न झुकेगा ईरान, न खुलेगा होर्मुज: तेहरान का US को अल्टीमेटम, कहा- 7 शर्तें मानो तभी खुलेगा रास्ता
West Asia War: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर लगातार तनातनी चल रही है. वॉशिंगटन ने तेहरान की 7 शर्तों को खारिज कर दिया है. वहीं, ईरान ने भी स्पष्ट किया है कि वह शर्तें पूरी न होने तक होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलेगा.
Straight Of Hormuz: पश्चिम एशिया जंग में ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट अग्नि परीक्षा बना हुआ है कि समझौते के लिए अमेरिका कितनी हद तक जाने के लिए तैयार है. तेहरान ने से इस स्ट्रैटजिक वॉटवे को वापस खोलने के लिए अपनी 7 शर्तों पर वॉशिंगटन की प्रतिक्रिया को खारिज कर दिया है. ईरान का कहना है कि उसकी कुछ मांगें अभी भी अनसुलझी हैं.
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, रविवार ( 11 अक्टूबर 2026) को ईरान के सिक्योरिटी चीफ और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल मोहसिन रेजाई ने अमेरिका की प्रतिक्रिया से असहमति जताई. उन्होंने कहा कि कुछ भी प्रोग्रेस से पहले वाशिंगटन को उन मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करना होगा, जो तेहरान के लिए अभी भी स्पष्ट नहीं हैं.
शर्तें मानने को नहीं तैयार अमेरिका
रेजाई ने कहा,' हमने अमेरिकियों के सामने 7 शर्तें रखीं और स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक ये शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक होर्मुज स्ट्रेट उनके लिए नहीं खोला जाएगा और न ही कोई बातचीत होगी.' उन्होंने आगे कहा कि ईरान अब अमेरिकियों को जवाब देने की प्रक्रिया में नहीं है. उन्होंने कहा,' अपने जवाब में उन्होंने हमारी कुछ शर्तों को स्वीकार कर लिया है, जबकि अन्य शर्तें अभी भी अस्पष्ट हैं.'
7 में से कुछ मानने को तैयार अमेरिका
मोहसिन रेजाई ने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए ईरान की 7 शर्तों में से कुछ को मानने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन साथ ही उन्होंने वॉशिंगटन के जवाब को अपर्याप्त भी कहा. रेजाई ने इसको लेकर अपने 'X' हैंडल पर लिखा,' अमेरिका ईरान की 7 शर्तों में से कुछ को मानने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन हम उसके जवाब को अपर्याप्त मानते हैं. ईरान की की डिप्लोमैसी बदल गई है और अब पुरानी स्थिति में वापसी नहीं होगी.'
कब तक बंद रहेगा होर्मुज?
इससे पहले इसी महीने ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने कहा था कि रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज स्ट्रेट तब तक बंद रहेगा, जब तक अमेरिका जून 2026 के 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर आधारित 7 शर्तों को पूरा नहीं कर लेता. गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका ने हाल ही में एक मिडिएटर के जरिए प्रस्ताव रखे थे, लेकिन ईरान का रुख साफ बना हुआ है.
क्या है ईरान की शर्ते?
'अल जजीरा' की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर खोलने और बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव दिया है. इन प्रस्तावों में US नेवी की नाकेबंदी खत्म करना और ईरानी तेल की बिक्री पर लगी पाबंदियां हटाना शामिल है. पिछले महीने ईरान ने संघर्ष खत्म कर बातचीत शुरू करने के लिए कतर के जरिए अमेरिका को 7 शर्तें बताई थीं. वहीं, ट्रंप ने भी बीते दिनों कहा था कि तेहरान 3 नवंबर 2026 को होने वाले मिड टर्म इलेक्शन से पहले वाशिंगटन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर सकता है.