SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पीस की बात: अमेरिका ने बढ़ाया बातचीत का हाथ, ईरान की चुप्पी बरकरार; किन शर्तों पर अड़ा तेहरान?

West Asia War: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने बातचीत फिर से शुरू करने और अमेरिका की ओर से आगे की कार्रवाई रोकने की बात कही है. वॉशिंगटनव को फिलहाल इस पत्र का कोई जवाब नहीं मिला है.

Written By Shruti Kaul
Published: Oct 30, 2026, 09:04 AM IST | Updated: Oct 30, 2026, 09:13 AM IST
Join

Iran-US Conflict: पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ईरान-अमेरिका फिर एकबार शांति वार्ता की कोशिश में जुट गए हैं. गुरुवार ( 29 अक्टूबर 2026) को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने तेहरान को एक पत्र भेजा है. हालांकि, उन्हें अभी तक इसका कोई जवाब नहीं मिला है. ईरानी न्यूज मीडिया 'तस्नीम' के मुताबिक, ईरान को जेडी वेंस की चिट्ठी मिल गई है, लेकिन उसने अभीतक इसका कोई जवाब नहीं दिया है.  

बुधवार ( 28 अक्टूबर 2026) को 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने बताया कि जेडी वेंस ने राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर ईरान के सिक्योरिटी चीफ मोहसिन रेजाई को एक पत्र भेजा था. इसमें बातचीत फिर से शुरू करने और अमेरिका की तरफ से आगे और सैन्य हमले करने से रोकने की बात कही गई. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधियों के बीच हुई इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य शांति समझौते की शर्तों के बदले बातचीत के लिए एक संभावित फ्रेमवर्क तैयार करना था.

कब शुरू हुई जंग? 


बता दें कि ईरान-अमेरिका के बीच जंग 28 फरवरी 2026 को शुरू हुई थी. सबसे पहले अमेरिका-इजरायल ने ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खमेनेई और सीनियर मिलिट्री कमांडर को संयुक्त हवाई हमले में मारा था. इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पूरे पश्चिम एशिया में इजरायली और अमेरिकी ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए.  तेहरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर गुजरने वाले सभी कमर्शियल जहाजों के आवागमन पर भी कड़े प्रतिबंध लगा दिए. यह एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, जिससे दुनिया भर में होने वाले ऑयल कंजम्पशन का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है. वॉशिंगटन ने भी इस बीच ईरानी पोर्ट्स पर नाकेबंदी कर दी है. 

ये भी पढ़ें- Israel Election: नेतन्याहू के खिलाफ किंगमेकर बनेंगी अरब पार्टियां, मुस्लिम नेताओं के हाथ आएगी सत्ता की चाबी? 
 

जंग खत्म करने के लिए प्रस्ताव पर चर्चा


ईरान और अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया में जंग समाप्त करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनयिक प्रयास जारी हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समझौता नहीं हो पाया है. हालांकि, अब दोनों देशों के बीच राजनयिक बातचीत की खबरें सामने आई हैं. बुधवार ( 28 अक्टूबर 2026) को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि तेहरान जंग को खत्म करने और समुद्री मार्ग को फिर से खोलने के लिए मध्यस्थों के साथ एक प्रस्ताव पर चर्चा कर रहा है.

ईरान की शर्तें


तेहरान का कहना है कि इस समुद्री मार्ग को फिर से खोलने से पहले वाशिंगटन को 7 कड़ी शर्तें पूरी करनी होंगी. इन शर्तों में क्षेत्रीय स्तर पर युद्धविराम, विदेशों में मौजूद ईरान की संपत्ति को फ्रीज से हटाना, ईरान की ऑयल इंडस्ट्री पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटाना और अमेरिकी नेवी की ओर से की गई नाकेबंदी को तुरंत खत्म करना शामिल है. ईरानी न्यूज एजेंसी 'तस्नीम' ने आगे बताया कि ईरान की ओर से तय किए गए इस मजबूत ढांचे को कमजोर करने वाला कोई भी रुख स्वीकार्य नहीं होगा. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES