SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

17 लड़कियां, रूसी अरबपति और पुतिन तक पहुंचने की कोशिश... एपस्टीन के रूस कनेक्शन पर बड़ा खुलासा

एपस्टीन ने अपनी पुरानी साख को दोबारा हासिल करने के लिए पूर्व सोवियत देशों की 17 महिलाओं का इस्तेमाल किया. लड़कियों को अपना शिकार बनाने के लिए उसने मॉडलिंग स्काउट्स का इस्तेमाल किया था और इसमें जीन-ल्यूक ब्रुनेल ने उसकी मदद की थी.

Written By K. Raj Mishra
Published: Nov 22, 2026, 13:50 IST | Updated: Nov 22, 2026, 14:36 IST
Image Credit: जेफरी एपस्टीन (File Photo- Reuters)
Join

यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन पर एक के बाद एक लगातार बड़े खुलासे हो रहे हैं. इसी कड़ी में अब रूस के साथ उसके संबंध उजागर हुए हैं. नए खुलासे के अनुसार, एपस्टीन ने अपनी छवि सुधारने की कोशिश में रूस की कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाया था. इतना ही नहीं, रूसी लड़कियों का इस्तेमाल करके उसने देश के अमीर व्यापारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने रिश्तों को मजबूत बनाया था. वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तक अपनी पहुंच बनाना चाहता था. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने पाया कि रूस न केवल उसके सेक्स-ट्रैफिकिंग नेटवर्क के लिए महिलाओं का स्रोत था, बल्कि प्रभावशाली लोगों के बीच वापस लौटने का एक संभावित जरिया भी था. रॉयटर्स ने करीब दो दर्जन से अधिक लोगों के इंटरव्यू और सैकड़ों पन्नों के दस्तावेजों की समीक्षा के आधार पर यह खुलासा किया है.

पुरानी साख वापस पाने की कोशिश

रॉयटर्स के मुताबिक, एपस्टीन ने अपनी पुरानी साख को दोबारा हासिल करने के लिए पूर्व सोवियत देशों की 17 महिलाओं का इस्तेमाल किया. इनमें से 3 महिलाओं ने बाद में उस पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की थी. रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन की रूस में दिलचस्पी वहां के मॉडलिंग उद्योग से शुरू हुई. 1991 में सोवियत संघ टूटने के बाद, वहां की लड़कियों को अपना शिकार बनाने के लिए उसने मॉडलिंग स्काउट्स का इस्तेमाल किया. इसमें फ्रांसीसी स्काउट और MC2 मॉडल्स मैनेजमेंट के संस्थापक जीन-ल्यूक ब्रुनेल ने एपस्टीन की काफी मदद की.

रूसी लड़कियों का करता था इस्तेमाल!

एपस्टीन का शिकार हुईं कुछ महिलाओं ने रॉयटर्स को बताया कि एपस्टीन के लिए जीन-ल्यूक ब्रुनेल ने पूर्वी यूरोप से महिलाओं को चुना और उन्हें पेरिस तथा अमेरिका ले गया था. पूर्व मॉडल थिसिया हुइसमैन ने रॉयटर्स को बताया कि सितंबर 1991 में पेरिस में ब्रुनेल की ओर आयोजित एक पार्टी में एपस्टीन से उसकी मुलाकात हुई थी. थिसिया के मुताबिक, पार्टी में एपस्टीन एक बहुत छोटी उम्र की रूसी युवती के साथ बैठा हुआ था. युवती एपस्टीन की गोद में बैठी हुई थी. थिसिया के अनुसार, उस युवती को मॉडलिंग में कोई दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन उसने बताया था कि एपस्टीन उसका बहुत ख्याल रखता है. हालांकि, रॉयटर्स को ना ही उस पार्टी के बारे में कोई जानकारी हासिल हुई और ना ही उस रूसी युवती का कोई सुराग मिला.

एपस्टीन ने दो बार रूस की यात्रा की

रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन साल 1998 और 2002 में रूस गया था. अपनी पहली यात्रा में वह सरोव गया, जो सोवियत संघ के परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़ा एक प्रतिबंधित शहर था, जबकि उसकी दूसरी यात्रा मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग में हुई थी. यहां वह ब्रुनेल और घिसलेन मैक्सवेल के साथ गया था. एजेंसी के अनुसार, 2008 में फ्लोरिडा में नाबालिग लड़की के यौन शोषण से जुड़े मामलों में अपना अपराध स्वीकार करने और 13 महीने जेल में बिताने के बाद, एपस्टीन ने रूस के प्रभावशाली लोगों के साथ अपने संबंध बढ़ाने की कोशिश की थी.

साल 2019 में जेल में हुई थी मौत

नाबालिगों की सेक्स ट्रैफिकिंग के नए संघीय आरोपों उसे 6 जुलाई 2019 को उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था. उसके पूर्व सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल को भी सेक्स ट्रैफिकिंग के मामलों में दोषी ठहराया गया था. जमानत खारिज होने के बाद मुकदमा शुरू होने से पहले ही अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में एपस्टीन की मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ें- 'वह मुझसे ज्यादा बच्चे को प्यार करती हैं...,' कैरोलिन लेविट को लेकर ट्रंप का बयान, पूर्व प्रेस सेक्रेटरी को क्यों कहा सबसे बड़ी प्रॉब्लम?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES