पाकिस्तान के फिर टूटने की आहट: कराची की सड़कों पर उतरी हजारों की भीड़, गूंजे आजादी के नारे; सिंधुदेश की मांग से बढ़ी मुनीर की टेंशन
पाकिस्तान की ओर से नए प्रांत बनाने की प्रस्तावित योजना ने सिंध में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है. यहां हजारों लोग प्रांत के किसी भी तरह के बंटवारे का विरोध कर रहे हैं. एक ओर PPP ने हिंसा की चेतावनी दी है, तो वहीं दूसरी ओर राष्ट्रवादी समूहों ने 'सिंधुदेश' की बहस को फिर से छेड़ दिया है.
Pakistan Sindhudesh Demand: पाकिस्तान में कई छोटे प्रांतों को बांटने के प्रस्तावों का विरोध चल रहा है. मंगलवार (24 नवंबर 2026) को इसके खिलाफ हजारों सिंधी राष्ट्रवादियों ने कराची की सड़कों पर मार्च निकाला. उनका आरोप है कि फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व वाला मिलिट्री रूल सिंध के राजनीतिक प्रभाव और उसके संसाधनों पर वहां के लोगों का नियंत्रण कमजोर करने की कोशिश कर रहा है. इस बीच कुछ अलगाववादी नेताओं ने फिर से एक स्वतंत्र सिंधुदेश की मांग को उठाया है.
यह विवाद पाकिस्तान के 4 प्रांतों को बढ़ाकर 13-15 एडमिनिस्ट्रेटिव यूनिट्स में बांटने की चर्चाओं के बाद शुरू हुआ है. कराची को सिंध से अलग करने की संभावना ने इस विरोध को और तेज कर दिया है. पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी चेतावनी दी है कि इस तरह के बंटवारे से देश में खून-खराबा हो सकता है. वहीं, विरोधी गुटों ने इस फैसले के खिलाफ 29 नवंबर 2026 को प्रदर्शनों की योजना बनाई है.
मुनीर पर देश तोड़ने का आरोप
पाकिस्तान के मौजूदा इलाकों से नए प्रांत बनाने के प्रस्ताव का विरोध करने के लिए कराची समेत पूरे सिंध में हजारों सिंधी राष्ट्रवादी सड़कों पर उतर आए हैं. पारंपरिक 'अजरक' के स्कार्फ और टोपियां पहने प्रदर्शनकारियों ने फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व वाले पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान पर उनकी मातृभूमि को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया.
सिंधी राष्ट्रवादी संगठन 'जेय सिंध मुत्तहिदा महाज' (JSMM) ने पाकिस्तान के सबसे अधिक आबादी वाले और राजनीतिक रूप से शक्तिशाली प्रांत पंजाब की आर्थिक नाकेबंदी करने की धमकी दी है. प्रदर्शनकारियों ने 'सिंधुदेश' के समर्थन में नारे लगाए और जोर देकर कहा कि सिंध की क्षेत्रीय अखंडता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता.
सिंध को बांटने की साजिश
मुनीर के करीबी सहयोगी और गृह मंत्री मोहसिन नकवी की ओर से नए प्रांत बनाने का विचार सामने रखने के बाद यह आंदोलन और तेज हो गया है. राष्ट्रवादी नेताओं ने पंजाब के दबदबे वाले प्रतिष्ठान पर सिंध को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाया है. इसके लिए विरोधी समूहों की ओर से आगे और प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई है.
कराची में एक साथ इतनी सारी रैलियों के बीच सड़कों पर टकराव होने के खतरे को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं.
पाकिस्तान को छोटे प्रांत में बांटने को लेकर क्यों हो रहा विरोध?
कई सिंधियों के लिए पाकिस्तान में कई छोटे प्रांतों को बांटने का प्रस्ताव वहां के संवेदनशील मुद्दे को छेड़ना है यानी उनके मुताबिक इस तरह के फैसले का मकसद कराची पर कंट्रोल पाना है. सिंध की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी MQM-P चाहती है कि कराची की अपनी अलग प्रांतीय सरकार हो. इसको लेकर MQM-P के नेता और स्वास्थ्य मंत्री मुस्तफा कमाल ने कहा कि कराची की अपनी एक प्रांतीय सरकार होनी चाहिए. कराची प्रांत की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है और सिंध राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में 27 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान देता है.
पाकिस्तान में प्रांतों को क्यों बांटा जा रहा?
बता दें कि जुलाई 2026 में पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर के करीबी और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस्लामाबाद में एक इवेंट के दौरान कहा था कि देश में शासन-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पाकिस्तान को नए एडमिनिस्ट्रेशन यूनिट्स की जरूरत है. उन्होंने तर्क दिया था कि लगभग 250 मिलियन की आबादी के लिए 4 प्रांत बेहद बड़े हैं और जिलों को सत्ता सौंपना कारगर नहीं है. वहीं, सितंबर 2026 में योजना मंत्री अहसान इकबाल ने भी कहा था कि पाकिस्तान को 12-15 नए प्रांतों की जरूरत है.18 नवंबर 2026 को उन्होंने बताया कि पाकिस्तान को 14 प्रांतों में बांटने की चर्चा चल रही है, जिसमें पंजाब और सिंध में 4-4 प्रांत, खैबर पख्तूनख्वा में 3 और बलूचिस्तान में 3 प्रांत होंगे. इसके अलावा उन्होंने नवंबर 2026 की शुरुआत में सिंध को 2 हिस्सों में बांटने का प्रस्ताव रखा था.