App

छठ की खुशियां मातम में बदलीं: भाई को बचाने गए बहन-बहनोई भी डूबे, सोनभद्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

सोनभद्र के कुलडोमरी में 14 साल का युवक नहा रहा था, अचानक वह गहरे पानी में डूबने लगा, उसे बचाने के लिए उसके जीजी और बहन भी कूद गए. तीनों डूब गए.

छठ की खुशियां मातम में बदलीं: भाई को बचाने गए बहन-बहनोई भी डूबे, सोनभद्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत
Image Credit: जी संवाददाता

सोनभद्र के कुलडोमरी में छठ पूजा के उत्साह के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. अनपरा थाना क्षेत्र के बिरनबहरा टोला स्थित बंधी में स्नान करने के दौरान तीन लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पहले 14 वर्षीय राजू गहरे पानी में डूबने लगा, उसे बचाने के लिए उसके बहनोई अनिल और बहन उर्मिला भी पानी में कूद पड़े, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों गहरे पानी में समा गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बाहर निकलवाए. एक साथ तीन मौतों से परिवार में कोहराम मचा है. वहीं, छठ पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं.

नहाते समय हुआ हादसा

दरअसल, यह दर्दनाक हादसा 15 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे हुआ. कुलडोमरी के बिरनबहरा टोला स्थित बंधी में राजू पुत्र रामप्रसाद उर्फ मंगा स्नान कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूबने लगा. राजू को डूबता देख उसके बहनोई अनिल पुत्र रामकरन और बहन उर्मिला उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े, लेकिन एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों की जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते छठ पूजा की खुशियों के बीच मातम पसर गया.

पत्नी के साथ ससुराल आया था अनिल

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों में 14 वर्षीय राजू, 20 वर्षीय अनिल और 18 वर्षीय उर्मिला शामिल हैं.  अनिल मूल रूप से शक्तिनगर थाना क्षेत्र की राजकिशन कॉलोनी के चिल्काटाड़ गांव का निवासी था और अपनी पत्नी उर्मिला के साथ अपने ससुराल कुलडोमरी आया हुआ था. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को बंधी से बाहर निकलवाया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पसरा मातम

सीओ पिपरी हर्ष पांडेय ने बताया कि स्नान के दौरान राजू के गहरे पानी में डूबने पर उसे बचाने के प्रयास में अनिल और उर्मिला भी पानी में डूब गए, जिससे तीनों की मौत हो गई. हालांकि, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया तीनों की मौत डूबने से होना सामने आया है. बहरहाल, एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है, जिस घर में छठ पर्व की खुशियां होनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और मातम पसरा हुआ है.

(सोनभद्र से अरविंद दुबे की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More