)
गैरसैंण (भराड़ीसैंण): उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज मंगलवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में हुआ. दो दिवसीय सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही वंदे मातरम के साथ शुरू हुई. सदन में सबसे पहले दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई.इसमें पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रिटा.) भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए. इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी. सत्र से पहले सीएम धामी ने विपक्ष के नेता से भी मुलाकात की.
विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि सदन में 10 अध्यादेश विधेयक रखे जाएंगे. विपक्ष की मांग को लेकर सुबोध उनियाल का कहना है कि सरकार लगातार काम कर रही है. विपक्ष सिर्फ राजनीति करने के इरादे से प्रदर्शन कर रहा है.
विधानसभा सत्र पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,"विकास के लिए सभी प्रावधान किए गए हैं, कुछ नई योजनाएं शामिल की गई हैं और नवाचार भी है और पुरानी जो योजनाएं चल रही हैं उनको और गति मिले, कही कोई बजट की कमी न पड़े तो आज प्रस्तुत होगा तो आपको विस्तृत रूप से बता दिया जाएगा।"
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दोपहर 3 बजे सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7412 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करेंगे. सरकार इस सत्र में 10 विधेयक भी लाने की तैयारी में है. सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण से शिष्टाचार भेंट की. विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की है. बताया जा रहा है कि इस दो दिवसीय सत्र के लिए 31 विधायकों ने 445 सवाल लगाए हैं. हालांकि पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा.
सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया. कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में सीढ़ियों पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने का ऐलान किया है. कांग्रेस विधायकों ने कहा कि भ्रष्टाचार से लेकर अपराध एवं कानून व्यवस्था और अंकित भंडारी हत्याकांड कई ऐसे मामले हैं जिसमें सरकार विफल रही है. सरकार ने विपक्ष की बात सुनना तो दूर कई गंभीर मुद्दों पर कार्रवाई करना भी उचित नहीं समझा.
विधानसभा सत्र को देखते हुए गैरसैंण और भराड़ीसैंण में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई है और वाहनों की चेकिंग की जा रही है.
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के सह-प्रभारी गढ़वाल और कुमाऊं में प्रवास पर हैं. सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज गढ़वाल मंडल में संगठनात्मक बैठकें कर रही हैं.