उत्तराखंड में दो अग्निवीरों को PAC में मिली जगह, धामी बोले- हर सैनिक का सम्मान हमारी परंपरा
सीएम धामी ने बताया कि पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी PAC में समायोजित करने की मंजूरी दी गई है. शीतकालीन यात्रा की तैयारियां भी जारी हैं.
उत्तराखंड में अग्निवीर योजना के तहत सेना से चार साल की सेवा पूरी करने वाले युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी दे दी है. उन्होंने कहा कि सेना से चार साल बाद बाहर आने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने का वादा सरकार पूरा कर रही है. हर सैनिक का सम्मान उत्तराखंड की परंपरा है.
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को देहरादून के दून विश्वविद्यालय में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अग्निवीरों को सेवा के बाद अवसर देने का जो संकल्प लिया था, उस दिशा में काम किया जा रहा है. पहले बैच के दो अग्निवीरों को पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है.
शीतकालीन यात्रा के लिए तैयारियां शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं से सर्दियों में भी उत्तराखंड आने और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की.
धामी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चारधामों के कपाट सर्दियों में बंद होने के बाद भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर होती है. इन स्थानों पर विधि-विधान से होने वाली पूजा का भी उतना ही धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा श्रद्धालुओं को उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर देती है.
प्रवासियों को गांवों से जोड़ने की कोशिश
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर साल यह आयोजन करती है. इसमें देश और विदेश में रहने वाले उत्तराखंडी बड़ी संख्या में हिस्सा लेते हैं. सम्मेलन का मकसद प्रवासियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जोड़ना है.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रवासी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं. सरकार चाहती है कि वे अपने अनुभव, ज्ञान, कौशल और सुझावों के जरिए प्रदेश के विकास में भागीदारी करें. कई प्रवासी अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर वहां के विकास में योगदान भी दे रहे हैं. मुख्यमंत्री के मुताबिक इस पहल से गांवों के विकास के साथ लोगों का अपनी जड़ों से जुड़ाव भी मजबूत हो रहा है.
रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. इसे प्रदेश के लिए उत्साहजनक संकेत बताते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-दुनिया के लगभग हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं.
धामी ने कहा कि प्रवासियों से मिलने वाले सुझावों और उनके अनुभवों को सरकार की विकास योजनाओं और कार्यक्रमों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है. सरकार का मकसद प्रवासी समाज को केवल सम्मेलन तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाना है.