उत्तराखंड में सूखी ठंड का डबल अटैक, हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में कोहरे का अलर्ट, जानें अगले दिनों का मौसम
उत्तराखंड में सूखी ठंड ने ठिठुरन बढ़ा दी है, हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में कोहरे की दस्तक हो गई है. जानें देवभूमि में आगे कैसा रहने वाला है मौसम.
देहरादून: नवंबर जाते-जाते उत्तराखंड में ठंड ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दिन में धूप तो निकल रही है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड अब चुभने लगी है. ऊपर पहाड़ से लेकर नीचे मैदान तक, हर तरफ सूखी ठंड का असर है. मौसम वालों का कहना है, 28 नवंबर को ज्यादातर जगह मौसम सूखा ही रहेगा. लेकिन हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सुबह-सुबह कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है.
हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में सुबह कोहरा
मैदानी इलाकों में अब कोहरे की शुरुआत हो गई है. खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. इससे सड़कों पर दिखाई देना कम हो जाएगा. सुबह ऑफिस, स्कूल या हाईवे पर निकलने वालों को थोड़ा संभलकर चलना होगा. रात और सुबह का पारा गिरने से ठंड भी ज्यादा लगेगी.
पहाड़ों में सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन
पहाड़ी जिलों की बात करें तो यहांं पर फिलहाल मौसम साफ रहेगा. दिन में धूप खिलेगी तो मौसम ठीक लगेगा, लेकिन जैसे ही सूरज ढलेगा, ठंड बढ़ना शुरू हो जाएगी. ऊंचाई वाले इलाकों में पाला पड़ने का भी डर बना हुआ है. पहाड़ में रहने वालों को सुबह और देर रात गर्म कपड़ों के बिना बाहर निकलना भारी पड़ सकता है. इसलिए अपना ध्यान रखें और गर्म कपड़ों को पहनकर ही बाहर निकलें.
अगले 4 दिन बारिश का कोई सीन नहीं
29 नवंबर से 2 दिसंबर तक उत्तराखंड में मौसम सूखा ही रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का फिलहाल कोई चांस नहीं है.
मैदान में सुबह कोहरा और पहाड़ में सुबह-शाम ठंड
यही पैटर्न अगले कुछ दिन चलता रहेगा. जो लोग बारिश या बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा.
पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम?
मौसम में बदलाव की एक उम्मीद पश्चिमी विक्षोभ पर टिकी है. अगले हफ्ते पश्चिमी हिमालय में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. अगर ऐसा हुआ तो ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. लेकिन अभी बड़ी बारिश या बर्फबारी के कोई पक्के संकेत नहीं हैं. कुल मिलाकर नवंबर के आखिरी दिनों में उत्तराखंड में सूखी ठंड ही रहेगी.
यूपी में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, सुबह-सुबह कोहरा करेगा परेशान, इटावा-कानपुर में 8.4°C पहुंचा पारा