App

कैरोलिना के बाद अब एक और अफसर पर ट्रंप की टेढ़ी नजर, ग्रीस में US राजदूत को पद से हटाने की तैयारी!

डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ कैरोलिना विवाद के बाद अब ग्रीस में अमेरिकी राजदूत किम्बरली गिलफॉयल पर शिकंजा कसा है. विवादों और आरोपों के चलते उनसे इस्तीफा मांगा गया है.

कैरोलिना के बाद अब एक और अफसर पर ट्रंप की टेढ़ी नजर, ग्रीस में US राजदूत को पद से हटाने की तैयारी!
Image Credit: ट्रंप प्रशासन में एक और बड़ी कार्रवाई! कैरोलिना के बाद अब ग्रीस में अमेरिका की पहली महिला राजदूत किम्बरली गिलफॉयल की छुट्टी तय मानी जा रही है. जानिए क्या है पूरा विवाद.

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नजर एक और महिला अधिकारी पर टेढ़ी हो गई है. सोमवार (12 अक्टूबर) को  ट्रंप ने इस बात के संकेत दिये कि वह ग्रीस में अमेरिका की राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल को पद से हटाने पर विचार कर रहे हैं. गिलफॉयल 2025 से इस पद पर हैं. उनके कामकाज को लेकर कथित गड़बड़ियों के आरोप सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है. न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, जब ट्रंप से गिलफॉयल को हटाने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हम इस पर विचार कर रहे हैं.' उन्होंने यह भी कहा, 'हम खुश नहीं हैं.'

किम्बर्ली गिलफॉयल पहले फॉक्स न्यूज में संवाददाता रह चुकी हैं. वह डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पूर्व मंगेतर भी हैं. ट्रंप के बयान पर गिलफॉयल ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. NBC न्यूज के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के इंस्पेक्टर जनरल का कार्यालय गिलफॉयल और ग्रीस स्थित अमेरिकी दूतावास से जुड़े मामले की जांच कर रहा है. दो लोगों ने इस जांच की जानकारी दी है.

ग्रीस के कारोबारियों ने क्यों उठाया था महंगी यात्राओं का खर्च?

यह जांच वॉल स्ट्रीट जर्नल की उन रिपोर्टों के बाद शुरू हुई, जिनमें गिलफॉयल पर अपने राजदूत कार्यकाल के दौरान अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए गए थे. रिपोर्ट में दावा किया गया कि उन्होंने ग्रीस के बड़े कारोबारी लोगों से अपने संबंधों का जिक्र किया था. आरोप है कि उन्होंने यह भी कहा था कि इन लोगों ने उनकी महंगी यात्राओं का खर्च उठाया. अखबार ने अपनी रिपोर्ट में उन लोगों के हवाले से यह दावा किया, जिन्होंने कथित बातचीत सुनी थी. रिपोर्ट के साथ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया गया. हालांकि, NBC न्यूज ने इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.

क्या डोनर से मांगे थे 1 लाख डॉलर?

पिछले सप्ताह ट्रंप के एक समर्थक एरिक डेटर्स ने सार्वजनिक रूप से इस बात का दावा किया था कि गिलफॉयल ने 2025 में सीनेट की मंजूरी से जुड़ी सुनवाई से कुछ समय पहले उनसे 1 लाख डॉलर का भुगतान करने को कहा था. डेटर्स के मुताबिक, यह रकम उनके अमेरिकन एक्सप्रेस बिल के बकाया भुगतान के लिए मांगी गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बदले गिलफॉयल ने ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से उनकी मुलाकात कराने की बात कही थी. न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, गिलफॉयल के कानूनी प्रतिनिधियों ने पहले कहा था कि डेटर्स पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाषण देने के बदले मिलने वाली फीस का भुगतान बकाया है. डेटर्स ने इस दावे को चुनौती दी है.

दो बार शादी कर चुकी हैं गिलफॉयल

किम्बर्ली गिलफॉयल की निजी जिंदगी भी चर्चा में है. उनकी अब तक दो शादियां हुई हैं. उनकी पहली शादी कैलिफोर्निया के पूर्व गवर्नर गैविन न्यूसम से हुई थी. इसके बाद उन्होंने कारोबारी एरिक विलेंसी से शादी की. गिलफॉयल और विलेंसी का एक बेटा है. उसका जन्म 4 अक्टूबर 2006 को हुआ था और उसका नाम रोनन एंथनी विलेंसी रखा गया.

डोनाल्ड ट्रंप जूनियर से भी टूटा रिश्ता

गिलफॉयल ने 2018 में डोनाल्ड ट्रंप जूनियर को डेट करना शुरू किया था. बाद में दोनों की सगाई भी हुई. हालांकि, करीब छह साल तक रिश्ते में रहने के बाद 2024 के आखिर में दोनों अलग हो गए. ग्रीस में अमेरिकी राजदूत का पद संभालने पहुंचीं गिलफॉयल को लेकर यह भी खबर आई थी कि उन्होंने ग्रीस के राष्ट्रपति कॉन्स्टेंटिनोस तासौलास से मजाक में कहा था कि वह नए जीवनसाथी की तलाश कर रही हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More