App

"नियुक्ति रद्द न हुई तो घर पर करेंगे भूख हड़ताल": अंकिता के माता-पिता की दो टूक, कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला

Ankita Bhandari Murder Case: उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिल्ली में इंडिया गेट पर विरोध-प्रदर्शन हुआ. प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता, विपक्षी नेताओं और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. बाद में पुलिस ने अंकिता के माता-पिता को रिहा कर दिया। परिवार की मांग है कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द की जाए.

"नियुक्ति रद्द न हुई तो घर पर करेंगे भूख हड़ताल": अंकिता के माता-पिता की दो टूक, कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला
Image Credit: Ankita Bhandari Murder Case

Ankita Bhandari Murder Case: साल 2022 के चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर न्याय की मांग कर रहे अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने इंडिया गेट से हिरासत में लेने के बाद रिहा कर दिया है. रात भर चले इस उग्र विरोध प्रदर्शन और धरने के बाद यह कार्रवाई सामने आई है. रिहाई के बाद भी परिवार और समर्थकों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है और उन्होंने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज और तेज कर दी है.

"जब तक नियुक्ति रद्द नहीं होती, जारी रहेगा संघर्ष" - अंकिता की मां
अंकिता भंडारी की माता ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है, "जब तक उनकी (दुष्यंत गौतम) नियुक्ति रद्द नहीं होती है, तब तक हम ऐसे ही बैठे रहेंगे। अगर हमें यहां बैठने नहीं दिया गया, तो हम अपने घर में भूख हड़ताल करेंगे।" वहीं, अंकिता के पिता ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस नियुक्ति को निरस्त नहीं किया गया, तो पूरे देश की जनता सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएगी.

सुप्रिया श्रीनेत ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक दलों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है.  कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो परिवार पिछले चार साल से अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहा है, उन्हें न्याय देने के बजाय मुख्य आरोपी को संरक्षण दिया जा रहा है और पदों पर नवाजा जा रहा है.

केसी वेणुगोपाल बोले- परिवार को मिलना चाहिए न्याय
कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक पार्टी इस परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने मांग की है कि राष्ट्रपति इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें, राज्यपाल पद से संबंधित नियुक्ति को रद्द किया जाए और दोषियों को कड़ी सजा मिले. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इस परिवार से मुलाकात कर अपना समर्थन जता चुके हैं.

न्याय की मांग को लेकर जारी है विरोध
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर परिवार की न्याय की मांग एक बार फिर चर्चा में है. दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान परिवार ने अपनी मांग दोहराई और नियुक्ति रद्द होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। मामले को लेकर कांग्रेस ने भी परिवार के समर्थन में आवाज उठाई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More