App

कौन है कराची में खौफ भरने वाली ल्यारी की 'लेडी धुरंधर', जिसे जेल के अंदर भी मिलता है सोफा, एसी और वीआईपी जैसा ठाट-बाट

Lady Dhurandhar of Lyari: आपने धुरंधर फिल्म में हमजा मजारी के कारनामे तो खूब देखे होंगे. लेकिन क्या आप कराची में खौफ भरने वाली ल्यारी की 'लेडी धुरंधर' की हैरान करने वाली कहानी जानते हैं. जिसके लिए जेल में सोफा लगता है. उसे एसी और वीआईपी ठाट-बाट मिलते हैं.

कौन है कराची में खौफ भरने वाली ल्यारी की 'लेडी धुरंधर', जिसे जेल के अंदर भी मिलता है सोफा, एसी और वीआईपी जैसा ठाट-बाट

Who is 'Lady Dhurandhar' of Lyari? हिंदुस्तान की एक फिल्म धुरंधर ने पूरी दुनिया में ऐसी धूम मचाई कि पाकिस्तानी आज भी इसके किरदारों से खार खाए बैठे हैं. पाकिस्तान में आज भी जब कोई अज्ञात हमलावर किसी आतंकी, किसी आईएसआई एजेंट को टारगेट करते हैं, तो पाकिस्तानी मीडिया में उसे धुरंधर की संज्ञा दी जाती है. अब पाकिस्तान के उसी ल्यारी से, जहां से रहमान डकैत और धुरंधर की कहानी शुरू होती है, कराची के उसी इलाके से एक ऐसी डॉन उभरी है, जिसे पाकिस्तान में लेडी धुरंधर कहा जा रहा है.

कराची का ल्यारी इलाका फिर सुर्खियों में

धुरंधर की वजह से कराची का ल्यारी इलाका भी फिर से सुर्खियों में आ गया. इस इलाके में हर तरह की कालाबाजारी, हथियारों का सौदा, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और गैंगवार आम बात है. जैसा कि फिल्म में भी आपने देखा होगा. अब ल्यारी में रहमान डकैत, हमजा या चौधरी असलम जैसे किरदार तो नहीं हैं, लेकिन पाकिस्तान की ये लेडी धुरंधर ल्यारी को नए सिरे से सुर्खियों में ले आई है.

ल्यारी की इस लेडी धुरंधर का रौब ऐसा है कि एक तो पुलिस इसके अड्डों तक जाती नहीं. एक बार पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई तो हाथों में हथकड़ी डालने की हिम्मत किसी पुलिस वाले में नहीं हुई. यहां तक कि एक केस में कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा, तो कराची के जेल प्रशासन ने उसे न्यायिक हिरासत में लेने से मना कर दिया.

आखिर कौन है ल्यारी की ये लेडी धुरंधर? ल्यारी से लेकर कराची और राजधानी इस्लामाबाद तक कैसे चलता है इसका एकछत्र राज? एक तरफ अवैध कारोबार, ड्रग्स से लेकर हथियारों की खरीद बिक्री और दूसरी तरफ पाकिस्तान की सत्ता में ऊपर तक पहुंच?

ल्यारी के कुख्यात गैंगस्टर रहमान डकैत की तरह अनमोल पिंकी भी बलोच है. उसका रौब ओ रुआब और पूरे कारोबार का ढांचा रहमान जैसा है और काम करने का अंदाज धुरंधर फिल्म के हमजा की तरह.

लेडी डॉन पिंकी बलोच का चल रहा राज

धुरंधर का हमजा ल्यारी पहुंचने से पहले सेना का बड़ा कमांडो बनना चाहता था, तो ल्यारी की पिंकी एक बहुत बडी फिल्म एक्ट्रेस बनने का ख्वाब लेकर लाहौर आई थी.

लेकिन हमजा और पिंकी की जिंदगी देखिए, दोनों को ल्यारी के अंडरवर्ल्ड में ले आई. जासूसी के लिए हमजा रहमान डकैत का राइट बन गया, तो पिंकी अपने पति के ड्रग्स कारोबार के साथ ल्यारी की लेडी डॉन बन गई.

सिर्फ 31 साल की उम्र की अनमोल पिंकी की ये कहानी हैरान कर देने वाली है. 21 की उम्र में कहां तो वो फिल्मों में काम करने के लिए ऑडिशंस दे रही थी. लेकिन 24 साल की उम्र में शादी और फिर ड्रग स्मगलिंग की क्वीन बन गई.

