सिर्फ 9 मिनट में फुल चार्ज और पलक झपकते ही 100 की रफ्तार, भारत में 1.56 करोड़ रुपये में आई Denza Z9 GT
लग्जरी कार ब्रांड डेंजा ने भारत में अपनी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक कार Z9 GT को 1.56 करोड़ रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है. महज 9 मिनट में 97 प्रतिशत तक चार्ज होने वाली ये कार 2.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है.
देश के लग्जरी इलेक्ट्रिक कार बाजार में एक नए ब्रांड ने कदम रखा है. डेंजा ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Z9 GT लॉन्च कर दी है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.56 करोड़ रुपये है. अगर आप इसे खरीदना चाहते हैं, तो 10 लाख रुपये देकर इसकी बुकिंग कर सकते हैं.
कंपनी ने इसके साथ अपनी D9 MPV भी बाजार में उतारी है. ये कोई नॉर्मल सेडान या एसयूवी नहीं है. ये एक खास फोर-डोर शूटिंग ब्रेक कार है. इसकी छत पीछे से ढलान वाली है और केबिन काफी लंबा है. सड़क पर चलते हुए ये किसी भी दूसरी गाड़ी से बिल्कुल अलग दिखती है.
9 मिनट की चार्जिंग से 97 प्रतिशत तक चार्ज
भारत में इस कार का सिर्फ इलेक्ट्रिक मॉडल ही बेचा जाएगा. इसमें 122.5 kWh की बड़ी बैटरी लगी है. कार को ताकत देने के लिए इसमें तीन इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं. ये तीनों मिलकर 1,139 hp की जबरदस्त पावर बनाती हैं.
रफ्तार के मामले में ये किसी स्पोर्ट्स कार से कम नहीं है. यह सिर्फ 2.7 सेकंड में 0 से 100 की स्पीड पकड़ लेती है. इसकी टॉप स्पीड 270 किमी प्रति घंटा है.
एक बार फुल चार्ज होने पर ये 670 किमी तक चल सकती है. इसकी सबसे बड़ी खूबी इसकी चार्जिंग स्पीड है.
ये 1,500 kW फास्ट चार्जर से सिर्फ 9 मिनट में 10 से 97 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. बैटरी की लाइफ बचाने के लिए चार्जिंग 97 प्रतिशत पर खुद रुक जाती है.
केकड़े की तरह तिरछी भी चल सकती है ये कार
साइज के हिसाब से ये एक बहुत बड़ी और चौड़ी गाड़ी है. इसकी लंबाई 5,180 mm और चौड़ाई 1,990 mm है. लंबा व्हीलबेस होने की वजह से अंदर बैठने वालों को काफी जगह मिलती है.
कार के आगे शार्प एलईडी लाइट्स और छत पर एक खास सेंसर लगा है. साइड में 20-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. इसके दरवाजों के हैंडल बॉडी के अंदर छिपे रहते हैं.
इतनी बड़ी कार को तंग गलियों में मोड़ना आसान नहीं होता है. इसलिए कंपनी ने इसमें रियर-व्हील स्टीयरिंग दिया है.
इसके पिछले पहिए 15 डिग्री तक घूम सकते हैं. इस खास फीचर की वजह से ये एक ही जगह पर गोल घूम सकती है और केकड़े की तरह तिरछी भी चल सकती है.
केबिन के अंदर मिलता है घर जैसा आराम
इस कार के अंदर पांच लोग बड़े आराम से बैठ सकते हैं. आगे की दोनों सीटों को आप बटन दबाकर अपनी मर्जी से सेट कर सकते हैं. इन सीटों में ठंडी-गर्म हवा और मसाज करने की सुविधा भी मिलती है.
पीछे बैठने वालों के लिए भी सीटों में हीटिंग और मसाज का फीचर दिया गया है. अंदर पूरा काम प्रीमियम लेदर का है. इसके दरवाजे हल्का सा छूने पर अपने आप बंद हो जाते हैं.
कार के डैशबोर्ड पर तीन बड़ी स्क्रीन लगी हैं. बीच में 17.3-इंच की मुख्य स्क्रीन है. ड्राइवर के सामने 13.2-इंच का डिस्प्ले है और बगल में बैठे यात्री के लिए भी इतनी ही बड़ी अलग स्क्रीन दी गई है. गाने सुनने के लिए इसमें 20 स्पीकर लगे हैं.
सुरक्षा के लिए चारों तरफ लगे हैं 12 रडार
इतनी तेज चलने वाली कार में सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है. कार के अगले हिस्से में छह और पिछले हिस्से में छह रडार लगाए गए हैं. ये 12 रडार गाड़ी के चारों तरफ हर हरकत पर नजर रखते हैं.
इसके अलावा कार में 9 एयरबैग्स और 360-डिग्री कैमरा भी मिलता है. टायरों में हवा का दबाव जांचने के लिए अलग से सेंसर लगे हैं.
अगर आपको गाड़ी पार्क करने में दिक्कत होती है, तो इसमें ऑटो पार्क फीचर भी है. ये कार बिना ड्राइवर की मदद के खुद ही सुरक्षित जगह देखकर पार्क हो जाती है.
महंगी इलेक्ट्रिक कारों की रेस में नया मुकाबला
1.56 करोड़ रुपये की कीमत के साथ ये कार खास लोगों के लिए लाई गई है. भारत में इस बजट में तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कारों के ज्यादा ऑप्शन नहीं हैं. जो लोग एक ही गाड़ी में सुपरकार जैसा मजा और लग्जरी आराम चाहते हैं, उनके लिए यह बढ़िया ऑप्शन है.
डेंजा ने इसके साथ जो D9 MPV उतारी है, वो सीधे तौर पर टोयोटा वेलफायर को टक्कर देगी. इस नई कंपनी के आने से अब भारत के लग्जरी कार बाजार में मुकाबला और भी मजेदार हो गया है.
ये भी पढ़ें: चीन की इस कंपनी का बड़ा दावा: अगले साल लॉन्च होगी 2-सीटर उड़ने वाली कार, महज 5 मिनट में कोई भी सीख लेगा उड़ाना