8800 फीट की ऊंचाई में उड़ रहा था विमान, पलक झपकते ही समंदर में गिरा; 2 मासूमों समेत 6 की खौफनाक मौत
अमेरिका के मिसिसिपी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां 8800 फीट की ऊंचाई में उड़ रहा एक विमान समंदर जा गिरा. इस हादसे में 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा हॉर्न आइलैंड में हुआ.
America Plane Crash: अमेरिका के मिसिसिपी में बीते मंगलवार ( 25 नवंबर 2026) की दोपहर एक विमान समुद्र में गिर गया. इस घटना में 2 बच्चों समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत हुई.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइट अवेयर' के मुताबिक, सेसना 210 नाम का विमान न्यू ऑर्लियंस से फ्लोरिडा जा रहा था. इस दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल का उससे करीब 15:45 (21:45 GMT) पर संपर्क टूट गया और यह पास्कागूला और हॉर्न आइलैंड के बीच गल्फ ऑफ मैक्सिको में गिर गया. विमान लगभग 8800 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. यह अचनाक 322 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से नीचे गिरा और समुद्र में डूब गया.
विमान में मौजूद 6 लोगों की मौत
'BBC' की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना को लेकर कोस्ट गार्ड के स्पोक्सपर्सन जुआन रोस ने बताया कि डाइवर्स को प्लेन के अंदर से 4 एडल्ट्स और 8-10 साल के 2 लड़कों की बॉडी मिली. उन्होंने कहा कि रेसक्यू टीम ने ग्रुप को खोजने में घंटों लगाए. शुरू में उन्हें केवल 3 लाइफ जैकेट, 1 लाइफ राफ्ट और पानी पर तैरता हुआ प्लेन का केबिन मिला. कोस्ट गार्ड रेस्क्यू मिशन कोऑर्डिनेटर कमांडर ट्रेवर ब्लाउंट ने कहा,' हालांकि यह वह नतीजा नहीं है, जिसकी हममें से किसी ने उम्मीद की थी, लेकिन हम मजबूत इंटर एजेंसी कोऑर्डिनेशन के लिए शुक्रगुजार हैं, जिससे हम एयरक्राफ्ट में सवार लोगों को जल्दी से ढूंढ पाए और उनके परिवारों को दिलासा दे पाए.'
खतरनाक आइलैंड पर हुआ हादसा
बता दें कि यह हादसा हॉर्न आइलैंड पर हुआ, जो मिसिसिपी के बिलॉक्सी शहर से लगभग 11 किलोमीटर दूर है. इस जगह पर कोई नहीं रहता है और यहां पहुंचने के लिए पर्सनल नाव की जरूरत होती है. पास्कागौला, बिलॉक्सी और ओशन स्प्रिंग्स से नाव की मदद से ही यहां पहुंचा जा सकता है. इसके लिए कम से कम आधे घंटे का समय लगता है.
हॉर्न आइलैंड मिसिसिपी से फ्लोरिडा तक 257 किलोमीटर तक फैला एक नेशनल पार्क है. इस इलाके में कुल 12 द्वीप शामिल हैं. गर्मियों में यहां बड़ी संख्या में लोग मिसिसिपी घूमने जाते हैं.
1972 मॉडल का था विमान
दुर्घटनाग्रस्त विमान 1972 मॉडल का 6 सीटों वाला सेसना 210L (टेल नंबर N29002) बताया जा रहा है. विमान लोकल समय के हिसाब से दोपहर लगभग 2 बजे न्यू ऑरलियन्स लेकफ्रंट एयरपोर्ट से रवाना हुआ था. उड़ान भरने के लगभग 1 घंटे 45 मिनट बाद इसके दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली. US फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के पास मौजूद एयरक्राफ्ट रजिस्ट्रेशन के अनुसार, यह सेसना विमान फ्लोरिडा के केप कोरल स्थित 'EAB सर्विसेज' के नाम पर रजिस्टर्ड है.