सपना फिल्मों की ‘रानी' बनने का, बन गई ‘कोकीन क्वीन’

कामरान फरीदी, अनमोल पिंकी के कारोबार के बारे में इसलिए करीब से जानते हैं, क्योंकि वो अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई के लिए काम कर चुके हैं. लेकिन दाऊद इब्राहिम के करीबी को पकड़ने से ठीक पहल कामरान पर अमेरिका के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगा, उन्हें सजा हुई. अब वो पाकिस्तान में बैठकर यूटूब चैनल्स के जरिए क्रिमिनल्स के मॉडस ऑपरेडी पर बात करते हैं.

कामरान के मुताबिक, जितने कम समय में एक औरत होकर अनमोल पिंकी ने ल्यारी के अंडरवर्ल्ड में अपना दबदबा कायम किया, ये बेहद चौंकाने वाला है.

अनमोल पिंकी के बारे में चौंकाने वाली बात ये भी है कि इस साल 22 मई से जेल में होने के बावजूद  ल्यारी में उसका काला कारोबार कमजोर नहीं हुआ है बल्कि ल्यारी में उसके गुर्गे और पूरा नेटवर्क पहले की तरह काम कर रहे हैं. पिंकी का खौफ इतना है कि सामान्य पुलिस ये जानकर भी कि फलाना ट्रक या कार पिंकी गैंग का है, उसे रोकने की हिम्मत नहीं करते. पिंकी का यही रुतबा जेल में भी है.

अनमोल पिंकी उर्फ लेडी धुरंधर का रौब आपको वायरल हुए एक वीडियो में भी दिख जाएगा. वो वीडियो 22 मई 2026 का है, जब ड्रग्स स्मगलिंग और मर्डर के एक मामले में पिंकी को गिरफ्तार किया गया था. उस वीडियो में गौर करें तो इतने संगीन जुर्म और आरोपों के बावजूद पिंकी की हाथ में हथकड़ी नहीं है. वो खुद से पुलिस वालों से आगे चल रही है.

कोई पुलिस वाला उसके हाथ हथकड़ी डालना तो दूर, उसके आस-पास भी फटकने से कतरा रहा है. तभी से वो कराची सेंट्रल जेल में बंद है. लेकिन पिछले 5 महीने से जेल में बंद पिंकी का रौब जेल में भी कम नहीं हुआ. पाकिस्तानी मीडिया कई बार ये खबर ब्रेक कर चुका है कि जेल में पिंकी को वीआईपी ट्रीटमेंट दी जा रही है. उसके कमरे में पलंग सोफे, टीवी और एसी तक लगा है. जबकि है वो बेहद संगीन अपराधी.

लेडी धुरंधर और जेल में VIP फैक्टर

पिंकी की गिरफ्तारी पुलिस और ISI के साझे ऑपरेशन के तहत हुई थी. पिंकी पर कोकीन की तस्करी, अवैध हथियार और एक हत्या के केस हैं. सितंबर 2026 में पिंकी और उसके साथी समीर पर कोर्ट ने आरोप तय कर दिए. पिंकी कुल 15 मामलों में से 3 में बरी की जा चुकी है, लेकिन बाकी ट्रायल जारी है.

पिंकी के वकीलों ने उसे हाई प्रोफाइल कैदी कहते हुए अतिरिक्त सुविधा की मांग है. पिंकी के कनेक्शन फिल्म इंडस्ट्री से लेकर सरकार और बड़े उद्योगपति तक हैं. मॉडलिंग और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में पिंकी का गैंग बड़ा ड्रग सप्लायर है.

अब सोचिए, ल्यारी से लेकर पाकिस्तान की हाई प्रोफाइल सोसायटी में जिस लेडी धुरंधर की इतनी गहरी पैठ हो, उस पर जेल में सख्ती कौन करेगा. आधिकारिक रूप से कोर्ट ने पिंकी को कोई भी अतिरिक्त सुविधा देने से मना कर दिया है. इसके बावजूद कराची की सेंट्रल जेल के वीआईपी सेल में बैठकर वो वहीं अपना पूरा नेटवर्क चला रही है. वो भी पूरी आरामतलबी की तमाम सुविधाओं के साथ.

