नोबेल नहीं मिलने पर चिढ़े ट्रंप: नॉर्वे को सुनाई खरी-खरी, कहा- मैं इस पुरस्कार का हकदार था...
Trump Calls Nobel Peace Pick Disgraceful: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल पीस प्राइज न मिलने पर चिढ़े हुए हैं. इसके लिए उन्होंने नॉर्वे पर सवाल उठा दिए. उन्होंने कहा कि इससे नॉर्वे पर अमिट धब्बा लग गया है.
Nobel Peace Prize Winner: भारतीय मूल की दक्षिण अफ्रीकी जज नवनेथम नावी पिल्लै को साल 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार मिला है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसपर भी आपत्ति जताई है. उन्होंने इस पुरस्कार के चुनाव को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे नॉर्वे पर कभी न मिटने वाला दाग लग गया है. ट्रंप का कहना है कि वह इस पुरस्कार के हकदार थे.
साउथ अफ्रीका की ह्यूमन राइट चैंपियन नवी पिल्लै को वॉर क्राइम और मानवता के खिलाफ अपराधों के विरोध में उनके कामों के लिए शुक्रवार ( 9 अक्टूबर 2026) को नोबेल पीस प्राइज मिला, लेकिन ट्रंप ने इसके लिए नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी पर गुस्सा जाहिर करते हुए इस फैसले को अपमानजनक और शर्मनाक बताया.
नोबेल न मिलने पर चढ़ा ट्रंप?
ट्रंप ने न्यूयॉर्क के सिरैक्यूज में अपने समर्थकों की एक रैली में कहा कि उन्होंने पिल्लै के बारे में कभी नहीं सुना. ट्रंप ने कहा,' मैंने इस व्यक्ति के बारे में कभी नहीं सुना, लेकिन फिर भी बधाई हो.' ट्रंप ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति के तौर पर अमेरिका का प्रतिनिधित्व किया. उन्हें इसके लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए था, लेकिन नहीं मिला. ऐसे में पिल्लै को विजेता के रूप में चुने जाने से नॉर्वे पर कभी न मिटने वाला धब्बा लग गया. ट्रंप साल 2025 में व्हाइट हाउस लौटने के बाद से ही लगातार नोबेल शांति पुरस्कार जीतने की इच्छा जाहिर करते रहते हैं.
ट्रंप को क्यों नहीं मिला नोबेल?
नवनेथम नावी पिल्लै को नोबेल पुरस्कार का विजेता घोषित किए जाने से पहले ही ओस्लो में बोलने वाले एक्सपर्ट्स का मानना था कि ट्रंप का ईरान के खिलाफ उनका युद्ध, ग्रीनलैंड जैसी उनकी क्षेत्रीय विस्तार की महत्वाकांक्षाएं, प्रवासियों पर उनका कठोर रुख और बहुपक्षवाद और मीडिया पर उनके हमले उन्हें इस पुरस्कार के लिए अयोग्य ठहराते हैं. वहीं, पुरस्कार में एक गोल्ड मेडल, एक डिप्लोमा और 12 लाख डॉलर की प्राइज मनी शामिल है. ट्रंप ने कहा,' नोबेल शांति पुरस्कार को मुट्ठी भर कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों ने हमेशा के लिए बदनाम कर दिया है, जो लोकतंत्र विरोधी हैं और वास्तव में सिविलाइजेशन के दुश्मन हैं.'
'ट्रंप के साथ नोबेल शेयर करूंगी...'
नोबेल जीतने वाली पिल्लै ने ट्रंप के साथ अपना पुरस्कार शेयर करने का मजाक भी किया था. उन्होंने ताली बजाते हुए दर्शकों से कहा,' अगर आप थोड़ी और ताली बजाएंगे, तो हो सकता है मैं यह पुरस्कार ट्रंप के साथ शेयर करूं.' पिल्लै का यह कटाक्ष वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो से जुड़ा लगता है, जिन्होंने पिछले साल नोबेल पुरस्कार जीतने के बाद अपना गोल्ड मेडल ट्रंप को दे दिया था.