SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'वहां तो ढंग के टॉयलेट भी नहीं...', ट्रंप की नई प्रवक्ता केटी जकारिया के बयान पर चीन का तंज भरा पलटवार

ट्रंप की प्रवक्ता केटी जकारिया की टिप्पणी पर चीन ने तीखा पलटवार किया है. चीन ने तंज कसते हुए कहा कि 'वहां तो ढंग के टॉयलेट भी नहीं हैं'. जानें इस बयानबाजी की पूरी वजह.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Oct 16, 2026, 07:28 PM IST | Updated: Oct 16, 2026, 07:34 PM IST
Image Credit: टॉयलेट पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद, ट्रंप की नई प्रवक्ता केटी जकारिया के बयान और कानूनी योग्यता पर भी उठ रहे सवाल
Join

चीन ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केटी जकारिया को चीन का ज्यादा दौरा करने की सलाह दी. जकारिया ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि चीन में ढंग के टॉयलेट तक नहीं हैं. उनके इस बयान पर चीन के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें फिर से चीन आने का न्योता दिया. अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक, ताइवान और मानवाधिकार जैसे मुद्दों पर लंबे समय से तनाव बना हुआ है. ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई प्रवक्ता की टिप्पणी ने दोनों देशों के बीच पहले से जारी खींचतान में एक नया मुद्दा जोड़ दिया है.

इसके पहले केटी जकारिया ने दक्षिणपंथी इन्फ्लुएंसर जैक पोसोबिएक को दिए एक इंटरव्यू में चीन की सुविधाओं पर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा कि उन्हें साल 2016 का वह दौर याद है, जब यह चर्चा थी कि चीन जल्द ही अमेरिका को पीछे छोड़ देगा. उन्होंने कहा, 'मुझे यह बात अच्छी तरह याद है. मैं उस समय चीन से लौटी थी और सोच रही थी कि चीन अगला बड़ा देश कैसे बन सकता है? वहां तो ढंग के टॉयलेट भी नहीं हैं.' जकारिया अगले महीने फिर चीन की यात्रा पर जाने वाली हैं. उनकी इस टिप्पणी पर चीन ने तीखी प्रतिक्रिया देने के बजाय व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब दिया.

चीन ने मुस्कुराते हुए कसा तंज

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'अगर उन्हें मौका मिले, तो हम उनका चीन में ज्यादा बार आने के लिए स्वागत करते हैं.' जवाब देते समय माओ निंग के चेहरे पर मुस्कान थी. उनकी टिप्पणी को जकारिया के बयान पर करारा तंज के तौर पर देखा जा रहा है. जकारिया पहले चीन में रह चुकी हैं और अगले महीने वहां जाने वाली हैं. उनकी इस टिप्पणी पर चीन ने तीखी प्रतिक्रिया देने के बजाय व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब दिया.

पहली प्रेस ब्रीफिंग में अपने पति को ही बता दिया राष्ट्रपति

केटी जकारिया अपने पद संभालने के कुछ ही दिनों बाद सवालों के घेरे में आ गई हैं. व्हाइट हाउस में उनकी शुरुआती प्रेस ब्रीफिंग को लेकर भी आलोचना हुई थी. रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान वह कुछ बुनियादी सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे पाईं और एक मौके पर अपने पति को ही राष्ट्रपति कह बैठीं. उनकी शुरुआती प्रस्तुति को लेकर उठे सवालों के बीच चीन पर दिया गया बयान भी चर्चा का विषय बन गया है.

वकालत की योग्यता पर भी उठे सवाल

41 वर्षीय जकारिया की कानूनी योग्यता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. अमेरिका में वकालत करने के लिए बार परीक्षा पास करना जरूरी होता है, लेकिन उनसे जब पूछा गया कि उन्होंने यह परीक्षा कहां से पास की, तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं. जकारिया खुद को वकील बताती हैं और कैलिफोर्निया स्थित एक रूढ़िवादी गैर-लाभकारी संगठन में जनरल काउंसल के तौर पर अपनी भूमिका का उल्लेख करती हैं. वह बीजिंग की एक लॉ फर्म में काम करने का अनुभव भी बताती हैं.

कानूनी पृष्ठभूमि वाले सवाल पर दिया ये जवाब

गुरुवार को अपनी कानूनी पृष्ठभूमि पर सवाल पूछे जाने पर जकारिया ने कहा कि उन्होंने बार परीक्षा देने के लिए पंजीकरण कराया था. हालांकि, पति के साथ चीन जाने की तैयारियों के दौरान वह दूसरी जिम्मेदारियों में उलझ गईं और काफी दबाव महसूस कर रही थीं. उन्होंने बताया कि अमेरिका लौटने के बाद अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण उन्होंने दोबारा बार परीक्षा नहीं दी.

ट्रंप और जिनपिंग के रिश्तों के बीच बयान अहम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने अच्छे रिश्तों का जिक्र कर चुके हैं. दोनों नेता इस साल दो बार मुलाकात भी कर चुके हैं. इसके बावजूद अमेरिका और चीन के बीच कई अहम मुद्दों पर तनाव बना हुआ है. ऐसे समय में व्हाइट हाउस की प्रवक्ता की टिप्पणी ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. जकारिया के बयान पर चीन की प्रतिक्रिया के साथ उनकी प्रेस ब्रीफिंग और कानूनी योग्यता को लेकर उठे सवाल भी लगातार सुर्खियों में हैं.

यह भी पढ़ेंः  US में राष्ट्रपति से ही चुनाव बचाने की तैयारी! ट्रंप के डर से क्यों अलर्ट हुए अधिकारी? हो सकता है 2020 जैसा बवाल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES