हजारों फीट की ऊंचाई पर अचानक फट गया विमान का फ्यूल टैंक! हादसे में 6 लोगों की मौत, एक घायल
हजारों फीट की ऊंचाई पर विमान क्रैश होने से बड़ा हादसा हो गया है. इस हादसे के पीछे फ्यूल टैंक फटने की आशंका जताई जा रही है. इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. घटना की पूरी जानकारी और लाइव अपडेट्स पढ़ें.
रूस के अमूर क्षेत्र में सेना का एक फाइटर जेट Tu-154 अचानक क्रैश हो गया. हजारों फीट की ऊंचाई पर हुए इस हादसे में विमान में सवार 7 लोगों में से 6 की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है. यह जानकारी UNN ने Baza Telegram चैनल के हवाले से दी है.
प्लेन क्रैश की ये दुर्घटना रूस के अमूर क्षेत्र के क्रास्नोयारोवो गांव के पास हुई. इस विमान हादसे की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और फाइटर जेट में लगी आग को बुझाने का काम शुरू किया. वहीं राहत एवं बचाव टीम ने हादसे में घायल एकमात्र शख्स को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त Tu-154 विमान 'उक्राइंका' एयर ग्रुप का था. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है.
ईंधन में विस्फोट की आशंका
Baza की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक यह फाइटर जेट फ्यूल टैंक में आग लगने की वजह से ये जेट क्रैश हुआ. हालांकि, इस जेट के क्रैश होने की असली वजह इस पूरे हादसे की जांच होने के बाद ही सामने आएगी.
कैसा होता है Tu-154 फाइटर जेट?
Tu-154 सोवियत-एरा का तीन इंजन वाला जेट एयरलाइनर है जो 1970 के दशक का है. नागरिक विमानन कंपनियों द्वारा इसे सेवा से हटाने के काफी समय बाद भी, रूस की सेना अभी भी इसका इस्तेमाल ट्रांसपोर्ट और सरकारी उड़ानों के लिए करती है.
अब बंद हो चुका था इस फाइटर जेट का उपयोग?
अब Tu-154 का व्यावसायिक इस्तेमाल लगभग बंद हो चुका है. हालांकि, इसके कुछ विमान अभी भी सरकारी और सैन्य कामों में इस्तेमाल किए जाते हैं. रूस का रक्षा मंत्रालय और दूसरी सरकारी एजेंसियां इसके अलग-अलग मॉडल का इस्तेमाल अपने कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए करती हैं. कुछ विमानों में बदलाव करके उन्हें खास मिशन के लिए भी तैयार किया गया है. रूसी सेना की 223वीं फ्लाइट स्क्वाड्रन भी परिवहन के लिए Tu-154 का इस्तेमाल करती रही है.
हादसों से भी जुड़ा रहा इतिहास
Tu-154 का इतिहास कई बड़े हादसों से भी जुड़ा रहा है. दिसंबर 2016 में रूस के रक्षा मंत्रालय का एक Tu-154 सोची से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद काला सागर में गिर गया था. इस हादसे में विमान में सवार सभी 92 लोगों की मौत हो गई थी. इसी विमान में रूसी सैन्यकर्मी, पत्रकार और अलेक्जेंड्रोव एन्सेंबल के सदस्य सवार थे. ये सभी सीरिया जा रहे थे.