ट्रंप की 'हाइपरसोनिक हुंकार', ईरान के लिए खतरे की घंटी तैयार! डार्क ईगल की दहाड़ से 2776 किमी तक होगा वार
ईरान से तनाव के बीच अमेरिकी सेना के हाथ महाअस्त्र आ गया है. उसे पहली लंबी दूरी वाला हाइपरसोनिक मिसाइल सिस्टम मिल गया है. यह ईरान के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है.
अमेरिकी सेना ने अपनी पहली लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल सिस्टम डार्क ईगल (LRHW) को पूरी तरह ऑपरेशनल घोषित कर दिया है. अमेरिकी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल फ्रैंक लोजानो ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मिसाइल बैटरी पूरी तरह तैनात है और इस्तेमाल के लिए तैयार है.
यह 3,800 मील प्रति घंटे से भी ज्यादा की रफ्तार से उड़ सकती है. उड़ान के दौरान अपनी दिशा बदल सकती है और 1,725 मील दूर तक के टारगेट को निशाना बना सकती है. एक बैटरी में 4 मोबाइल लॉन्चर होते हैं, और हर लॉन्चर पर 2 मिसाइलें लगी होती हैं. यूएस सेना को इसे 2023 तक तैयार कर लेना था, लेकिन इंजीनियरिंग और टेस्टिंग से जुड़ी समस्याओं के कारण इसमें देरी होती गई. अब यह तैनाती के लिए तैयार है, और सेना सिर्फ एक पर ही नहीं रुकने वाली. दूसरी बैटरी पर काम चल रहा है, और तीसरी बैटरी का आधे से ज्यादा प्रोडक्शन पूरा हो चुका है. तय समय से लगभग 3 साल पीछे रहने के बाद, 'डार्क ईगल' अब डेवलपमेंट के चरण से बाहर आ चुकी है और सैनिकों के हाथों में पहुंच गई है.
अमेरिका इसे क्यों तैनात कर रहा है?
इस सिस्टम का मकसद लंबी दूरी पर अहम और मजबूत सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की क्षमता हासिल करना है. यह दुश्मन के कमांड सेंटर, एयर डिफेंस नेटवर्क, मिसाइल लॉन्चिंग ठिकाने और अहम मिलिट्री संस्थानों पर हमला कर सकती है.
ईरान की मिसाइलों को निशाना बनाने की योजना
Bloomberg की 2 मई 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ईरान के अंदरूनी इलाकों में मौजूद बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाने के लिए डार्क ईगल चाहता था. अक्टूबर 2026 तक सेना ने अपनी पहली LRHW बैटरी को पूरी तरह से तैनात नहीं किया था, जिससे यह प्रोग्राम अपने तय समय से करीब तीन साल पीछे चल रहा है. सेना के प्रोग्राम ऑफिस ने उस समय ब्लूमबर्ग को दिए एक बयान में कहा था कि 'डार्क ईगल' के लिए 'तैनाती की गतिविधियां जारी हैं' और सिस्टम को पूरी तरह से तैनात घोषित करने से पहले" अभी और ट्रेनिंग और बाकी जरूरी तैयारियों और रखरखाव के काम पूरे किए जाने बाकी हैं.
जब उनसे पूछा गया कि क्या अक्टूबर की रिपोर्ट गलत थी, तो लोजानो ने कहा कि वह 'ऐसा नहीं कहना चाहेंगे.' उन्होंने कहा,'यह एक तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र है, जहां चीजें बहुत जल्दी बदल सकती हैं. सेना और PAE (प्रोग्राम एक्विजिशन एग्जीक्यूटिव) फायर्स में हम नई क्षमताओं, जिनमें 'डार्क ईगल' भी शामिल है , को विकसित करने, बनाने और तैनात करने को लेकर बहुत ज्यादा एक्टिव हैं.'
जब पूछा गया कि पहली बैटरी आधिकारिक तौर पर कब पूरी तरह से तैनात हुई, तो लोजानो ने बताया कि इस हथियार से जुड़े कुछ जमीनी सपोर्ट उपकरण 2021 में ही मिल गए थे, इसलिए इस उपलब्धि के लिए कोई एक तय तारीख बताना मुश्किल है.
हाइपरसोनिक काबिलियत
हाइपरसोनिक मिसाइलें मैक 5 या उससे ज्यादा की रफ्तार से उड़ सकती हैं और इन्हें धरती के वायुमंडल में इस तरह से चलने के लिए डिजाइन किया गया है कि इनके रास्ते का पहले से अनुमान लगाना मुश्किल होता है. पिछले कुछ वर्षों में, पेंटागन और कांग्रेस दोनों ने ही ऐसी प्रणालियों को विकसित करने और हासिल करने में काफी दिलचस्पी दिखाई है. ऐसा खास तौर से तब हुआ है जब ऐसी खबरें सामने आई हैं कि रूस और चीन के पास अपने जखीरे में कई हाइपरसोनिक हथियार कार्यक्रम मौजूद हैं.