)
अमेरिका के साथ जंग के बीच ईरान ने पूरी दुनिया को अपनी परमाणु शक्ति का ट्रेलर दिखाया है. ईरानी मिलिट्री ने जंग के बीच ना सिर्फ अपनी अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का प्रदर्शन किया, बल्कि एक ऐसे हथियार के भी दर्शन कराए, जो एक साथ दो मिसाइलों को दाग सकता है. इस ड्यूल मिसाइल लॉन्चर को देखते ही पूरी दुनिया मे तहलका मच गया. ईरानी मिलिट्री (IRGC) के कमांडर इन चीफ मेजर जनरल वाहिदी ने मिसाइल सिटी के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए लिखा कि यह तो बस शुरुआत है. वहीं, ईरान की अंडरग्राउंड ‘मिसाइल सिटी’ की तस्वीरों ने दुनिया भर के डिफेंस एक्सपर्ट्स को हैरान कर दिया है.
For the first time, the IRGC Commander-in-Chief visited the IRGC Missile City, where the Aerospace Force's new dual-missile launcher was unveiled. https://t.co/dT8pmWQDeR
— IRNA News Agency (@IrnaEnglish) November 21, 2026
ईरानी मिसाइल सिटी से मचा तहलका
ईरानी कमांडर की ओर से शेयर किए गए वीडियो में सैकड़ों मिसाइलें दिखाई दे रही हैं. मिसाइलों के जखीरे के बीच रक्षा विशेषज्ञों को ड्यूल मिसाइल लॉन्चर ने खासा आकर्षित किया. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ये लॉन्चर एक ही बार में लिक्विड-फ्यू वाली दो मिसाइलों को लोड कर सकता है और उन्हें एक साथ फायर करने की क्षमता रखता है. ईरानी न्यूज चैनल तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, IRGC के कमांडर-इन-चीफ अहमद वाहिदी का किसी अंडरग्राउंड मिसाइल ठिकाने का ये पहला दौरा था. उनके साथ IRGC की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर माजिद मौसवी भी मौजूद थे.
अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी
अपनी मिसाइल सिटी का निरीक्षण करने के बाद अहमद वाहिदी ने अमेरिका को तगड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि दुश्मन सुन ले, ये तो सिर्फ शुरुआत है. उनके साथ-साथ IRGC एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर माजिद मौसवी ने भी अमेरिका को सचेत किया है. उन्होंने कहा कि उनकी फोर्स हर मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि कमांडर-इन-चीफ का आदेश मिलते ही सशस्त्र बलों के जवान दुश्मन पर टूट पड़ेंगे. उन्होंने कहा कि हम दुनिया के किसी कोने में भी वार करने में सक्षम हैं.
अमेरिकी लड़ाकू विमान को मारने का दावा
इससे पहले ईरान ने अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया था. ईरानी सेना ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने फारस की खाड़ी में एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने में कामयाबी हासिल की. ईरानी सेना की ओर जारी वीडियो में एक मिसाइल अपने टारगेट की ओर बड़ी तेजी से बढ़ रही है. वीडियो में मिसाइल को विमान की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद विमान के पास एक धमाका होते देखा जा सकता है.