SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'खतरे में है इजरायल, हमारे पास ट्रंप के महज 2 साल, वरना...'वोटिंग से ठीक पहले नेतन्याहू के दांव ने हिलाया मुल्क!

इजरायल संसद के लिए मंगलवार को होने वाली वोटिंग से दो दिन पहले पीएम नेतन्याहू ने एक विवादित पोस्ट शेयर की. इस पोस्ट के बाद विपक्षी नेता भड़क उठे और नेतन्याहू पर निशाना साधा.

Written By Devinder Kumar
Published: Oct 25, 2026, 11:21 PM IST | Updated: Oct 26, 2026, 06:38 AM IST
Image Credit: बेंजामिन नेतन्याहू के पोस्ट पर हुआ विवाद
Join

इजरायल में संसद के चुनाव में दो ही दिन बचे हैं. इससे पहले मौजूदा पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी एआई निर्मित फोटो पोस्ट की है, जिससे विवाद पैदा हो गया है. इस तस्वीर में उन्होंने राजधानी तेल अवीव के ऊपर परमाणु विस्फोट होता हुआ दर्शाया है. इस पोस्ट में उन्होंने संकेतों में इजरायल के लोगों को बताया है कि अगर इलेक्शन में उन्हें नहीं चुना गया तो ईरान उनके मुल्क पर भीषण परमाणु हमला कर तबाह कर सकता है.

'अगर ईरान ने हासिल कर लिए परमाणु हथियार तो...'

अपनी पोस्ट में नेतन्याहू ने लिखा, 'इजरायल राज्य इन दिनों वास्तविक और अस्तित्व से जुड़े ठोस खतरे का सामना कर रहा है. ईरानी परमाणु हथियार हासिल कर लेते हैं तो कुछ भी पहले जैसा नहीं रहेगा. ईरान और शिया धुरी के अस्तित्व संबंधी खतरे की तुलना में बाकी सब कुछ बहुत मामूली है. समय-समय पर उत्पन्न होने वाले मनगढ़ंत और झूठे विवाद ईरान से जुड़े खतरे से ध्यान भटकाने के लिए तैयार किए जाते हैं. यह मुद्दा इजरायल के हर एक व्यक्ति के शारीरिक अस्तित्व से जुड़ा है.'

'हमारे पास ट्रंप के बस दो साल का कार्यकाल बचा'

अपनी पोस्ट में इजरायली पीएम ने लिखा, 'ईरान में काम पूरा करने के लिए हमारे पास ट्रंप के दो और साल हैं. इसके बाद क्या होगा. चाहे वह कमला हैरिस हों या कोई अन्य औसत दर्जे की हस्ती, कुछ कहा नहीं जा सकता. आने वाले वर्षों के लिए हमारे शारीरिक अस्तित्व को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्य को पूरा करने के लिए हमारे पास यही समय सीमा बची है. राज्य के सभी आवश्यक संसाधनों को इस मिशन में लगाया जाना चाहिए.'

ये भी पढ़ेंं- काम शुरू होने से ठीक पहले ट्रंप के 'विजय द्वार' पर कानूनी ग्रहण! पूर्व सैनिकों ने क्यों खटखटाया अदालत का दरवाजा?

पोस्ट पर भड़क उठे विपक्षी नेता

नेतन्याहू की इस पोस्ट के बाद विपक्षी नेता उन पर भड़क उठे हैं. डेमोक्रेट्स के अध्यक्ष यायर गोलान ने आरोप लगाया कि चुनाव का दिन नजदीक आते ही नेतन्याहू अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं. उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि नेतन्याहू को सोशल मीडिया से दूर रहने का आदेश दिया जाए. वे और उनके आसपास के लोग अब दिमागी रूप से अस्थिर हो चुके हैं.

ये भी पढ़ें- इजरायल में होगा नेतन्याहू रिटर्न या आएगी नई हुकूमत? सरकार बनाने के ये हैं 8 फॉर्मूले

वहीं यशार पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजनकोट ने कहा कि हर चुनाव अभियान की तरह, एक बार फिर वही झूठ और डर फैलाने का तरीका अपनाया जा रहा है. ऐसे में हताश नेतन्याहू ने डर फैलाने वाला एक और वीडियो जारी किया है. इससे को फर्क नहीं पड़ने वाला है.

इजरायल में मंगलवार को होंगे संसदीय चुनाव

बताते चलें कि इजरायल की संसद में 120 सीटें हैं, जिसके लिए आनुपातिक प्रतिनिधित्व के आधार पर मतदान होता है. यानी जो पार्टी जितने प्रतिशत वोट हासिल करती है, उतनी ही उसे सीटें दे दी जाती हैं. वहां पर सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत होती है. इजरायल में इस मंगलवार को वोट डाले जाने हैं, जिसे लेकर गहमागहमी मची हुई है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES