अमेरिका पर ड्रोन अटैक का खतरा, लेकेनहीथ एयरबेस को उड़ाने की साजिश!, आसमान में अज्ञात दुश्मन दिखने से मचा हड़कंप
RAF लेकेनहीथ एयरबेस के ऊपर 'रहस्यमयी ड्रोन' देखे जाने से अमेरिकी वायुसेना में हड़कंप मच गया. अमेरिकी वायु सेना ने तुरंत एक्शन लेते हुए संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया. अमेरिकी वायु सेना की ओर से कहा गया कि अब स्थिति सामान्य है.
ईरान के साथ जंग में अब अमेरिका के ऊपर ड्रोन अटैक का खतरा मंडरा रहा है. वाशिंगटन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्रिटेन में स्थित उसके सैन्य ठिकाने के ऊपर एक संदिग्ध ड्रोन देखने को मिला. RAF लेकेनहीथ एयरबेस के ऊपर 'रहस्यमयी ड्रोन' देखे जाने से सायरन बजने लगे. सायरन की आवाज गूंजने से वहां मौजूद सभी लोगों में खलबली मच गई. अमेरिकी और ब्रिटिश रक्षा अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि अब स्थिति को सुलझा लिया गया है. इस घटना पर अमेरिकी वायु सेना ने एक बयान जारी करके कहा कि पूर्वी इंग्लैंड में स्थित ‘रॉयल एयर फोर्स बेस लेकेनहीथ’ (RAF Lakenheath) पर सुरक्षा बलों ने संदिग्ध अनधिकृत ड्रोन गतिविधि को देखते हुए कार्रवाई की. अमेरिकी वायु सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस कार्रवाई में कोई कर्मी, विमान या बुनियादी ढांचा प्रभावित नहीं हुआ है.
अमेरिका-ब्रिटेन करेगा घटना की जांच
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश सांसद निक टिमोथी ने इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि घटना के वक्त वह बेस में मौजूद अधिकारियों के साथ संपर्क में थे. उन्होंने कहा कि अब इस मामले को सुलझा लिया गया है और इससे आम जनता को कोई खतरा नहीं है.
वहीं, इस घटना पर ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हम अमेरिकी अधिकारियों के साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वहां असल में क्या हुआ था? ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने आगे कहा कि फिलहाल, इस मामले को सुलझा लिया गया है. हम अपने नागरिकों और यहां मौजूद अमेरिकी अधिकारियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए वाशिंगटन के साथ मिलकर इस मामले की जांच करेंगे.
ईरान की चेतावनी के बाद दिखा ड्रोन
बता दें कि यह घटना ऐसे वक्त हुई, जब ईरान ने यूरोप में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने की चेतावनी दी थी. ईरान ने बुधवार (12 नवंबर) की रात को बहरीन में हमला करते हुए अमेरिकी रडार को ध्वस्त कर दिया था. इस हमले के बाद ईरान ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर वाशिंगटन ने अपनी सैन्य कार्रवाई पर लगाम नहीं लगाई, तो फिर ईरानी सेना मुंहतोड़ जवाब देगी.
ईरान की ओर से कहा गया था कि अमेरिका यह ना समझे कि हम खाड़ी देशों तक ही सीमित रहेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को चेतावनी देते हुए ईरानी सेना ने कहा था कि हम यूरोप में भी स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान का पलटवार, बहरीन में तबाह हुआ अमेरिकी रडार: ट्रंप को हद में रहने की दी चेतावनी