)
अमेरिकी खूफिया एजेंसियों का डाटा चुराने का दावा करने वाले पाकिस्तानी हैकर को आखिरकार कराची से धर-दबोचा गया. 'बैटमैन' के नाम से मशहूर आरोपी का असली नाम दानिश परवेज है. अमेरिका से मिली जानकारी के बाद पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने उसे गिरफ्तार किया है. आरोपी का दावा है कि उसके पास व्हाइट हाउस और अमेरिकी खूफिया एजेंसियों से जुड़ी गुप्त जानकारियां हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी अमेरिकी खूफिया एजेंसियों से जुड़े डेटा को बेचने की कोशिश में जुटा था. हालांकि, इससे पहले ही अमेरिका को इसकी भनक लग गई और तुरंत पाकिस्तान को सूचना दी गई.
अमेरिका के अलावा चीन का डेटा चुराया!
NCCIA के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पाकिस्तानी जांच एजेंसी अब आरोपी के लैपटॉप को खंगालने में जुटी है, जिससे उसकी ऑनलाइन गतिविधियों और कथित तौर पर डेटा की खरीद-फरोख्त के सबूत जुटाए जा सकें. NCCIA के असिस्टेंट डायरेक्टर शहजाद अकबर के मुताबिक, 'डेटा चोरी' के आरोपों में दानिश परवेज को दूसरी बार गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले उसे चीन से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया था. करीब 6 महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था. उनका कहना है कि पहली गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कुछ समय तक ये गतिविधियां रोक दी थीं, लेकिन बाद में दोबारा डेटा की बिक्री शुरू कर दी थी.
आरोपी तक कैसे पहुंची NCCIA?
शहजाद ने बीबीसी को बताया कि आरोपी एक बार फिर से डेटा चोरी करने और उसे बेचने के धंधे में लग गया था. उसने हाल ही में व्हाइट हाउस का सीक्रेट डेटा होने का दावा किया था. वह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इस डेटा को बेचने की कोशिश कर रहा था. इसके अलावा आरोपी FBI और CIA जैसी अमेरिकी एजेंसियों के डेटा को बेचने की कोशिश में जुटा था. शहजाद ने बताया कि अमेरिकी एजेंसियों की ओर से आरोपी के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी ने टेलीग्राम पर विभिन्न चैनल बना रखे थे, जहां वह 'डार्क वेब' से हासिल किया गया डेटा अपने ग्राहकों को बेचता था. इन चैनलों पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं.
क्रिप्टोकरेंसी में करता था डील
NCCIA के असिस्टेंट डायरेक्टर के अनुसार, आरोपी बड़ा शातिर है और वह 1500 से 1800 डॉलर की कीमत में डेटा को बेचता था. डील में वित्तीय लेनदेन क्रिप्टोकरेंसी के रूप में होती थी, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर ना पड़े. आरोपी सिर्फ टेलीग्राम ही नहीं बल्कि डार्क वेब के साइबर क्राइम फोरम 'लीकबेस' के जरिए भी डेटा की बिक्री करता था. उन्होंने कहा कि आरोपी के पास व्हाइट हाउस से जुड़ा डेटा है या नहीं, इसकी जांच चल रही है. NCCIA का दावा है कि आरोपी ने भी डेटा चोरी करके बेचने के आरोपों को स्वीकार कर लिया है. उसने NCCIA को बताया कि वह डार्क वेब तक पहुंच हासिल करता था और वहां उसने दो नामों से अपनी पहचान बना रखी थी.
कैसे मिला बैटमैन का नाम?
NCCIA के अनुसार, आरोपी दानिश ड्रग्स और सट्टेबाजी का लती है. वह डार्क वेब व डेटा बिक्री से मिली रकम को ड्रग्स और सट्टेबाजी पर खर्च करता है. दुनियाभर की जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए वह एक डिलीवरी बॉय के रूप में भी काम करता था. आरोपी ने बैटमैन के किरदार से प्रभावित होकर अपने शरीर में उसी तरह के टैटू/डिजाइन गुदवा रखे हैं. इसी कारण से लोग उसे 'बैटमैन' के नाम से बुलाने लगे. यह नाम उसे इतना पसंद आया कि उसने ऑनलाइन पहचान 'DP Bruce Wayne' बनाई थी.