AI की रफ्तार, साइबर संसार में हाहाकार! क्या है ARTEX, जिसे लेकर फूले हाथ-पांव; FBI ने भी जारी कर दिया अलर्ट
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने ARTEX नाम के AI बेस्ड साइबर टूल को लेकर अलर्ट जारी किया है,जिसका इस्तेमाल हैकर्स दुनिया भर के संगठनों पर ऑटोमेटेड हमले करने के लिए कर रहे हैं.
फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने ARTEX को लेकर एक फ्लैश एडवाइजरी जारी की है. यह एक AI सिस्टम है, जिसका इस्तेमाल 'खतरनाक साइबर हमलावरों' ने अगस्त 2026 से कई संगठनों को निशाना बनाने के लिए किया है.
एफबीआई ने चेतावनी में कहा साइबर अपराधी और सरकारी संगठनों से जुड़े हैकर्स, ARTEX के जरिए दुनिया भर के बिजनेस और संगठनों पर ऑटोमेटेड हमले कर रहे हैं. ARTEX तीन घंटे से भी कम समय में घुसपैठ की प्रक्रिया को शुरुआती टारगेट से लेकर स्पेशल एक्सेस तक पहुंचा सकता है. इसका इस्तेमाल अक्टूबर में हुए कनेक्टवाइज सप्लाई चेन ब्रीच में किया गया था.
एक एडवाइजरी पिछले शुक्रवार को भी जारी की गई थी. ठीक उसी वक्त जब कई बड़ी तकनीकी रुकावटों ने लाखों अमेरिकियों को प्रभावित करना शुरू कर दिया था. ये दिक्कतें गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट 365 में आई एक बड़ी समस्या के साथ शुरू हुईं, और शुक्रवार तक जारी रहीं. शुक्रवार को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की सेवाओं में देशव्यापी दिक्कतें आईं, जिसके कारण विमानों की उड़ानें घंटों तक ठप रहीं. ऐसी घटना बहुत कम ही देखने को मिलती है. यह सिलसिला इस हफ्ते भी जारी रहा, और सोमवार को अमेरिका के अहम बैंकों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा.
इसके अलावा, सोमवार को ही हैकर्स ने वेबसाइट-ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म 'ऑप्टिमाइजली' की एक कमजोरी का फायदा उठाया. उन्होंने CNN, जूम और इक्विफैक्स सहित कम से कम 178 संगठनों से जुड़ी वेबसाइटों में खतरनाक कोड डाल दिया.
यूजर्स ने जीमेल, एप्पल पे और मैरियट जैसी सर्विसेज में भी समस्याओं की सूचना दी. वहीं, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) ने पुष्टि की कि मंगलवार को रेग्युलर मेंटेनेंस के दौरान उनके कुछ आंतरिक सिस्टम में रुकावट आई थी.
हालांकि, कई घटनाओं का कारण तकनीकी खराबी को माना गया है, लेकिन अन्य मामलों की पूरी स्थिति अभी भी साफ नहीं है.ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जो इन रुकावटों को ARTEX से जोड़ता हो.
ARTEX क्या है?
FBI के अनुसार, 'ARTEX एक ओपन-सोर्स, लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) पर आधारित प्लेटफॉर्म है. हमलावरों ने इसे एक हथियार की तरह इस्तेमाल किया है, जिससे वे साइबर हमलों के कई चरणों को मशीन की रफ्तार से ऑटोमेट कर सकते हैं. इसमें जानकारी जुटाने से लेकर डेटा चुराने तक के काम शामिल हैं.'
एडवाइजरी के मुताबिक, हैकर्स ने इस सिस्टम का इस्तेमाल कई क्षेत्रों के संगठनों को निशाना बनाने के लिए किया है. इनमें फाइनेंशियल सर्विसेज, सरकार, तकनीक, डिफेंस, सेमीकंडक्टर, एनर्जी, हेल्थ सर्विसेज, मैन्युफैक्चरिंग, टेलीकम्युनिकेशन और कानूनी उद्योग शामिल हैं.
एडवाइजरी में बताया गया कि ARTEX हमला करने के विभिन्न तरीकों को एक साथ जोड़ने में लगने वाले समय को कम कर देता है. कुछ मामलों में तो हमलावर तीन घंटे से भी कम समय में शुरुआती टारगेट बनाने से लेकर सिस्टम तक विशेष पहुंच हासिल करने में कामयाब रहे.
एडवाइजरी में कहा गया है, 'यह फ्रेमवर्क बहुत कम तकनीकी जानकारी रखने वाले हमलावरों को भी एक साथ कई मुश्किल और मल्टी-टारगेट ऑपरेशन चलाने के काबिल बनाता है. इससे हमलों की रफ्तार काफी बढ़ जाती है और उनके काम का दायरा भी बड़ा हो जाता है.'
इसका इस्तेमाल दक्षिण कोरिया के फाइनेंशियल इंस्टिट्यूशन्स को निशाना बनाने के लिए किया गया है, जिससे लगभग 67,000 लोगों की निजी जानकारी चोरी हो गई. साथ ही, इसने 'कनेक्टवाइज क्लाउड बैकअप' की सप्लाई चेन को भी प्रभावित किया, जिससे 2,250 से ज्यादा डाउनस्ट्रीम टेनेंट्स तक हमलावरों की पहुंच बन गई.