)
कभी कभी हम कुछ देर के लिए ही गाड़ी से बाहर निकलते हैं और वापस आते हैं, तो कार आग का गोला बन गई होती है! गर्मी के महीने में यह परेशानी अक्सर लोगों को होती है. ऐसे में गाड़ी में बैठते ही लोग सबसे पहले एयर कंडीशनर यानी AC को फुल स्पीड और लो-टेंपरेचर पर चला देते हैं. इसके बाद केबिन को पूरी तरह ठंडा होने में काफी समय लग जाता है. लेकिन, गाड़ियों के डैशबोर्ड पर एक ऐसा बटन मौजूद होता है, जो कार को मिनटों में ठंडक दे सकता है.
गाड़ी के डैशबोर्ड पर एक छोटा सा बटन होता है, जिस पर कार का सिंबल और एक मुड़ा हुआ तीर बना रहता है. इसे एयर रीसर्क्युलेशन बटन कहते हैं. ज्यादातर लोग इसे इग्नोर कर देते हैं या बिना सोचे-समझे इस्तेमाल करते हैं. लेकिन यह एक बटन मिनटों में आपकी कार को ठंडा कर सकता है.
आमतौर पर कार का AC बाहर की हवा को खींचकर अंदर ठंडा करता है. जब बाहर बहुत तेज धूप होती है, तो AC को बार-बार बहुत गर्म हवा को ठंडा करना पड़ता है. रीसर्क्युलेशन बटन ऑन करते ही बाहर की हवा का रास्ता बंद हो जाता है. इसके बाद AC कार के अंदर की ही हवा को बार-बार घुमाकर ठंडा करने लगता है. इससे सिस्टम पर दबाव कम पड़ता है और कार जल्दी ठंडी होने लगती है.
AC का काम सिर्फ ठंडी हवा देना नहीं, बल्कि हवा से गर्मी को बाहर निकालना होता है. मान लीजिए बाहर का तापमान 35 डिग्री है, तो फ्रेश एयर मोड में AC को हर बार 35 डिग्री वाली गर्म हवा को ठंडा करना पड़ेगा. रीसर्क्युलेशन मोड चालू करने पर AC अंदर की ही हवा को बार-बार ठंडा करता है. जैसे-जैसे कार के अंदर की हवा 25 डिग्री या उससे कम होती है, AC को उसे और ठंडा करने में बहुत कम मेहनत करनी पड़ती है.
कार का AC सीधे इंजन से जुड़ा होता है. कंप्रेसर को चलाने के लिए इंजन को ज्यादा ताकत लगानी पड़ती है. जब AC को बाहर की बेहद गर्म हवा को बार-बार ठंडा नहीं करना पड़ता, तो कंप्रेसर पर लोड घट जाता है. इससे गाड़ी की कूलिंग क्षमता बढ़ती है और ईंधन की खपत भी कम हो सकती है.
कड़क धूप में खड़ी गाड़ी में बैठते ही रीसर्क्युलेशन बटन ऑन करना सबसे सही रहता है. इसके अलावा भारी ट्रैफिक में बाहर के धुएं और बदबू से बचने के लिए भी यह काफी काम आता है. हालांकि, इसे पूरे समय ऑन रखना सही नहीं है. कार में ज्यादा लोग बैठे हों, तो अंदर की हवा में नमी बढ़ सकती है. इसलिए गाड़ी ठंडी होने के बाद या लंबे सफर के दौरान बीच-बीच में फ्रेश एयर मोड ऑन करते रहना चाहिए, जिससे बाहर की ताजा हवा अंदर आ सके.