Florida Plane Crash: 'चारों ओर बर्फ और टर्बुलेंस...,' क्रैश से 10 मिनट पहले पायलट का ब्वॉयफ्रेंड को आखिरी मैसेज, फिर बम की तरह फटा विमान
फ्लोरिडा में रविवार ( 1 नवंबर 2026) को एक विमान हादसा हुआ, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई. विमान ऑपरेट कर रहीं 20 साल की पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुइरास ने प्लेन क्रैश से पहले अपने पार्टनर को मैसेज भेजा था.
Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार ( 1 नवंबर 2026) को एक विमान क्रैश हो गया, जिसके चलते इसमें मौजूद पायलट समेत सभी 9 लोगों की मौत हो गई. यह विमान प्लेन ग्रीनएकर्स के एक रिहायशी इलाके में जा गिरा था.
रविवार (1 नवंबर 2206) को एक लियरजेट 60 तकरीबन 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. इस दौरान क्रू ने बर्फ जमने और टर्बुलेंस की रिपोर्ट करना शुरू कर दिया. विमान ऑपरेट कर रहीं 20 साल की पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुइरास ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी कि एयरक्राफ्ट हल्की और साफ बर्फ से टकरा रहा है. घटना के दौरान बाहर का तापमान लगभग -47 डिग्री सेल्सियस था और विमान मीडियम टर्बुलेंस का सामना कर रहा था.
हादसे से पहले ब्वॉयफ्रेंड को किया मैसेज
हादसे के बाद पायलट नथालिया गादेल्हा फिल्गुएरास की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है. बताया जा रहा है कि घटना से ठीक 10 मिनट पहले उन्होंने अपने ब्वॉयफ्रेंड को मैसेज किया था.'न्यूयॉर्क पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, नथालिया के सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी ने बताया कि उनकी बेटी ने दोपहर लगभग 12 बजकर 40 मिनट पर अपने पार्टनर को एक मैसेज भेजा था. वहीं, प्लेन क्रैश 12 बजकर 50 मिनट पर हुआ. नथालिया के पार्टनर भी पायलट हैं. थियागो ने बताया कि उनकी बेटी ने मैसेज में लिखा था कि हर तरफ बर्फ और टर्बुलेंस है.
क्रैश से पहले दिया मेडे कॉल
नथालिया के साथ फ्लाइट में मौजूद उनके को पायलट की अभी पहचान नहीं हो पाई है. विमान से सामने आई आखिरी समय की रिकॉर्डिंग में एक शख्स को प्रेयर करते हुए भी सुना जा सकता है, जबकि नथालिया जोर-जोर से चीख रही थीं.
घटना से पहले क्रू जमा हुई बर्फ को मैनेज करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बारिश के चलते स्थिति बदल गई. पायलट्स ने इस स्थिति से निपटने के लिए ATC से 37,000 फीट ऊपर चढ़ने की परमिशन मांगी. हालांकि, अनुमति मिलने के 30 सेकंड से भी कम समय में उन्होंने एयरक्राफ्ट के नीचे उतरने की सूचना दी और मेडे कॉल जारी किया.
जमीन से टकराया विमान
क्रू ने लोकल समय के हिसाब से तकरीबन 12 बजकर 48 मिनट पर मैसेज दिया कि वे ओवरस्पीड कंडीशन में हैं और नीचे उतर रहे हैं. नथालिया ने बाद में एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया कि विमान 20,000 फीट प्रति मिनट से ज्यादा की रफ्तार से नीचे आ रहा था. उन्होंने विमान के जमीन से टकराने की बात कही. उन्होंने चिल्लाते हुए कहा,' मेडे, मेडे हम 10,000 फीट प्रति मिनट नीचे जा रहे हैं. हम ओवरस्पीड में हैं और 20,000 फीट प्रति मिनट की स्पीड से नीचे जा रहे हैं. हम जमीन से टकराने वाले हैं.' बाद में नथालिया को कहते हुए सुना गया,' हे भगवान हमारा समय खत्म हो गया है.' एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने एयरक्राफ्ट से संपर्क करने की कोशिश जारी रखी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. उसमें सवार सभी 9 लोग मारे गए.