समंदर में मछलियों की तरह तैर रहे iPhone... विदेशी परफ्यूम भी हुआ पानी-पानी! आखिर क्या है इस Video की असली कहानी?
सामने आए कुछ वीडियो में समंदर के नीले पानी पर चारों तरफ महंगे iPhone ऐसे उतराते नजर आ रहे हैं मानो मछलियों की बरात निकली हो. आइए जानते हैं आखिर समंदर के बीचोंबीच अरबों रुपये का यह खजाना कैसे बह निकला?
समुद्र में अक्सर मछलियां तैरती दिखती हैं, लेकिन अगर आपसे कहा जाए कि मछलियों की तरह सैकड़ों आईफोन तैर रहे हैं, तो शायद आपको यकीन न हो. मगर समुद्र से सामने आए कुछ वीडियोज की यही हकीकत है. इन वीडियो में साफ दिख रहा है कि आईफोन मछलियों की तरह पानी पर तैर रहे हैं, जबकि विदेशी परफ्यूम की हजारों बोतलें पानी-पानी हो चुकी हैं.
ये वीडियो उस हादसे के बाद सामने आए हैं, जिसमें एक शिप ब्लास्ट के चलते समुद्र में समा गया और उस पर लदे 2,500 कंटेनर पानी में बहने लगे. इस हादसे के बाद छोटी नावों पर सवार लोगों की मदद से समुद्र में बिखरे सामान को इकट्ठा किया जा रहा है, इस हादसे में अरबों रुपये के नुकसान की आशंका है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सिंगापुर के झंडे तले चल रहा यूएई (UAE) का विशाल कंटेनर जहाज 'GFS Pride' दुबई से निकला था. उस पर करीब 2,500 कंटेनर लदे थे. इन कंटेनरों में ब्रांड न्यू iPhone और नामी कंपनियों के महंगे विदेशी परफ्यूम भरे हुए थे. जब यह जहाज दुनिया के सबसे संवेदनशील और व्यस्त समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट के पास से गुजरा तो उसमें भीषण विस्फोट हुआ. उसमें आग लगी और शिप समंदर में समा गया.
माइन ब्लास्ट या मिसाइल हमला?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जहाज डूबा कैसे? इसे लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि यह कार्गो शिप समंदर के भीतर बिछाई गई बारूदी सुरंग की जद में आया और विस्फोट का शिकार बना. वहीं समुद्री अधिकारियों का मानना है कि जहाज पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिसके बाद यह हादसा हुआ.
21 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया
जहाज के डूबते ही उस पर लदे सैकड़ों कंटेनर टूटकर समंदर में बिखर गए. हालांकि, राहत की बात यह रही कि वक्त रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जहाज पर मौजूद सभी 21 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया. 'GFS Pride' को UAE-बेस्ड कंपनी GFS Ship Management ऑपरेट कर रही थी, जो रीजनल मार्केट्स के लिए कंज्यूमर गुड्स और कमर्शियल सामान की डिलीवरी का काम संभालती है.
होर्मुज स्ट्रेट में क्यों बढ़ रहा है खतरा?
यह हादसा ऐसे वक्त में हुआ है, जब होर्मुज की खाड़ी में सुरक्षा को लेकर भारी तनाव है. इस समुद्री रास्ते से दुनिया के कुल तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) का लगभग 20 फीसदी हिस्सा गुजरता है. 23 सितंबर को भी एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाला मालवाहक जहाज 'Cape Dao' इसी इलाके में प्रोजेक्टाइल हमले के बाद डूब गया था, जिसमें एक क्रू मेंबर की मौत हो गई थी. यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक, महज 48 घंटों के भीतर इस क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों से जुड़ी करीब 5 घटनाएं सामने आई हैं.
ये भी पढ़ें: गर्मी को Bye-Bye... पहाड़ों पर गिरी बर्फ ने कर दिया ठंड का ऐलान, दिल्ली-NCR को घेरने के बाद जमकर बरसे बादल