)
उत्तराखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव की आहट सुनाई दे रही है. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार को राज्य के तीन ऊंचाई वाले जिलों में बादलों की लुकाछिपी के बीच मौसम करवट लेने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. राहत की बात यह है कि पूरे राज्य में किसी भी तरह की कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे आम जनजीवन और पर्यटकों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी.
आज उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 18 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. खासतौर पर 3,800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ सकती है. गंगोत्री-यमुनोत्री घाटी, बद्रीनाथ-हेमकुंड साहिब क्षेत्र और मुनस्यारी व धारचूला की ऊंची चोटियों पर इसका असर साफ दिखाई देगा. निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही से ठंडक महसूस होगी.
मैदानों में खिली रहेगी धूप
अब अगर मैदानी इलाकों के मौसम की बात करें तो यहां मौसम पूरी तरह सुहावना है. देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश में दिन के समय धूप खिलने से हल्की गर्मी महसूस होगी. हालांकि, ढलते सूरज के साथ ही तापमान में गिरावट आ जाएगी और रातों में ठंड महसूस होगी. पिछले दिनों देहरादून का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान गिरकर 14.6 डिग्री पर पहुंच गया था.
मौसम विभाग का कहना है कि नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है. इसके अलावा, उधम सिंह नगर और रुड़की समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम शुष्क और साफ रहेगा.
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
अब अगर अगले कुछ दिनों के मौसम की बात करें तो राहत वाली खबर है. अगले चार दिन यानी 19, 20, 21 और 22 अक्टूबर तक पूरे उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा. इन चार दिनों में बारिश या बर्फबारी का कोई अनुमान नहीं है और न ही मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी की गई है.
अगर आप इन दिनों पहाड़ों की सैर पर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह समय एकदम परफेक्ट है. दिन के वक्त साफ आसमान और खिलखिलाती धूप आपके सफर का मजा दोगुना कर देगी, बस शाम और रात के वक्त हल्की ठंड आपको महसूस होगी. जिससे बचने के लिए अपने साथ गर्म कपड़े रखना न भूलें.