उत्तराखंड वेदर अपडेट: बागेश्वर-पिथौरागढ़ समेत 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, जानें मैदानी इलाकों का हाल
Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड में आज मौसम का दोहरा रूप देखने को मिलेगा. जहां एक तरफ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और 3800 मीटर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल समेत राज्य के शेष सभी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है. पढ़िए लेटेस्ट वेदर अपडेट...
Uttarakhand Weather Today: देवभूमि उत्तराखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है. जहां एक तरफ मैदानी इलाकों में हल्की गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ ऊंची चोटियों पर बादलों की आवाजाही और हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज राज्य के पांच पर्वतीय जिलों हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
कहां होगी बारिश और बर्फबारी?
आज जिन जिलों में हल्की बारिश और 3800 मीटर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, उनमें उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल है. साथ ही कुछ जगहों पर गर्जन के साथ बिजली चमकने के भी आसार हैं. इस बीच, केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं और बादलों के बीच हल्की बर्फबारी से तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है.
अगर आप भी बाबा केदार या बद्री विशाल के दर्शन का प्लान बना रहे हैं, तो अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े जरूर रखें और मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.
मैदानी इलाकों में खिली रहेगी धूप
मौसम विभाग के मुताबिक, आज जहां एक तरफ पहाड़ों पर हल्की बारिश हो सकती है, वहीं देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी और तराई क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. दिन में खिलखिलाती धूप आपका स्वागत करेगी, जिससे मौसम सुहावना रहेगा. हालांकि, जैसे-जैसे सूरज ढलेगा, ठंडी हवाएं मैदानों में भी सिहरन बढ़ाएंगी और सुबह-रात के तापमान में अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिलेगी.
मौसम विभाग का कहना है कि कुमाऊं मंडल के नैनीताल और अल्मोड़ा में मौसम पूरी तरह साफ और खुशनुमा बना रहेगा. हालांकि, पिथौरागढ़ और बागेश्वर की ऊंची पहाड़ियों से आने वाली बर्फीली हवाएं रात में ठंड बढ़ाएंगी, जिससे सैलानियों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ेगा.
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. राहत की बात यह है कि 17 से 20 अक्टूबर के बीच भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. 19 से 22 अक्टूबर तक पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है. फिलहाल, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है, जो आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ाएगा.