ब्रिटेन के बाद अब अमेरिका की बारी? वॉशिंगटन को साइबर अटैक का डर, खौफ में बनाया इमरजेंसी प्लान
अमेरिका में साइबर अटैक के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. यहां एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लान की योजना बनाई गई है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि AI के चलते साइबर अटैक और ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं.
America Cyber Attack: ब्रिटेन में साइबर अटैक की घटना के बाद अमेरिका ने भी अपने देश में इसके खतरनाक स्तर के बढ़ते खतरे को देखते हुए इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लान की योजना बनाई है. अमेरिकी सरकार के 6 टियर साइबर हमले के फ्रेमवर्क में ब्लैक लेवल यानी लेवल 5 वाला साइबर अटैक सबसे गंभीर माना जाता है.
देशभर में इस तरह का साइबर अटैक पावर ग्रिड, बैंकिंग नेटवर्क, ट्रांसपोर्ट और हेल्थ सर्विस सिस्टम को ठप कर सकता है. एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि AI की वजह से साइबर अटैक और अधिक जटिल होते जा रहे हैं. ऐसे में इनसे निपटना और मुश्किल हो गया है. वहीं, हाल ही में CIA और अमेरिकी एयर फोर्स से जुड़ी साइबर सिक्योरिटी सेंध की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी हैं. हालांकि, ऐसी कोई पक्की खुफिया जानकारी नहीं है, जिससे पता चले कि यह हमला देशभर में होने वाला है.
साइबर अटैक पर अमेरिका की तैयारी
'न्यूजवीक' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने इस खतरनाक ब्लैक लेवल साइबर अटैक का जवाब देने के लिए प्लान बनाया है. यह सरकार की स्टेबिलिटी को खतरा पहुंचा सकता है, जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को कमजोर कर सकता है या मेरिकियों की जान को खतरे में डाल सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि खतरे को देखते हुए इमरजेंसी के लिए अधिक तैयारी की जरूरत है, क्योंकि AI की वजह से हैकर्स अमेरिका के कंप्यूटर सिस्टम की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों से आगे निकल रहे हैं.
अमेरिका में साइबर अटैक की लहर?
अमेरिका की ओर से यह चेतावनी ऐसे समय पर सामने आई है, जब पिछले कुछ दिनों में साइबर घटनाओं और टेक्नोलॉजी फेलियर के चलते फ्लाइट्स, बैंक सर्विस और सरकारी कामकाज में रुकावट आई है. 'न्यूजवीक' के साथ बातचीत में व्हाइट हाउस की पूर्व चीफ इन्फॉर्मेशन ऑफिसर थेरेसा पेटन ने AI कंपनियों पर सालों से दी जा रही चेतावनियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. वहीं, FBI की पूर्व डिप्टी साइबर चीफ सिंथिया कैसर ने चेतावनी दी कि साइबर अटैक और आउटेज का मिक्सचर सालों तक न्यू नॉर्मल यानी सामान्य बन सकता है.
साइबर अटैक से कैसे लड़ेगा अमेरिका?
US के पास पहले से ही एक बड़ी साइबर इमरजेंसी से निपटने के लिए एक फ्रेमवर्क है, जिसे नेशनल साइबर इंसिडेंट रिस्पॉन्स प्लान कहा जाता है, जो पहली बार 2016 में पब्लिश हुआ था. अमेरिका की साइबर सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी एजेंसी (CISA) ने दिसंबर 2024 में एक ड्राफ्ट अपडेट जारी किया था, जिसके बाद पब्लिक कंसल्टेशन 14 फरवरी, 2025 को खत्म हुआ. ड्राफ्ट में बताया गया कि सरकारी एजेंसियां ब्लैक-लेवल साइबर अटैक जैसी बड़ी घटनाओं पर कैसे अपने रिएक्शन्स को कोऑर्डिनेट करेंगी.