'ये हमारी कार है...' से वायरल हुई लड़की अब बनी इंटरनेशनल स्टार, जीता बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड, मिला 2 करोड़ का हीरा
'ये हम हैं, ये हमारी कार है और हमारी पावरी हो रही है' वाली लड़की एक बार फिर चर्चाओं में है. उसे रूस में बेस्ट एक्ट्रेस के खिताब से सम्मानित किया गया है. इनाम के रूप में उन्हें करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा वाला डायमंड दिया गया है.
आपको कुछ साल पहले वायरल हुआ वो पाकिस्तानी वीडियो तो याद ही होगा, जिसमें एक लड़की अपनी सहेलियों के साथ कहां बाहर पार्टी कर रही होती है. उसके पीछे लाल रंग की कार खड़ी होती है. वह चुलबुले अंदाज में बोलती है, 'ये हम हैं, ये हमारी कार है और हमारी पावरी हो रही है.'
दानाबीर को मिला बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड
उस वीडियो से वायरल हुई चुलबुली लड़की दानानीर मोबीन (Dananeer Mobeen) अब फिल्म स्टार बन चुकी है. उन्हें 'मेरा लयारी' (Mera Lyari) मूवी के लिए मॉस्को में आयोजित दूसरे 'ओपन यूरेशियन फिल्म अवॉर्ड्स' में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के 'डायमंड बटरफ्लाई अवॉर्ड' पुरस्कार दिया गया है.
पुरस्कार के रूप में दानानीर मोबीन को हीरों से जड़ी एक प्रतिमा भेंट की गई. इसमें 10 कैरेट का डायमंड का टुकड़ा भी शामिल था. जिसकी मार्केट वेल्यू करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये से ज्यादा है. अपनी इस सफलता पर एक्ट्रेस ने समारोह के आयोजकों और फिल्म निर्माता का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनकी एक्टिंग को पुरस्कार के लायक समझा.
'महिलाओं की कहानियां सुनाए जाने के लायक'
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में मोबीन ने कहा कि महिलाओं की कहानियां सुनाए जाने के लायक हैं. खासकर उन महिलाओं के किस्से, जो बाधाओं को चुनौती देती हैं, अपनी आवाज तलाशती हैं और उन जगहों पर कदम रखने की हिम्मत करती हैं जहां जाने के लिए उन्हें कभी प्रोत्साहित नहीं किया गया था.
एक्ट्रेस ने कहा कि वे खुद को बेहद भाग्यशाली महसूस करती हैं कि ऐसी कहानी का हिस्सा बनने का मौका मिला, जो मनोरंजन से परे किसी मकसद के लिए बनाई गई. उन्होंने उन सभी का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस फिल्म पर विश्वास जताया और इसे जीवंत बनाने में मदद की. दानानीर मोबीन ने फिल्म को सफल बनाने के लिए दर्शकों का भी शुक्रिया किया.
फिल्म के निर्देशक अली सज्जाद शाह भी मोबीन को मिले पुरस्कार से बेहद खुश दिखे. उन्होंने कहा कि मोबीन की जीत पूरी टीम के प्रयासों का परिणाम है, खासकर निर्माता वकास रिजवी और आयशा उमर का. उन्होंने एक ऐसी कहानी ढूंढी, जो लड़कियों की हिम्मत और उनकी उम्मीदों को दुनिया के सामने लाती है.
क्या है 'मेरा ल्यारी' मूवी की कहानी?
बताते चलें कि 'मेरा ल्यारी' मूवी कराची के बदनाम ल्यारी इलाके पर बनाई गई है. इस मूवी में दानाबीर ने एक ऐसी लड़की की भूमिका निभाई है, जो इस कुख्यात इलाके में फुटबॉल खेलने के लिए सामाजिक दबावों से लड़ती है. यह एक दिव्यांग फुटबॉल कोच (आयशा उमर) की कहानी है, जो एक हिंसक शादी से बचकर लयारी स्थित अपने घर लौटती है. इसके बाद वह लड़कियों में हौसला भरने के लिए फुटबॉल ट्रायल आयोजित करती है.
इस ट्रायल में अफसाना (मोबीन) भी भाग लेने के लिए पहुंचती है. उसके पिता बेहद सख्त होते हैं और नहीं चाहते कि उनकी बेटी किसी भी तरह के खेलों में भाग ले. इस खूबसूरत खेल में अपनी राह तलाशते हुए वह नेशनल लेवल के टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करने के लिए कोच से गुप्त रूप से ट्रेनिंग लेती है.
रूस में कब हुई फिल्म अवार्ड्स की शुरुआत?
बताते चलें कि 'डायमंड बटरफ्लाई अवॉर्ड्स' रूसी संस्कृति मंत्रालय की साझेदारी में 'यूरेशियन एकेडमी फॉर सिनेमैटोग्राफिक आर्ट्स' की ओर से प्रदान किए जाते हैं. इनकी शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी और इस साल दूसरा संस्करण रहा. पाकिस्तान ने पिछले साल भी इन पुरस्कारों में एक सम्मान जीता था. तब उसकी अभिनेत्री सोन्या हुसैन को फिल्म दीमक (Deemak) में भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला था.
इस साल 'डायमंड बटरफ्लाई अवॉर्ड्स' के लिए 19 देशों की 41 फिल्मों को नॉमिनेट किया गया था. जिसमें दानाबीर मोबीन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्रदान किया गया. बेस्ट मूवी का अवार्ड निकिता व्यसोत्स्की और इल्या लेबेदेव की ओर से निर्देशित एक रूसी युद्ध फिल्म अगस्त (August) को मिला.