रूस से बढ़े खतरे के बीच ब्रिटेन का नया पैंतरा: स्ट्रैटजिक रिजर्विस्ट्स को भेजी गई चिट्ठी, जंग के लिए तैयार रहने का इशारा!
ब्रिटिश सरकार नई रक्षा रणनीति में सैन्य अनुभव रखने वाले पूर्व सैनिकों को दोबारा राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे से जोड़ने पर फोकस कर रही है. सरकार चाहती है कि जरूरत पड़ने पर सिर्फ मौजूदा जवानों पर निर्भर न रहना पड़े. ये पहल NATO की सामूहिक रक्षा क्षमता मजबूत करने और बड़े संकट की स्थिति में UK की जवाबी तैयारी बढ़ाने की व्यापक योजना का हिस्सा है.
ब्रिटेन ने यूरोप में रूस के बढ़ते दखल और खुद के लिए संभावित बढ़ते खतरे के बीच अपनी सैन्य तैयारियां तेज कर दी हैं. ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने इस सिलसिले में करीब 1 लाख स्ट्रैटजिक रिजर्विस्ट्स को खत भेजकर उनकी मौजूदा फिटनेस और पेशेवर कौशल की जानकारी मांगी है. इसके साथ ही उन्हें मिलिट्री ट्रेनिंग और NATO की डिफेंस ड्रिल में शामिल होने का मौका दिया गया है. ब्रिटिश सरकार का ये फैसला इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि शीत युद्ध के बाद पहली बार अंग्रेज हुकूमत ने इतनी बड़ी तादाद में पूर्व सैनिकों से पेशेवर सेवाएं देने के लिए संपर्क साधा है.
हालांकि ब्रिटिश सरकार ने साफ किया है कि उनकी इस कवायद का सीधा मतलब ये नहीं है कि सभी पूर्व सैनिकों को तत्काल सेना में वापस बुलाया जा रहा है. यूरोप में रूस के आक्रामक दखल और नाटो के मिलिट्री बेसों पर मौजूद ब्रिटिश फौज से जुड़े कथित संभावित खतरे से निपटने के नाम पर हो रही इस तैयारी के कई मायने निकाले जा रहे हैं.
कौन होते हैं स्ट्रैटजिक रिजर्विस्ट्स?
स्ट्रैटजिक रिजर्विस्ट्स वे पूर्व सैन्यकर्मी हैं जिन्होंने हाल में सेना, नौसेना या वायुसेना की नियमित सेवा छोड़ी है, लेकिन जरूरत पड़ने पर असाधारण परिस्थितियों में उन्हें दोबारा सेवा के लिए बुलाया जा सकता है.
ब्रिटेन की सेना मान रही है कि इन लोगों की सैन्य ट्रेनिंग के साथ-साथ उनके मौजूदा नागरिक पेशे की विशेषज्ञता भी देश के लिए उपयोगी हो सकती है. मिसाल के लिए, कोई शख्स सेना में टैंक ड्राइवर रहा हो, लेकिन रिटायरमेंट के बाद तकनीक, इंजीनियरिंग, साइबर सुरक्षा या किसी दूसरे क्षेत्र में काम कर रहा हो. युद्ध जैसी स्थिति में उसकी मौजूदा विशेषज्ञता ज्यादा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.
ब्रिटिश सेना के एक अधिकारी ने कहा कि पहला उद्देश्य यह पता लगाना है कि ये लोग अभी कहां हैं, क्या कर रहे हैं और उनके पास कौन-कौन से हुनर हैं. सेना का मानना है कि जरूरत पड़ने पर उनकी क्षमता का सही इस्तेमाल करने के लिए पुराने सभी रिकॉर्ड्स को अपडेट रखना जरूरी है.
NATO ड्रिल में शामिल होने का मौका
रिजर्व सैनिकों को NATO के बड़े सैन्य अभ्यासों में शामिल होने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. इनमें अगले फरवरी में होने वाला स्टेडफास्ट डिफेंडर एक्सरसाइज भी शामिल है. ब्रिटेन के सैन्य प्रमुखों ने अपने-अपने रिजर्व सैनिकों को भेजे पत्रों में कहा है कि दुनिया का सुरक्षा माहौल तेजी से बदल रहा है और सैन्य बल अपनी तैयारी का स्तर बढ़ा रहे हैं.
ब्रिटिश सेना के चीफ जनरल सर रोली वॉकर के मुताबिक सेना को यह जानना जरूरी है कि हमारे स्ट्रेटजिक रिजर्व में उसके पास किस तरह की प्रतिभा और विशेषज्ञता मौजूद है.
वायुसेना प्रमुख सर हार्वे स्मिथ ने कहा कि पूर्व सैनिकों को दोबारा बुलाने के लिए मानक काफी ऊंचा होगा. यानी हर रिजर्व सैनिक को अचानक सैन्य सेवा में वापस नहीं बुलाया जाएगा. नौसेना प्रमुख सर ग्विन जेनकिंस ने भी कहा कि रिजर्व सैनिकों के अनुभव की राष्ट्रीय जरूरत के समय अहम भूमिका हो सकती है.
रूस से बढ़ते खतरे ने बढ़ाई चिंता
ब्रिटेन का यह कदम ऐसे समय आया है जब यूरोप में रूस को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा है. पिछले हफ्ते रूस से दागी गई मिसाइलें और ड्रोन पोलैंड के पूर्वी हिस्से में पहुंचे थे. ये इलाका उस जगह से 60 मील दूर था जहां ब्रिटेन की अगुवाई में मिलिट्री ड्रिल चल रहा था. उस दौरान ब्रिटिश रक्षा मंत्री और वायुसेना प्रमुख भी वहां मौजूद थे.
इसके बाद ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स ने अपने ठिकानों पर ड्रोन हमलों से विमानों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाने शुरू किए हैं. इनमें रात के समय विमानों को हैंगर में रखने और एंटी-ड्रोन नेट लगाने की योजना भी शामिल है.
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि हमें आने वाले 1,000 दिनों में युद्ध के लिए तैयार रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा है कि ब्रिटेन को अपने सहयोगियों के साथ मिलकर संभावित युद्ध लड़ने और जीतने के लिए तैयार रहना होगा.