SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

60 मिनट वाली धमकी, जंग की फिर ठनी? इजरायल पर बरसा ईरान, कहा-एक गलती और की तो रहने लायक नहीं छोड़ेंगे

ईरान के वरिष्ठ सांसद ने इजरायल को धमकी देते हुए कहा कि अगर उनके मुल्क के खिलाफ कोई भी गलत कदम उठाया गया तो 60 मिनट से भी कम वक्त में इजरायल को रहने लायक नहीं छोड़ेंगे. इस पर इजरायल ने भी पलटवार किया है.

Written By Rachit Kumar
Published: Oct 26, 2026, 09:22 AM IST | Updated: Oct 26, 2026, 09:47 AM IST
Image Credit: ईरान-इजरायल ने फिर एक-दूसरे को धमकी दी है.
Join

यहूदी मुल्क के संसदीय चुनाव से पहले ईरान ने इजरायल को धमकी दी है. ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख ने चेतावनी में कहा कि अगर एक गलत कदम भी उठाया तो एक घंटे से कम भी वक्त में इजरायल रहने लायक नहीं बचेगा. ईरान के वरिष्ठ सांसद इब्राहिम अजीजी ने एक नक्शा पोस्ट किया जिसमें पूरे देश में मौजूद बुनियादी ढांचों की पहचान की गई थी.

इब्राहिम अजीजी ने X पर लिखा,'बस एक गलत कदम की देर है. कब्जे वाले इलाके एक घंटे से भी कम समय में रहने लायक नहीं रह जाएंगे.' इस नक्शे में डिसेलिनेशन प्लांट (खारे पानी को मीठा बनाने वाली जगह), पावर स्टेशन, ऑयल फैसिलिटीज, पुल और ट्रांसपोर्ट के रास्ते, साथ ही दक्षिणी इजराइल के नेगेव रेगिस्तान में स्थित डिमोना एटमी रिसर्च सेंटर को दिखाया गया था.

टारगेट पर इजरायल के कई अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर

उत्तर में, इसमें हाइफा की तेल रिफाइनरियों, हाइफा में कार्मेल सुरंगों और हाईवे 6 पर योक्नेम के पुलों (वायाडक्ट्स) को दिखाया गया था.

भूमध्य सागर के तट पर, हदेरा डिसेलिनेशन प्लांट, ओरोट राबिन पावर प्लांट, सोरेक डिसेलिनेशन प्लांट, और अशदोद व अशकेलॉन में मौजूद डिसेलिनेशन सुविधाएं नजर आई थीं. इसके अलावा, इसमें अशदोद में एशकोल पावर प्लांट, अशदोद तेल रिफाइनरियां और ईंधन भंडारण भी शामिल है.

बुनियादी ढांचे में तेल अवीव में हाईवे 20 पर अयालोन इंटरचेंज पुल, हाईवे 1 और 6 को जोड़ने वाला अनावा इंटरचेंज, यरूशलेम के पास मोट्जा घाटी के सड़क और रेल पुल, और यरूशलेम का 'कॉर्ड्स ब्रिज' शामिल थे. नक्शे में दक्षिण में इलियट और भूमध्य सागर के तट पर स्थित अशकेलॉन के बीच जाने वाली एक तेल पाइपलाइन को भी दिखाया गया था.

इजरायल ने भी दी थी धमकी

अजीजी की ये टिप्पणियां ईरान और इजरायल के अधिकारियों के बीच बढ़ते तनाव के बीच आई हैं, जहां दोनों पक्षों ने अहम बुनियादी ढांचे पर संभावित हमलों को लेकर एक-दूसरे को चेतावनी दी है. गुरुवार को, इजरायल के युद्ध मंत्री इजरायल काट्ज ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान इजराइल पर कोई हमला करता है, तो यहूदी मुल्क भी चुप नहीं बैठेगा. वह भी ईरान के बुनियादी ढांचे पर जवाबी हमला करेगा.

काट्ज ने कहा, 'ईरान का इजराइल पर हमला हमें सभी प्रतिबंधों से आजाद कर देगा. इसके बाद हम उनके एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर समेत सभी बुनियादी ढांचों पर हमला करेंगे और ईरान को वापस पाषाण युग और अंधेरे में धकेल देंगे.'

ईरान ने मार गिराया यूएस ड्रोन

वहीं, ईरान की सेना ने यह भी दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने बंदर अब्बास के ऊपर एक अमेरिकी ड्रोन को रोककर तबाह कर दिया.सेना के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में ईरान की ओर से रोका गया यह 54वां अमेरिकी ड्रोन है।

इससे पहले, इसी हफ्ते ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम्स ने होर्मुज के ऊपर एक अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया.इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान अमेरिका  के साथ किसी समझौते पर नहीं पहुंचता है, तो अमेरिकी सेना ईरान पर एक बार फिर सैन्य हमले कर सकती है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES