस साल कंपनी ने चौथी बार दाम बढ़ाए हैं, लेकिन अलग-अलग मॉडल के हिसाब से नई कीमतें अभी सामने आनी बाकी हैं.
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने साल 2026 में चौथी बार अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ा दिए हैं. नई कीमतें 22 नवंबर से लागू हो गई हैं. कंपनी के हिसाब से इस बार मारुति सुजुकी के कीमतों में 0.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. लेकिन कार के मॉडल के हिसाब से इसके दाम ऊपर-नीचे हो सकते हैं.
मारुति ने कार में लगने वाले पार्ट्स के बढ़ते दाम को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है. इस फैसले के बाद जो इस कार को खरीदने का प्लान बना रहे थे, उन्हें थोड़े और पैसे खर्च करने होंगे.
किस मॉडल के कितने बढ़े दाम?
कंपनी का कहना है कि वो अपने खर्चे कम करके बढ़ती लागत को संभालने की कोशिश कर रही थी. लेकिन इससे बात नहीं बनी, इसलिए कार की कीमत को अब फिर से बढ़ा दिया गया है.
कंपनी ने अभी तक ये तो नहीं बताया है कि किस मॉडल और किस वेरिएंट की कीमत में कितना इजाफा हुआ है. किस कार के कितने दाम बढ़े हैं, इसकी पूरी जानकारी जल्द ही शोरूम पर मिल जाएगी.
साल भर में चार बार बढ़ी कीमतें
ये पहली बार नहीं है जब 2026 में मारुति की कारें महंगी हुई हैं. इससे पहले कंपनी ने जून और अगस्त में 30000 रुपये तक दाम बढ़ाए थे. इसके बाद सितंबर में भी कीमतों में 20000 रुपये तक का इजाफा किया गया था.
उन तीनों बढ़ोतरियों को मिलाकर दाम एक प्रतिशत से थोड़ा ज्यादा बढ़े थे. कंपनी ने बताया है कि अगर लागत ऐसे ही बढ़ती रही, तो मार्च 2027 से पहले कीमतों में एक और बदलाव किया जा सकता है.
रिकॉर्ड बिक्री के बाद भी घटा मुनाफा
सोचने वाली बात तो ये है कि कंपनी की बिक्री तो रिकॉर्ड बनाए जा रही है, लेकिन मुनाफा कम मिल रहा है. फाइनेंशियल ईयर 2027 की दूसरी तिमाही में मारुति ने कुल 696654 गाड़ियां बेची हैं, जो अब तक का सबसे अच्छा तिमाही आंकड़ा है.
इसके बाद भी कंपनी का पूरा मुनाफा 26.36 प्रतिशत गिरकर 2466.1 करोड़ रुपये रह गया. वहीं मुनाफे का मार्जिन भी 12.7 प्रतिशत से घटकर 9.4 प्रतिशत पर आ गया है.
कच्चे माल की लागत ने बढ़ाई चिंता
कमाई घटने के पीछे सबसे बड़ा कारण गाड़ियां बनाने में लगने वाले सामान का महंगा होना है. कंपनी की कुल बिक्री का करीब 79.9 प्रतिशत हिस्सा अब सिर्फ कच्चे माल की लागत में जा रहा है, जो एक साल पहले 75.7 प्रतिशत था.
मारुति का कहना है कि स्टील और तांबे के दाम अभी भी ऊपर-नीचे हो रहे हैं. इसी वजह से कंपनी के सामने दाम बढ़ाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है.
बाजार में अब भी जबरदस्त मांग
कीमतों के बढ़ने बाद भी ग्राहकों के बीच मारुति की गाड़ियों की मांग अभी भी बढ़ती ही जा रही है. दूसरी तिमाही में कंपनी की छोटी कारों की बिक्री में 35.9 प्रतिशत की तेजी आई है.
वहीं एसयूवी सेगमेंट की बिक्री में 68.2 प्रतिशत का बड़ा उछाल दर्ज किया गया. सितंबर 2026 के अंत तक कंपनी के पास करीब 2 लाख गाड़ियों की बुकिंग पेंडिंग थी, जो बताता है कि शोरूम में खरीदारों की भीड़ कम नहीं हुई है.