SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

समंदर में तेल की काली चादर, UAE के कई बीच बंद; समुद्री जीवों पर संकट, सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी सियाह परत

UAE के नजदीकी तट पर एक तेल के टैंकर से तेल का रिसाव तेजी से हो रहा है. जिसके चलते कई अहम चिंताएं बढ़ गई हैं. कई बीच को बंद कर दिया गया है और समुद्री जीवन को भी खतरे पैदा हो गए हैं.

Written By Tahir Kamran
Published: Oct 26, 2026, 04:13 PM IST | Updated: Oct 26, 2026, 04:22 PM IST
Image Credit: समद्र में फैले तेल की सैटेलाइट तस्वीर
Join

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के तट के नजदीक एक तेल टैंकर से होने वाला रिसाव अब इतना बढ़ गया है कि सैटेलाइट तस्वीरों में साफ दिखाई देने लगा है. जिसको देखते हुए कई समुद्र तटों को बंद करने का भी फैसला लिया गया है. यूरोपीय यूनियन के 'कोपरनिकस सैटेलाइट नेटवर्क' की 24 अक्टूबर की तस्वीरों से पता चला है कि पिछले कुछ दिनों में तेल का रिसाव पहले से ज्यादा हो गया है. तेल की काली परतें समुद्र में तेजी से आगे तरफ फैल रही हैं और उत्तरी अमीरात के उम्म अल कुवैन के तट के करीब पहुंच रही हैं.

हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक न तो टैंकर का नाम बताया है और न ही यह साफ किया है कि तेल का रिसाव कैसे हुआ, लेकिन एक्सपर्ट्स ने रॉयटर्स को बताया कि यह तेल 'जेम नंबर 2' नाम के टैंकर से रिस रहा है. समुद्री क्षेत्र से जुड़े सूत्रों के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि पिछले महीने इस जहाज पर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ था, जिसके चलते उसमें आग लग गई थी. बाद में आग पर काबू पा लिया गया था.

यूएई ने शुक्रवार को बताया कि समुद्र में एक तेल टैंकर से हो रहे रिसाव को रोकने की कोशिश की जा रही है. देश का जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्रालय इस घटना से पर्यावरण को हुए नुकसान का आकलन कर रहा है. यूरोपीय संघ के कोपरनिकस सेंटिनल-2 सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में टैंकर से बड़े पैमाने पर तेल का रिसाव होता दिखाई दिया है. तेल फैलने के बाद उत्तरी अमीरात के कई इलाकों में अधिकारियों ने समुद्र तटों पर लोगों की आवाजाही रोक दी है.

यह भी पढ़ें: 60 मिनट वाली धमकी, जंग की फिर ठनी? इजरायल पर बरसा ईरान, कहा-एक गलती और की तो रहने लायक नहीं छोड़ेंगे

कई मुख्य जगहों के बीच हुए बंद

जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि उम्म अल कुवैन शहर के आसपास के सभी समुद्र तटों और तटीय इलाकों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. पड़ोसी अमीरात शारजाह में भी एहतियात के तौर पर अल हमरिया बीच पर लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है. रास अल खैमाह में भी शनिवार को अगले आदेश तक सभी समुद्र तटों को बंद करने का फैसला लिया गया. यह इलाका अपने समुद्र तटों और आलीशान रिसॉर्ट्स के लिए जाना जाता है.

समुद्र के जीव-जंतुओं को भारी खतरा

प्रकृति संरक्षण के लिए काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठन इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) के मुताबिक, यूएई के समुद्री क्षेत्र में मछलियों, पौधों और मूंगों की भरपूर विविधता है. खाड़ी के पानी में मछलियों की 500 से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं. यहां डॉल्फिन और समुद्री कछुए भी रहते हैं.

यह भी पढ़ें: 'खतरे में है इजरायल, हमारे पास ट्रंप के महज 2 साल, वरना...'वोटिंग से ठीक पहले नेतन्याहू के दांव ने हिलाया मुल्क!

अक्टूबर के महीने में हुए रिकॉर्ड हमले

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग शुरू होने के बाद से खाड़ी के समुद्री रास्तों पर व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं में इजाफा हुआ है. इससे समुद्री यातायात की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है. साथ ही, जंग की वजह से पर्यावरण को होने वाले नुकसान का खदशा भी बढ़ गया है. वॉशिंगटन इंस्टीट्यूट फॉर नियर ईस्ट पॉलिसी के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर का महीना होर्मुज और आसपास के समुद्री रास्तों पर व्यापारिक जहाजों पर हमलों के लिहाज से सबसे खराब रहा है.

जंग के बाद से अब तक 113 हमले

वाशिंगटन में मौजूद एक थिंक टैंक के आंकड़ों के मुताबिक, होर्मुज और आसपास के जलमार्गों में कमर्शियल जहाजों पर हमलों के लिहाज से अक्टूबर का महीना सबसे खराब रहा है. यह थिंक टैंक 2017 से दुनिया भर में समुद्री सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं पर नजर रखता आ रहा है. वाशिंगटन इंस्टीट्यूट फॉर नियर ईस्ट पॉलिसी' की सीनियर फेलो नोआम रायदान ने कहा,'अक्टूबर में जहाजों पर हमलों की अब तक की सबसे अधिक संख्या दर्ज की गई है.' रायदान ने अक्टूबर में होर्मुज और आसपास के जलमार्गों में 28 हमलों की पुष्टि की है. इसके अलावा 28 फरवरी को ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल के संघर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक कुल 113 हमले दर्ज किए गए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES