SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ब्लॉग- प्यार के जाल में टेक्नोलॉजी का खेल: जेनसन हुआंग प्रकरण ने क्यों बढ़ाई दुनिया की चिंता?

जेनसन हुआंग प्रकरण ने एक बार फिर दुनिया को उस पुराने जासूसी हथियार की याद दिलाई है जिसे हनीट्रैप कहते हैं. फर्क इतना है कि अब निशाने पर सिर्फ सैन्य अधिकारी या राजनेता नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी कंपनियों के बड़े कारोबारी भी हैं.

Written By Amit Singh
Published: Nov 13, 2026, 17:27 IST | Updated: Nov 13, 2026, 17:35 IST
Image Credit: ZEE Creatives.
Join

दुनिया की सबसे ताकतवर एआई कंपनी एनवीडिया के प्रमुख रहे जेनसन हुआंग इन दिनों अपने निजी रिश्तों को लेकर चर्चा में हैं.

पहले एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों की खबर आई. फिर कंपनी की एक वरिष्ठ अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ रिश्ते की बात सामने आई. इसके बाद समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ भी उनके संबंधों की रिपोर्ट दी है.

हुआंग ने विवाहेतर संबंध की बात स्वीकार करते हुए अपनी पत्नी और परिवार से माफी मांगी. इन विवादों के बीच उन्होंने एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया.

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे गंभीर पहलू एलिस हुआंग का नाम है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि उनके चीन की खुफिया व्यवस्था से संबंध हो सकते हैं.

एनवीडिया के बोर्ड ने भी यह जांच शुरू की कि कहीं हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने थे.

अब तक कंपनी का कहना है कि उसके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय रहस्यों से समझौता हुआ है.

अभी सवाल यह है कि एक कारोबारी का निजी रिश्ता अमेरिका और चीन के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा कैसे बन गया?

चीन को क्या चाहिए?

आज दुनिया में एआई की दौड़ केवल बेहतर सॉफ्टवेयर बनाने की प्रतिस्पर्धा नहीं है. इसके लिए बेहद शक्तिशाली कंप्यूटिंग चिप की जरूरत होती है. एनवीडिया इसी बाजार की सबसे बड़ी ताकत है.

अमेरिका की कोशिश रही है कि चीन को अत्याधुनिक एआई चिप और उनसे जुड़ी तकनीक तक सीमित पहुंच मिले. इसके पीछे उसकी दलील है कि ऐसी तकनीक का इस्तेमाल चीन अपनी सैन्य क्षमता और रणनीतिक ताकत बढ़ाने में कर सकता है.

इसी पृष्ठभूमि में एलिस हुआंग का मामला महत्वपूर्ण हो जाता है. रिपोर्टों के अनुसार, वह सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं. यह कंपनी एनवीडिया के चिप खरीदने और क्लाउड कंप्यूटिंग कारोबार से जुड़ी रही है.

अमेरिकी अधिकारियों को संदेह रहा है कि इस कारोबारी नेटवर्क के जरिए प्रतिबंधित चिप चीन तक पहुंचाए जा सकते हैं.

यहां जासूसी का एक नया आयाम दिखाई देता है. अब किसी देश को दूसरे देश की तकनीक हासिल करने के लिए सिर्फ फैक्ट्री या लैब में सेंध लगाने की जरूरत नहीं है.

वह उस कारोबारी नेटवर्क, सप्लाई चेन और निर्णय लेने वाले लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश भी कर सकता है जिनके हाथ में तकनीक की चाबी है.

हनीट्रैप की चर्चा क्यों?

हनीट्रैप सुनने में किसी फिल्म की कहानी जैसा लगता है लेकिन खुफिया एजेंसियों के लिए यह दशकों पुरानी रणनीति है. इसमें किसी व्यक्ति को प्रेम, आकर्षण या शारीरिक संबंधों के जरिए अपने प्रभाव में लिया जाता है. इसके बाद उससे गोपनीय जानकारी हासिल की जाती है या उसे ब्लैकमेल करके अपने मुताबिक काम कराया जाता है.

प्रथम विश्व युद्ध में माताहारी का नाम इसी संदर्भ में सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. हालांकि, उसके जासूस होने के प्रमाण आज भी विवादित हैं. शीत युद्ध के दौर में पूर्वी जर्मनी की खुफिया एजेंसी स्टाटसी ने महिला अधिकारियों के बजाय पुरुष एजेंटों का भी इस्तेमाल किया.

इन एजेंटों को 'रोमियो स्पाई' कहा गया. उनका काम पश्चिम जर्मनी की अकेली और प्रभावशाली महिलाओं से संबंध बनाकर सरकारी सूचनाएं जुटाना था.

यानी हनीट्रैप में महिला या पुरुष होना महत्वपूर्ण नहीं है. सामने वाले व्यक्ति की भावनात्मक जरूरत, भरोसा और उसके पास मौजूद जानकारी महत्वपूर्ण है.