पाकिस्तान का सिस्टम भी गजब है. एक तरफ 3 साल से पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री को जेल में बंद कर टॉर्चर किया जा रहा है. उन्हें मानसिक रूप से विक्षिप्त बनाया जा रहा है. दूसरी तरफ कराची के सेंट्रल जेल में अनमोल पिंकी जैसी लेडी डॉन को वीआईपी ट्रीटमेंट दी जा रही है. इतनी सुविधाएं कि जेल में बैठी पिंकी अपना पूरा ड्रग कार्टेल संभाल रही है. पिंकी के लिए ये वो दुनिया है, जिसका उसने ख्वाब तक नहीं देखा था, लेकिन अब इससे बाहर निकलने का रास्ता नहीं है उसके पास.

पिता मुराद बख्श चलाते थे टैक्सी

अनमोल ने अपना नाम पिंकी, मॉडलिंग और फिल्मी दुनिया के लिए रखा था. इसी नाम से वो ऑडिशंस दिया करती थी. लाहौर में उसके पिता मुराद बख्श कोलाची अपनी टैक्सी से छोड़ते थे. पिंकी के पिता मुराद बख्श कोलाची बलोच समुदाय से थे और टैक्सी ड्राइवर का काम करते थे. कई बार ऑडिशन में फेल होने के बाद, पिंकी की मुलाकात राणा नासिर से हुई और दो साल में शादी कर ली.

यहीं से उसकी जिंदगी ने फिल्मी करवट ली. अनमोल का पति राणा नासिर एक वकील था,  लेकिन उसके संबंध ड्रग्स के धंधे में भी थे. राणा उसे ड्रग्स के धंधे में खींचता चला गया. चमक-दमक और पैसे के लिए बचपन से तरसने वाली पिंकी को ये दुनिया दौलत से भरी दिखाई दिने लगी.

कुछ ही वर्षों में पिंकी ने अपने पति नासिर के क्लाइंट्स को अपनी तरफ मोड़ लिया. 2021 में पिंकी पर ड्रग्स का पहला केस हुआ और इसी के बाद राणा ने उसे तलाक दे दिया. राणा मलेशिया चला गया और पिंकी इधर कराची की मशहूर ड्रग डीलर बन गई.

ल्यारी में पिंकी का ड्रग नेटवर्क

पिंकी के ड्रग्स का जाल कराची, लाहौर, इस्लामाबाद से लेकर रावलपिंड़ी तक फैला हुआ है. नेता, अभिनेता, फौज, आतंकवादी से लेकर अपराधी तक उसके मुरीद है. 7 अप्रैल को कराची में एक अज्ञात शख्स की लाश मिली थी. लाश के पास एक पर्ची थी उस पर लिखा था- क्वीन मैडम पिंकी, नाम ही काफी है.

इसी हत्या के बाद पिंकी को ल्यारी की नई लेडी डॉन भी कहा जाने लगा. पाकिस्तानी मीडिया के लिए वो ल्यारी की नई बलोच धुरंधर बन गई. पाकिस्तान की लेडी धुरंधर की बात चली है, तो आपको असली ल्यारी के कुछ किस्से भी बता देते हैं, कैसे धुरंधर नाम की फिल्म आने के बाद ये जगह सुर्खियों में आई. कैसे पाकिस्तानी फिल्म को चोरी-चुपके देख देख देखकर ल्यारी और फिल्म के सीन्स पर तालियां बजाते थे. कई लोग कोसते भी सुने गए धुरंधर को, कि फिल्म ने पाकिस्तान की ये कैसी छवि दिखा दी. लेकिन जो सच है वो सच है.

रहमान डकैत के बाद भी गैंगवार खत्म नहीं

रहमान डकैत और उज्जैर के खात्मे की जो कहानी फिल्म धुरंधर में दिखाई गई है, उसे लेकर रियल जमील जमाली ने आपत्तियां जताई. लेकिन इन दोनों किरदारों के खौफ और धुरंधर से उनकी जंग से ये भी इनकार नहीं करते. अब आपको एसपी चौधरी असलम के एक शागिर्द के बारे में बताते हैं. जो फिल्म में सबसे पहले धुरंधर हमजा की हिंदुस्तानी पहचान उजागर करता है.

असलम का वो शागिर्द है ओमर शाहिद, जो फिल्म में दिखाई घटनाओं के इतने मुरीद है कि वो बॉलीवुड से रायल्टी लेने की मांग कर रहे हैं. अब उसी ल्यारी की लेडी डॉन पिंकी ड्रग्स के कारोबार की धुरंधर बन चुकी है. वो जेल में है तो क्या हुआ, उसका पूरा गैंग ठसक के साथ अब भी एक्टिव है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More