)
अगर आपको भी अपनी कार चोरी होने का डर सताता है, तो अब आपकी टेंशन दूर हो सकती है. अब आप अपनी कार को लेकर पहले से ज्यादा बेफिक्र रह सकते हैं, इसका कारण है कि गाड़ी की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एक शानदार तकनीक आ गई है. हुंडई ने अपनी SUV में एक ऐसा नया फीचर लाया है, जिसकी सहायता से आप अपने स्मार्टफोन से ही अपनी गाड़ी के इंजन पर ताला लगा सकेंगे. आइए जानते हैं कि यह नया फीचर कैसे काम करेगा और इससे कार मालिकों को क्या-क्या बड़े फायदे मिलने वाले हैं.
Hyundai ने अपनी SUV Venue और Venue N Line में एक नया सेफ्टी फीचर लाया है. कंपनी ने Hyundai Bluelink ऐप के जरिए Remote Immobiliser फीचर पेश कर दिया है. जिसकी सहायता से कार मालिक जरूरत होने पर अपने फोन से कार को फिर से स्टार्ट होने से रोक सकते हैं. यह फीचर खास तौर पर कार चोरी और चाबी की क्लोनिंग जैसे मामलों में काम आ सकता है.
Hyundai का Remote Immobiliser फीचर फिलहाल उन वेरिएंट में दिया जा रहा है, जिनमें Connected Car Navigation Cockpit मिलता है. इसमें Venue का HX10 और Venue N Line का N10 वेरिएंट शामिल है.
नवंबर 2025 से बेची गई इन योग्य कारों में यह फीचर C-OTA यानी Controller Over-the-Air अपडेट के जरिए दिया जाएगा. खास बात यह है कि इसके लिए कार मालिक को सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं होगी.
इस फीचर की सहायता से कार मालिक पार्क की गई कार में Bluelink ऐप के जरिए Remote Immobiliser एक्टिवेट कर सकते हैं. फीचर एक्टिवेट होने के बाद कार को बिना अनुमति के दोबारा स्टार्ट नहीं किया जा सकेगा.
अगर कार पार्क करते समय Immobiliser एक्टिवेट करना भूल गए हैं और बाद में कार चोरी होने का डर रहता है, तब भी इसे ऐप से एक्टिवेट किया जा सकता है. फीचर एक्टिवेट होने के बाद जैसे ही कार बंद होगी, वह फिर से स्टार्ट नहीं हो सकेगी.
इसके लिए Bluelink सेंटर से संपर्क करने की भी जरूरत नहीं होगी. यानी कार मालिक सीधे अपने फोन से यह फीचर चालू कर सकते हैं.
Hyundai Bluelink Remote Immobiliser के साथ लाइव व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलती है. नेटवर्क उपलब्ध होने पर कार की लोकेशन देखी जा सकती है. इससे कार मालिक के साथ पुलिस को भी चोरी हुई कार का पता लगाने में मदद मिल सकती है.
हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फीचर चलती हुई कार को बंद नहीं करता है. Remote Immobiliser का इस्तेमाल कार के पार्क होने के बाद ही किया जा सकता है.
Hyundai Motor India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO तरुण गर्ग के मुताबिक भारत में 8 लाख से ज्यादा कनेक्टेड Hyundai वाहन Bluelink का इस्तेमाल कर रहे हैं. कंपनी का कहना है कि Remote Immobiliser से ग्राहकों को अपनी कार की सुरक्षा पर ज्यादा कंट्रोल मिलेगा और चोरी की आशंका होने पर तेजी से कदम उठाने में मदद मिलेगी.