)
India Summons Pakistan Embassy Official News: एक जमाना था, जब पाकिस्तान या बांग्लादेश की ओर से होने वाली घुसपैठ जैसी हरकतों पर भारत महज डोजियर भेजकर औपचारिकता निभा लेता था. अब भारत बदल चुका है. वह अब अपने दुश्मनों को उन्हीं की भाषा में पलटकर जवाब देना अच्छी तरह जानता है. ऑपरेशन सिंदूर में बुरी तरह पिटे पाकिस्तान ने एक बार फिर इसका स्वाद चखा है. घुसपैठ की घटना में अपने 2 तस्करों के मारे जाने के बाद पाकिस्तान ने भारत के दूतावास इंचार्ज को तलब कर विरोध जताया तो कुछ ही घंटे बाद भारत ने उसके दूतावास प्रमुख को तलब कर लिया. पाकिस्तान को साफ लफ्जों में चेताया गया कि अगर उसकी ओर से घुसपैठिये नहीं रुके तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी को तलब कर सीमा पार घुसपैठ को लगातार बढ़ावा दिए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया. इसके साथ ही 2 अक्टूबर को पंजाब फिरोजपुर सेक्टर में हुई घटना से जुड़े पाकिस्तान के आरोपों को निराधार और दुर्भावनापूर्ण कहकर खारिज कर दिया.
भारत ने पाकिस्तान के दूतावास प्रभारी से कहा कि तीन घुसपैठिये सीमा पर लगी बाड़ के पास भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे. सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें पाकिस्तान लौटने के लिए बार-बार चेतावनी दी. लेकिन उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया और बाड़ की तरफ आगे बढ़ना जारी रखा. इसके बाद बीएसएफ को आसन्न सुरक्षा खतरे को देखते हुए उन पर कार्रवाई करने के लिए विवश होना पड़ा.
पाकिस्तान को चेताते हुए भारत ने कहा कि यह पाकिस्तान की ओर से सक्रिय सशस्त्र नशीले पदार्थों के सिंडिकेट्स की मॉडस ऑपरेंडी है. तस्करों के ऐसे ऐसे समूह अक्सर अंधेरे की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा को गैर-कानूनी तरीके से पार करने की कोशिश करते हैं.
भारत ने कहा कि पाकिस्तान को घुसपैठ और मादक पदार्थों की तस्करी की जांच करनी चाहिए. इसमें पाकिस्तानी सीमा रक्षक बलों की मिलीभगत भी शामिल है. इन सब गतिविधियों को रोकने के लिए तुरंत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए.
विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने पाकिस्तान से कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय सीमा की पवित्रता का सम्मान सुनिश्चित करे, द्विपक्षीय समझौतों का पालन करे और तस्करों की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए अपने बलों को कार्रवाई का आदेश दे. भारत ने यह भी कहा कि आगे से ऐसी घटना न हो, इसके लिए पाकिस्तान सख्त इंतजाम सुनिश्चित करे.
बताते चलें कि भारत का पंजाब राज्य लंबे अर्से से ड्रग तस्करी से पीड़ित रहा है. इस ड्रग्स की तस्करी पाकिस्तान की ओर से होती है. आईएसआई की ओर होने वाली इस तस्करी से मिलने वाले पैसे से खालिस्तानी आतंकवादियों को फंड करता है. साथ ही, उन्हें हथियार देकर अपने मुल्क भारत के खिलाफ हमले के लिए भी ट्रेंड किया जाता है.