)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जनता के लिए सरकारी काम आसान बनाने के मकसद से एक नया AI चैटबॉट पोर्टल America.gov लॉन्च किया है. इस मौके पर ट्रंप ने एआई को 'सुपर इंटेलिजेंस' का नया नाम दिया और कहा कि सरकार में यह बदलाव तो बस आने वाले बड़े कल की एक छोटी सी झलक भर है. अब अमेरिकी नागरिक एक ही जगह से पासपोर्ट रिन्यूअल से लेकर तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे.
यह लॉन्चिंग ऐसे समय में हुई है, जब पूरी दुनिया में AI की बेकाबू ताकत को लेकर तीखी बहस छिड़ी है. टेक कंपनियों के टॉप ऑफिसर वॉर्निगं दे रहे हैं कि अगर एआई बेकाबू हुआ, तो इंसानों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है. हाल ही में OpenAI के चैटबॉट्स द्वारा कुछ अमेरिकी सरकारी वेबसाइट्स को स्कैन करने और यूजर्स की 53 निजी तस्वीरें लीक होने का मामला भी सामने आया था.
#WATCH | US President Donald Trump says, "... Artificial Intelligence is like fake news... Fake news is one of my great terms, but now I'm going to call them (media) artificial news... This is why the SI, Super Intelligence, is — they're saying — bigger than the industrial… pic.twitter.com/ANSGsN32Dd
— ANI (@ANI) September 29, 2026
इसके बावजूद ट्रंप ने इन चिंताओं को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें 'झूठ' करार दिया. ट्रंप ने दो टूक कहा 'हम इस डर के आगे घुटने नहीं टेकेंगे कि टेक्नोलॉजी हमारे साथ क्या कर सकती है, बल्कि हम यह तय करेंगे कि यह टेक्नोलॉजी हमारे लिए क्या असाधारण और बेहतरीन काम कर सकती है.'
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के फ्यूचर को लेकर ट्रंप ने साफ किया कि उनकी सरकार नई तकनीकों के रास्ते में रोड़ा नहीं बनेगी. ट्रंप ने कहा 'मैं उस टेक्नोलॉजी की ग्रोथ को कभी नहीं दबाऊंगा, जो आने वाले समय में इंडस्ट्रियल रेवोल्यूशन से भी ज्यादा बड़ी साबित होने वाली है.'
वेबसाइट लॉन्च के दौरान ट्रंप ने एलन मस्क की जमकर तारीफ की. उन्होंने मस्क को 'ग्रेट गाय' बताते हुए कहा कि सरकार में टेक्नोलॉजी के जरिए क्रांति लाने का सपना उन्हीं का था. ट्रंप ने कहा, 'मुझे उस आदमी को धन्यवाद देना है, जिसने शुरुआत में टेक्नोलॉजी के जरिए सरकार के कामकाज में बदलाव की कल्पना की थी और हमें इस काम को पूरा करने के लिए बेहतरीन टैलेंट भी दिया... और वह इंसान हैं एलन मस्क.'
ट्रंप ने अमेरिकी जनता को याद दिलाया कि वह राष्ट्रपति पद के लिए कोई वेतन नहीं लेते. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा 'आपने मुझे बिल्कुल मुफ्त में पाया है, मैं अपनी कोई सैलरी नहीं लेता. क्या आपको इस बात पर यकीन है? लोगों का मानना है कि कोई भी दूसरा राष्ट्रपति कभी बिना सैलरी लिए देश की सेवा नहीं कर पाया है.'
पोर्टल लॉन्च के मंच से ट्रंप ने वैश्विक तनाव और खासकर ईरान के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इतिहास की किताबों में इस पूरे घटनाक्रम को अमेरिका के सबसे बड़े कदमों में गिना जाएगा. ट्रंप ने कहा 'इतिहास की किताबों में ईरान के साथ इस जंग को अमेरिका के सबसे अहम कदमों में से एक के तौर पर दर्ज किया जाएगा. यह मसला बहुत जल्द खत्म हो जाएगा और इसके बाद कच्चे तेल की कीमतें ठीक वैसे ही धड़ाम से गिरेंगी, जैसे इस 'छोटी सी यात्रा' पर जाने से पहले गिरी थीं.'
पोर्टल लॉन्च के बाद व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप और हाउस स्पीकर माइक जॉनसन के साथ टेक दिग्गजों की एक बेहद अहम बैठक तय है. इसमें एनवीडिया के जेनसन हुआंग, एंथ्रोपिक के डेरियो अमोदेई, मेटा के मार्क जुकरबर्ग और गूगल के सुंदर पिचाई जैसे शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे, जहां एआई की सुरक्षा और चीन के मुकाबले अमेरिका की बढ़त को लेकर रणनीति बनेगी.
1. Gemini और Grok का जबरदस्त कॉम्बो
अमेरिका के चीफ डिजाइन ऑफिसर जो गेबिया के मुताबिक, इस पोर्टल को गूगल के 'Gemini' और एलन मस्क के 'Grok' की ताकत मिलाकर तैयार किया गया है.
2. सिर्फ वेबसाइट नहीं, डिजिटल बातचीत का जरिया
यह आम वेबसाइट्स की तरह सिर्फ पेजों का ढेर नहीं है. इसे आप सरकार से सीधे बात करने वाला एक डिजिटल असिस्टेंट समझ सकते हैं, जहां आप सवाल पूछेंगे और वह तुरंत सही जवाब देगा.
3. सरकारी नौकरियों से लेकर UFO फाइल्स तक पूरी डिटेल
शुरुआती फेज में लोग इस चैटबॉट से सरकारी नौकरियों की जानकारी ले सकते हैं और ट्रंप प्रशासन की तरफ से जारी की गई यूएफओ (UFO) से जुड़ी गोपनीय फाइलों को भी आसानी से सर्च कर सकते हैं.
4. घर बैठे पासपोर्ट और योजनाओं का फायदा
आने वाले कुछ महीनों में यह और स्मार्ट हो जाएगा. तब नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, पासपोर्ट रिन्यू कराने से लेकर 'मेडिकेयर' जैसी सरकारी योजनाओं में नाम जुड़वाने तक के सारे काम इसी चैटबॉट से सीधे हो जाएंगे.