यूरोप में महंगाई से कोहराम, शनिवार को मचा महासंग्रामः फ्रांस से लेकर जर्मनी तक जनता ने सड़कों पर काटा गदर
शनिवार (14 नवंबर) को फ्रांस से लेकर जर्मनी तक जनता का गदर देखने को मिला. फ्रांस में उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए दंगा-रोधी पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इटली में महंगाई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन थमे भी नहीं हैं कि अब जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क उठा है.
बढ़ती महंगाई से पूरे यूरोप में महासंग्राम छिड़ा हुआ है. फ्रांस, स्पेन, इटली, जर्मनी और पुर्तगाल समेत कई देशों में लोग सड़कों पर उतर चुके हैं और सरकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. शनिवार (14 नवंबर) को भी फ्रांस से लेकर जर्मनी तक जनता ने जमकर गदर काटा. फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार (14 नवंबर) की शाम को लाखों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों ने 'प्लेस डे ला रिपब्लिक' से 'प्लेस डे ला नेशन' तक मार्च निकाला. शुरुआत में मार्च शांतिपूर्ण रहा, लेकिन 'प्लेस डे ला नेशन' पहुंचते-पहुंचते भीड़ बेकाबू हो गई और लोग हिंसा पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. दंगा-रोधी पुलिस ने उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया.
फ्रांस में फिर सड़कों पर उतरे लोग
फ्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को देशभर में हुए प्रदर्शन में एक लाख से अधिक लोगों ने प्रदर्शन किया. सरकार ने पेरिस में हुए प्रदर्शन में करीब 24 हजार लोगों के शामिल होने की बात कही है. सरकार के मुताबिक, ये विरोध-प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे, लेकिन कुछ शहरों में पुलिस-प्रदर्शनकारियों की झड़पों और आंसू गैस के इस्तेमाल की खबरें भी सामने आई हैं. गृह मंत्रालय ने जनता से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है. गृह मंत्रालय के मुताबिक, विरोध-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था को संभालने के लिए 70 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी. इसके बावजूद हिंसक प्रदर्शन होने पर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा में कमी मानी. पुलिस ने हिंसा फैलाने के आरोपों में 161 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पिछले महीने जल उठा था फ्रांस
महंगाई और स्कूलों की खराब स्थिति के विरोध में फ्रांस में पिछले महीने काफी उग्र आंदोलन देखने को मिला था. इस दौरान उपद्रवियों ने दुकानों, सार्वजनिक संपत्तियों और सरकारी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचाया था. हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए प्रधानमंत्री सेबास्तियां लेकोर्नू ने कई शहरों में कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए थे. हिंसक प्रदर्शनों के बीच देश के गृह मंत्री लॉरां नुनेज ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इसे खारिज कर दिया था. राष्ट्रपति मैक्रों ने इस उपद्रव के लिए अल्ट्रा-लेफ्ट कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है.
इटली में 'क्लाइमेट प्राइड' का प्रदर्शन
इटली में महंगाई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन थमे भी नहीं हैं कि अब जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क उठा है. शनिवार को राजधानी रोम में 'क्लाइमेट प्राइड' (Climate Pride) मार्च निकाला गया. इसमें पर्यावरण संगठनों, ट्रेड यूनियनों, छात्रों और परिवारों ने हिस्सा लिया. इस मार्च में जीवाश्म ईंधन को पूरी तरह बंद करने की मांग की गई. साथ ही, विकास के उस मॉडल को भी चुनौती दी गई, जिसे पर्यावरण और सामाजिक असमानताओं के बिगड़ने के लिए जिम्मेदार माना जाता है.
प्रदर्शनकारियों ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली बड़ी कंपनियों पर अतिरिक्त टैक्स लगाने की मांग की. बता दें कि अक्टूबर महीने में महंगाई के खिलाफ रोम, बोलोग्ना और ट्यूरिन शहर में काफी हिंसक प्रदर्शन देखने को मिले थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में लूटपाट की, वाहनों में तोड़फोड़ की और आगजनी की थी.
जर्मनी में फिर भड़की हिंसा, कई गिरफ्तार
जर्मनी में कमरतोड़ महंगाई, महंगी शिक्षा, आवास और रोजगार की समस्याओं के खिलाफ शनिवार को एक बार फिर से लोग सड़को पर उतरे. राजधानी बर्लिन में 'Gen Z रेगेल्ट' की अगुवाई में हजारों प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे, जिनमें ज्यादातर युवा और छात्र (Gen Z) थे. प्रदर्शनकारियों की ओर से 'कुरफुर्स्टेनडैम' में एक मार्च निकाला गया, जिसमें सरकार विरोधी नारेबाजी हुई. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अनिवार्य सैन्य सेवा तथा सामाजिक खर्चों में कटौती जैसे मुद्दों को लेकर सरकार की आलोचना की.
प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की झड़पें होने की खबरें भी सामने आईं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च के दौरान कुछ उपद्रवियों ने आतिशबाजी शुरू कर दी और पटाखों को इधर-उधर फेंकने लगे. इससे भगदड़ मचने की स्थिति पैदा हो गई. उपद्रवियों को काबू करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.