अमेरिका में बूढ़ा हुआ सिस्टम या कोई बड़ी साजिश? डेल्टा की सभी उड़ानें अचानक ठप! जानें पर्दे के पीछे का सच
अमेरिका की डेल्टा एयरलाइन्स (Delta Air Lines) में आई तकनीकी खराबी के कारण अभी भी उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. हालांकि, कंपनी ने अब इस समस्या को दूर कर लेने का दावा किया है. कंपनी के अनुसार, यात्रियों को थोड़े और समय के लिए असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है.
अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं. करीब एक हफ्ते की छुट्टी मिलते ही लोग घूमने-फिरने निकल पड़ते हैं. इस बार थैंक्सगिविंग की छुट्टियों से पहले देश में बड़ा हवाई संकट देखने को मिल रहा है. अमेरिका की डेल्टा एयरलाइन्स (Delta Air Lines) में आई तकनीकी खराबी के कारण अभी भी उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. रविवार को डेल्टा एयर लाइंस की 1000 से ज्यादा उड़ानों के डिले होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में शामिल हर्ट्सफील्ड-जैक्सन अटलांटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इससे काफी अफरा-तफरी देखने को मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को डेल्टा की लगभग 30% उड़ानें प्रभावित हुईं, जिसके चलते अटलांटा एयरपोर्ट सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ.
थैंक्सगिविंग से पहले 'स्काई ब्लैकआउट'!
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने शुरुआत में अटलांटा जाने वाली डेल्टा की सभी उड़ानों के लिए 'ग्राउंड स्टॉप' (पूरी तरह रोक) का आदेश दिया था. हालांकि, बाद में इसे 'ग्राउंड डिले' (उड़ानों में देरी) कर दिया गया. FAA ने इसे सिर्फ डेल्टा एयरलाइन्स की समस्या बताया. FAA की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, यह समस्या फेडरल एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की वजह से नहीं पैदा हुई. FAA ने साफ कहा कि यह समस्या डेल्टा के अपने ऑपरेशंस से जुड़ी है, इसका अन्य एयरलाइन्स पर प्रभाव नहीं देखने को मिल रहा है. FAA ने आगे कहा कि अटलांटा पर इसका असर सबसे ज्यादा पड़ा है, क्योंकि यह डेल्टा का मुख्य ऑपरेशनल हब है. यहां से बड़ी संख्या में यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट्स लेते हैं.
क्या बूढ़ा हो गया सिस्टम?
रविवार को अचानक से डेल्टा एयरलाइन्स के कंप्यूटर सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया. इस वजह से अमेरिका के कई बड़े एयरपोर्ट पर कुल 3,500 उड़ानों में देरी हुई. इस समस्या पर डेल्टा एयरलाइन्स ने सफाई देते हुए कहा कि उसके 'वेट-एंड-बैलेंस ऑटोमेशन सिस्टम' में आई तकनीकी खामियों के कारण ऐसी समस्या पैदा हुई थी और इसी कारण से रविवार को पूरे देश में उड़ानों में देरी हुई थी. स्काई ब्लैकआउट की समस्या के बीच FAA ने साफ कहा कि यह समस्या डेल्टा एयरलाइन्स की है. फेडरल एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पूरी तरह से काम कर रहा है.
कंपनी का 'वेट-एंड-बैलेंस ऑटोमेशन सिस्टम' कितना पुराना है, इसकी सटीक उम्र तो नहीं बताई गई है, लेकिन एविएशन विशेषज्ञ इसे दशकों पुराना बता रहे हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, साल 2008 में नॉर्थवेस्ट एयरलाइन्स का डेल्टा एयरलाइन्स में विलय हुआ था. इसके बाद डेल्टा ने दोनों कंपनियों के पुराने कंप्यूटर और ऑपरेशनल सिस्टम को आपस में जोड़ा था, जिससे इसका आईटी ढांचा काफी जटिल हो गया है.
क्या साइबर अटैक हुआ?
डेल्टा एयरलाइन्स के सिस्टम फेल होने के पीछे साइबर अटैक के कोई सुराग नहीं मिले हैं, लेकिन इसी महीने अमेरिका की दो बड़ी सरकारी एजेंसियों (FBI और कृषि विभाग) पर साइबर अटैक होने की जानकारी सामने आई थी. अमेरिकी न्यूज पेपर 'द गार्जियन' ने इसका खुलासा किया था. अमेरिकी न्यूज पेपर ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि हैकरों ने अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) और FBI के सिस्टम में सेंध लगाई है. 'द गार्जियन' से पहले NBC न्यूज और CNN ने भी इसी तरह के दावे किए थे. हालांकि, इनके पीछे किसका हाथ था, इसका खुलासा नहीं हुआ.
डेल्टा एयरलाइन्स का ताजा बयान
एयरलाइन्स ने बताया कि अब इस समस्या को दूर कर लिया गया है. विमानन कंपनी के मुताबिक, टेक्निकल ग्लिच (तकनीकी समस्या) के दौरान एयरलाइन ने उड़ानों को सुरक्षित रूप से जारी रखने के लिए मैनुअल तरीकों का इस्तेमाल किया, जबकि उसकी तकनीकी टीमें ऑटोमेटेड सिस्टम को ठीक करने में जुटी रहीं. कंपनी ने बताया कि यह समस्या तो दूर हो गई है, लेकिन यात्रियों को अभी भी थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. कंपनी का कहना है कि एयरलाइन्स अब कामकाज के पेंडिंग कार्यों (ऑपरेशनल बैकलाग) को निपटाने में लगी है.
ये भी पढ़ें- कभी गले मिले थे ट्रंप-किम, अब फोन तक उठाने को तैयार नहीं किम जोंग उन; अमेरिकी राष्ट्रपति की चिट्ठी भी बिना खोले लौटाई