दिलचस्प बात यह है कि हर जासूसी ऑपरेशन हनीट्रैप के जरिए नहीं होता. सेंटर फॉर स्ट्रैटजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के अनुसार, 2000 से 2024 के बीच अमेरिका के खिलाफ चीन की जासूसी के 224 मामलों में केवल तीन में सेक्स का इस्तेमाल हुआ.

यह आंकड़ा बताता है कि हनीट्रैप भले ही सुर्खियां बटोरता हो लेकिन जासूसी की असली दुनिया इससे कहीं ज्यादा व्यापक और जटिल है.

भारत के लिए यह कहानी दूर की नहीं

भारत में भी इस तरह की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती रही हैं. खासकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों पर सोशल मीडिया के जरिए भारतीय सैन्य अधिकारियों और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं.

2022 में भारतीय सेना के जवान शांतिमय राणा को कथित तौर पर पाकिस्तानी एजेंटों के हनीट्रैप में फंसने के बाद गिरफ्तार किया गया था.

2023 में डीआरडीओ के वैज्ञानिक प्रदीप कुरुलकर को भी एक कथित पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में रहकर संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. उनका मुकदमा जुलाई 2026 में शुरू हुआ.

इन मामलों में अंतिम न्यायिक निष्कर्ष का इंतजार करना चाहिए, लेकिन इनका तरीका एक बड़ी चिंता जरूर पैदा करता है. जासूसी का जाल अब किसी सैन्य अड्डे के बाहर नहीं, मोबाइल फोन की स्क्रीन पर भी बिछाया जा सकता है.

डिजिटल दुनिया ने हनीट्रैप को पहले से कहीं आसान बना दिया है. पहले किसी व्यक्ति के करीब पहुंचने के लिए लंबा समय, पहचान और आमने-सामने मुलाकात की जरूरत होती थी.

अब एक फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, कुछ आकर्षक तस्वीरें और लगातार होने वाली बातचीत से किसी को भरोसे में लिया जा सकता है.

एआई ने बढ़ाई पेचीदगी

एआई ने इस खतरे को और बढ़ा दिया है. किसी की आवाज की नकल करना, फर्जी वीडियो बनाना और किसी वास्तविक व्यक्ति जैसी डिजिटल पहचान तैयार करना अब मुश्किल नहीं रहा.

ऐसे में सामने वाला व्यक्ति असली है या किसी सुनियोजित अभियान का हिस्सा, इसका पता लगाना भी चुनौती बनता जा रहा है.

जेनसन हुआंग का मामला अभी कई सवाल छोड़ता है. क्या उनका निजी रिश्ता किसी विदेशी खुफिया अभियान का हिस्सा था? क्या किसी कारोबारी नेटवर्क ने इस रिश्ते का इस्तेमाल तकनीकी प्रतिबंधों को कमजोर करने के लिए किया?

और क्या दुनिया की बड़ी कंपनियों को अपने शीर्ष अधिकारियों की निजी सुरक्षा को भी राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से देखना होगा?

इन सवालों के जवाब जांच से ही मिलेंगे. लेकिन एक बात साफ है. आने वाले समय में देशों के बीच मुकाबला केवल इस बात पर नहीं होगा कि किसके पास सबसे ताकतवर हथियार या सबसे तेज कंप्यूटर है.

मुकाबला इस बात पर भी होगा कि कौन दूसरे देश के सबसे महत्वपूर्ण लोगों तक पहुंच बना सकता है.क्योंकि तकनीक की दुनिया में सबसे कीमती चीज हमेशा मशीन नहीं होती. कई बार उस मशीन का फैसला लेने वाला इंसान ही सबसे बड़ा लक्ष्य होता है.

यह भी पढ़ेंः जेनसन हुआंग की 'लव लाइफ' पर बवालः अब तीसरे अफेयर का हुआ खुलासा, Nvidia के शेयर धड़ाम

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अमित सिंह देश के वरिष्ठ पत्रकारों और डिजिटल मीडिया संपादकों में शामिल हैं. राजनीति, अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक नीति और सामाजिक मुद्दों पर लेखन का उन्हें 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है. अपने लंबे पत्रकारिता करियर में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों की रिपोर्टिंग, विश्लेषण और संपादकीय नेतृत्व किया है. उनकी पहचान तथ्यों पर आधारित, संतुलित और गहन विश्लेषणात्मक लेखन के लिए है. वर्तमान में अमित सिंह Zee News की हिंदी वेबसाइट के संपादक हैं. इस भूमिका में वे संपादकीय दिशा तय करने, विशेष कवरेज की रणनीति बनाने और डिजिटल न्यूज़रूम के संचालन का नेतृत्व करते हैं.पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए अमित को देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक Ramnath Goenka Excellence in Journalism Awards से सम्मानित किया जा चुका है. यह सम्मान उनकी पेशेवर विश्वसनीयता, खोजी दृष्टि और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावशाली पत्रकारिता का प्रमाण है.अमित ने अपने करियर के दौरान भारत के अग्रणी मीडिया संस्थानों The Wire, Tehelka, Dainik Jagran, Hindustan और Aaj Tak में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में कार्य किया है. उन्हें प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल तीनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है. आप अमित सिंह से सीधे amit.singh@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES