क्या इल्हान उमर ने अपने भाई से शादी की? फिर चर्चा में आया 2013 का ट्वीट, ट्रंप ने मांग लिया इस्तीफा
क्या अमेरिकी सांसद इल्हान उमर ने ग्रीन कार्ड के लिए अपने भाई से शादी की थी और क्या उनका असली नाम 'इल्हान नूर सईद एल्मी' है? इस सवाल को लेकर बवाल मचा हुआ है. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
अमेरिका में डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर को लेकर नया बखेड़ा खड़ा हो गया है. उन पर 2 बड़े आरोप हैं. पहला ये कि उन्होंने 2009 में अपने सगे भाई अहमद नूर सईद एल्मी से कागजी शादी की थी, ताकि उसे अमेरिका की नागरिकता और ग्रीन कार्ड दिलाया जा सके. दूसरा आरोप है कि 1995 में सोमालिया से अमेरिका आते वक्त इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स में अपनी उम्र और पारिवारिक पहचान से जुड़ी गलत जानकारी दी थी.
अब सवाल ये है कि क्या इल्हान उमर ने अपने भाई से शादी की? ये विवाद उस ट्वीट से खड़ा हुआ है, जो इल्हान उमर ने साल 2013 में फादर्स डे पर अपने पिता के लिए किया था और फिर उसे डिलीट भी कर दिया था. आइए जानते हैं उस ट्वीट में क्या लिखा था और अब इस ट्वीट की चर्चा क्यों हो रही है? इससे पहले आपको जानना चाहिए कि इल्हान उमर हैं कौन.
इल्हान उमर कौन हैं?
इल्हान उमर अमेरिका में मिनेसोटा से डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद हैं. वह अमेरिकी संसद में पहुंचने वाली शुरुआती मुस्लिम महिलाओं और सोमाली शरणार्थियों में से एक हैं. उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तीखी आलोचक होने के लिए जाना जाता है.
इल्हान उमर के खिलाफ जांच किस बात की हो रही है?
इल्हान उमर फिलहाल अमेरिकी संघीय जांच एजेंसियों की जांच के दायरे में हैं. उनके इमिग्रेशन और नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है. कथित तौर पर जांच इस बात को लेकर है कि जब उनका परिवार 1995 में सोमालिया के गृहयुद्ध से बचकर अमेरिका आया था, तब क्या उन्होंने या उनके दिवंगत पिता ने इमिग्रेशन कागजात में कोई गलत जानकारी दी थी?
इसी जांच के दौरान 12 अक्टूबर को वाशिंगटन डीसी स्थित उनके घर पर अदालती वारंट के तहत रेड मारी गई. हालांकि, अब तक अदालत में उमर पर किसी तरह का अपराध या धोखाधड़ी साबित नहीं हुई है. न ही उन पर कोई आधिकारिक आरोप तय हुए हैं.
उमर ने आखिर ट्वीट में क्या लिखा था?
अब लौटते हैं ट्वीट वाली बात पर. वेब आर्काइव के मुताबिक, जून 2013 में इल्हान उमर ने फादर्स डे पर एक पोस्ट लिखा था, 'मेरे आबो (पिता) नूर सईद को फादर्स डे की शुभकामनाएं. मुझे सबसे अच्छे पिता देने के लिए मैं हमेशा अल्लाह की शुक्रगुजार हूं.' फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह पोस्ट 19 सितंबर 2019 की सुबह डिलीट कर दिया गया था.
अब यह दोबारा इसलिए चर्चा में आ गया, क्योंकि 12 अक्टूबर को एक क्रिमिनल जांच के सिलसिले में फेडरल एजेंसियों ने वॉशिंगटन डीसी में उमर के घर की तलाशी ली थी.
क्यों खड़ा हुआ बवाल?
इस ट्वीट को लेकर बखेड़ा इसलिए खड़ा हुआ है, क्योंकि इसमें उन्होंने पिता का नाम 'नूर सईद' लिखा था, जबकि अन्य सरकारी और आधिकारिक रिकॉर्ड्स में उनके दिवंगत पिता का नाम 'नूर उमर मोहम्मद' दर्ज है (जैसे कि 2020 में कांग्रेसनल ब्लैक कॉकस की एक श्रद्धांजलि पोस्ट में भी यही नाम लिखा था).
विवाद की वजह यह है कि उमर के पूर्व पति का नाम अहमद नूर सईद एल्मी है. इल्हान उमर के आलोचक 'नूर सईद' नाम के तालमेल के आधार पर एल्मी को उनका सगा भाई बताते हैं. उमर ने एल्मी से 2009 में शादी की थी और 2017 में तलाक लिया था, जिसके बाद साल 2018 में उन्होंने कानूनी तौर पर अहमद हिरसी से शादी कर ली थी.
फॉक्स न्यूज के अनुसार, पहले उमर के प्रवक्ता के हवाले से यह कहा गया था कि "नूर सईद" उनके पिता के बचपन का उपनाम (निकनेम) था, हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी थी.
क्यों डिलीट या था 2013 वाला ट्वीट?
फॉक्स न्यूज डिजिटल को दिए बयान में उमर के प्रवक्ता ने इन आरोपों को 'पूरी तरह बेबुनियाद और गंदी साजिश' बताया. उन्होंने कहा कि 2013 का पोस्ट हटाने की वजह उमर और उनके परिवार को मिल रही धमकियां थीं. वहीं, उमर ने भी अपने भाई से शादी कर उसे अमेरिकी इमिग्रेशन दिलाने के आरोपों का हमेशा जोरदार खंडन किया है.
कोर्ट फाइलिंग में सामने आया नया नाम
यह विवाद तब और गहरा गया जब 21 अक्टूबर को अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) की एक कानूनी फाइलिंग में सांसद का नाम कुछ इस तरह दर्ज किया गया, 'इल्हान नूर सईद एल्मी, उर्फ इल्हान अब्दुल्लाही उमर'. यह फाइलिंग उनके घर पर हुई संघीय तलाशी से जुड़े रिकॉर्ड्स को सार्वजनिक करने की मांग के सिलसिले में दाखिल की गई थी.
हालांकि, सरकारी कागजात में यह साफ नहीं किया गया कि यह नाम आखिर क्यों लिखा गया है और न ही इसमें उमर पर किसी तरह की धोखाधड़ी का आरोप साबित किया गया है. जांच से जुड़े दो लोगों ने फॉक्स न्यूज डिजिटल को बताया कि यह उमर का कानूनी नाम हो सकता है, लेकिन उमर के ऑफिस ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है.
इल्हान उमर ने क्या कहा?
उमर ने अपने पूर्व पति को भाई बताए जाने के पुराने दावों को पूरी तरह से खारिज किया है. कोर्ट फाइलिंग सार्वजनिक होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'तो चलिए इसे बिल्कुल साफ कर देते हैं. मेरा नाम हमेशा से इल्हान उमर ही रहा है.'
एमएस नाउ के होस्ट क्रिस हेस को दिए इंटरव्यू में उमर ने अपने पूर्व पति को लेकर लगे इन आरोपों को पूरी तरह 'पागलपन' बताया. जब उनसे पूछा गया कि क्या अपने भाई से शादी करने के दावों में कोई सच्चाई है, तो उन्होंने दो टूक कहा, 'मेरी जानकारी में तो बिल्कुल नहीं.' इसके अलावा उन्होंने अपने घर पर हुई छापेमारी को राजनीतिक बदले की भावना करार दिया है.
ट्रंप ने मांगा इस्तीफा
इस पूरे बवाल के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर से अमेरिकी संसद (कांग्रेस) से फौरन इस्तीफा देने की मांग की है. ट्रंप ने सीधा आरोप लगाया कि इल्हान उमर ने संसद की शपथ लेने के लिए एक फर्जी नाम का इस्तेमाल किया था. ट्रंप का दावा है कि मिनेसोटा की इस सांसद का असली नाम 'इल्हान नूर सईद एल्मी' है, लेकिन उन्होंने 'इल्हान उमर' के नाम से शपथ ली.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सांसद की शादी पर सवाल खड़े करते हुए कहा, 'उनका सरनेम उनके भाई, अहमद नूर सईद एल्मी के सरनेम से बिल्कुल मेल खाता है, कहा जाता है कि उन्होंने अपने भाई से ही शादी की थी और उनके बच्चे भी हैं - खैर, ऐसा करना कानूनी है या नहीं, मुझे नहीं पता.'
ये भी पढ़ें: चीन गए, शी जिनपिंग से नहीं मिले: अचानक डांडोंग क्यों पहुंचे किम जोंग उन? साथ थीं बहन किम यो जोंग