)
बढ़ती महंगाई से इस वक्त पूरा यूरोप परेशान है और लोग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में दक्षिण-पश्चिमी यूरोपीय देश पुर्तगाल में भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. यहां लोग सस्ते आवास, महंगाई पर लगाम और वेतन में बढ़ोतरी के खिलाफ सरकार के खिलाफ जंग छेड़ दी है. शनिवार (21 नवंबर) को राजधानी लिस्बन में हजारों की संख्या में लोगों ने मार्च निकाला. मार्च के दौरान हुई घनघोर बारिश भी लोगों के गुस्से को शांत नहीं कर सकी. बता दें कि इस मार्च को पुर्तगाल के सबसे बड़े यूनियन ने आयोजित किया था. मार्च में शामिल लोगों ने सस्ते किराये पर घर उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि मकानों का किराया लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उनके वेतन में उस हिसाब की बढ़ोतरी नहीं हो रही है. घरों का किराया महंगा होने से लोगों के सामने आवास संकट खड़ा हो गया है. छात्रों और युवाओं को इससे सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
सड़कों पर जनता का संग्राम!
इससे पहले पिछले सप्ताह भी देश में महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला था. उस वक्त पूरे देश में लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया था. लोगों ने किराए में हो रही भारी बढ़ोतरी का विरोध करते हुए बिगड़ते आवास संकट से निपटने के लिए सरकार से तुरंत कदम उठाने की मांग की थी.
इन प्रदर्शनों को 'कासा पारा विविर' नामक संगठन ने आयोजित किया था. इसका मतलब है कि रहने के लिए एक घर दीजिए. प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कहा कि वे हमसे घर का अधिकार नहीं छीन सकते. इस राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के एक हफ्ते बाद एक बार फिर से भारी संख्या में लोगों ने राजधानी में विरोध-प्रदर्शन किया.
मकानों के बढ़ते किराये से परेशान हैं लोग
शनिवार को हुए प्रदर्शन में युवाओं के अलावा बड़ी संख्या में बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने किराए में होने वाली बढ़ोतरी पर सीमा तय करने और किरायेदारों को घर से निकाले जाने के खिलाफ बेहतर कानून बनाने की मांग की. उन्होंने कहा कि किराये से जुड़े कानूनों में प्रस्तावित बदलावों को वापस लिया जाए. प्रदर्शन में शामिल हुई एक महिला ने मीडिया को बताया कि वह एक बिजनेस चलाती हैं, लेकिन उनकी कमाई इतनी नहीं है कि वह एक घर खरीदने का खर्च उठा सकें.
उसने कहा कि मैं बैंक जाकर अपने पैसों से घर नहीं खरीद सकती, इसलिए किराये के मकान में रहती हूं. पिछले कुछ वर्षों में मकान का किराया काफी बढ़ गया है. उनकी इतनी कमाई नहीं है कि वह और अधिक किराया दे सकें. इस वजह से अब उसके सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है. महिला प्रदर्शनकारी ने आगे कहा कि यह सिर्फ अकेले उसकी समस्या नहीं है, बल्कि देश की बड़ी आबादी इससे प्रभावित हो रखी है.