महंगी कारों में क्यों लगाए जाते हैं नकली एग्जॉस्ट? जानिए कार डिजाइनर्स का ये बड़ा सीक्रेट!
सड़क पर फर्राटा भरती नई कारों के बैक साइड को देखों तो बंपर पर दोनों तरफ चमकदार क्रोम साइलेंसर यानी एग्जॉस्ट टिप्स नजर आते हैं. इन्हें देखकर पहली नजर में लगता है कि कार में बहुत पॉवरफुल इंजन लगा होगा. लेकिन जैसे आप करीब जाकर देखेंगे, तो आपको पता चलता है कि ये तो फेक एग्जॉस्ट हैं.
आजकल मार्केट में आ रही नई कारों, खासकर प्रीमियम SUV और लग्जरी सेडान में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है. गाड़ियों के पिछले बंपर पर बड़े और चमकदार क्रोम फिनिश वाले एग्जॉस्ट टिप्स यानी साइलेंसर के बाहरी हिस्से दिखाई देते हैं. दूर से देखने पर ये कार को बहुत ही स्पोर्टी और मस्कुलर लुक देते हैं. लेकिन जैसे ही आप इनके थोड़ा करीब जाकर ध्यान से देखेंगे, तो आपको एक हैरान कर देने वाली सच्चाई पता चलेगी. पास से देखने से पता चलता है कि यह सिर्फ दिखाने के लिए हैं. असली साइलेंसर पाइप बंपर के नीचे छिपा होता है और उसका वह जमीन की ओर मुड़ा होता है.
कार के शौकीन इस डिजाइन को भले ही पसंद न कर रहे हों, लेकिन ऑटोमोबाइल कंपनियां इसे खूब इस्तेमाल कर रही हैं. अब आपके मन में ऐसे में सवाल आ रहा होगा कि अगर ये सिर्फ दिखाने के लिए हैं और इनका कोई काम नहीं, तो कार बनाने वाली कंपनियां इसे लगाती ही क्यों हैं? तो आइए जानते हैं, आपके इन्हीं सवालों का जवाब
डिजाइन और लुक को बेहतर बनाना
आज के समय में आने वाली दमदार कारों के पिछले बंपर को काफी स्पोर्टी और चौड़ा बनाया जाता है. कार डिजाइनर चाहते हैं कि गाड़ी का पिछला हिस्सा दिखने में प्रीमियम लगे. असली एग्जॉस्ट पाइप को इंजन से लेकर पीछे तक लाने में कई तरह के पुर्जों से होकर गुजरना पड़ता है. बंपर के बाहरी डिजाइन के साथ असली पाइप को एकदम सटीक फिट करना काफी कठिन और महंगा होता है. इसलिए बंपर पर सिर्फ क्रोम के नकली कटआउट लगा दिए जाते हैं.
इंजन की तेज गर्मी से बचाव
आजकल की कारों में टर्बोचार्ज्ड इंजन और नए मानकों वाले फिल्टर का प्रयोग किया जाता है, जिससे साइलेंसर का टेंपरेचर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है. अगर यह गर्म पाइप सीधे बंपर के प्लास्टिक या पेंट के संपर्क में रहेगा, तो धीरे-धीरे बंपर का रंग जा सकता है या वह खराब हो सकता है. असली एग्जॉस्ट को नीचे रखने से बंपर को जलने या खराब होने से बचाया जा सकता है.
मैन्युफैक्चरिंग लागत में कमी
कंपनियां एक ही प्लेटफॉर्म पर पेट्रोल, हाइब्रिड और परफॉर्मेंस जैसे कई मॉडल बनाती हैं. बंपर पर नकली एग्जॉस्ट फिनिशर देने से कंपनी को सभी मॉडल्स के लिए अलग-अलग बंपर डिजाइन नहीं करने पड़ते. अंदर का पाइप चाहे कैसा भी हो, बाहर से हर मॉडल प्रीमियम दिखाई देता है. इससे गाड़ियों को बनाने का खर्च कम होता है.
कालिख से छुटकारा और आसान सफाई
असली साइलेंसर के मुंह पर समय के साथ धुएं की कालिख जमा हो जाती है, जिससे कार का पिछला हिस्सा गंदा दिखाई देने लगता है. नकली टिप्स में यह समस्या नहीं होती और क्रोम हमेशा चमकता रहता है.