इश्क, धोखा और 5 लाख की सुपारी, देहरादून में ब्लॉक किया तो पूर्व प्रेमिका ने प्रेमी पर चलवा दी गोली, ऐसे हुआ खुलासा
Dehradun Supari Killing Case: देहरादून में बैंक कर्मी सत्यम कुमार पर जानलेवा फायरिंग मामले में खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, घटना की मुख्य सूत्रधार सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान है, जो 5 सालों के प्रेम प्रसंग के बाद प्रेमी से मिले धोखे से आहत थी. सत्यम ने उसे सोशल मीडिया से ब्लॉक कर दिया था. जिससे वह नाराज थी. यही वजह है कि उसने अपने साथी के जरिए एक शातिर अपराधी को 5 लाख रुपये में सत्यम की हत्या की सुपारी दी थी.
Dehradun Supari Killing Case: जिस प्यार में कभी साथ जीने-मरने के वादे किए गए थे, उसी रिश्ते के टूटने पर एक प्रेमिका इतनी खौफनाक साजिश रच डालेगी, इसकी कल्पना शायद किसी ने नहीं की थी. राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बीते 8 सितंबर को बैंक कर्मी सत्यम कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने ऐसा ही एक सनसनीखेज खुलासा किया है.
घटना की मुख्य सूत्रधार कोई और नहीं, बल्कि सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ही निकली, जिसने प्यार में मिले धोखे का बदला लेने के लिए प्रेमी को रास्ते से हटाने का खौफनाक ताना-बाना बुना था.
5 साल का अफेयर, सगाई और फिर ब्लॉक
पुलिस की जांच में सामने आया कि सत्यम और मालिया रहमान के बीच पिछले 5 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन हाल ही में सत्यम ने किसी और लड़की से सगाई कर ली. इतना ही नहीं, सत्यम ने मालिया से धीरे-धीरे दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर ब्लॉक कर दिया. 5 साल पुराने रिश्ते की ऐसी दर्दनाक अनदेखी और सगाई की खबर से मालिया इस कदर आहत और आगबबूला हुई कि उसने सत्यम को हमेशा-हमेशा के लिए खत्म करने की साजिश रच डाली.
आरोपी प्रेमिका का कहना है कि सत्यम ने उसका इस्तेमाल किया. उसने मामले की शिकायत पुलिस से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. जिसके बाद सत्यम की हत्या की सुपारी दे दी.
5 लाख रुपये में दी गई हत्या की सुपारी
बदले की आग में जल रही मालिया ने अपने एक साथी मोहित से संपर्क किया. मोहित के जरिए उसने हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के एक शातिर अपराधी अंकित चौहान से हाथ मिलाया. सत्यम कुमार को मौत के घाट उतारने के लिए 5 लाख रुपये में सुपारी दे दी गई. योजना के मुताबिक 8 सितंबर को शूटर ने सत्यम की घेराबंदी कर उस पर गोलियां बरसा दीं, हालांकि किस्मत से सत्यम की जान बच गई.
चाय बागान में पुलिस एनकाउंटर, शूटर के पैर में लगी गोली
वारदात के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं. बीती रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोरखपुर चौक के पास बिना नंबर की बाइक से भाग रहे दो संदिग्धों की घेराबंदी की. खुद को घिरता देख बदमाशों ने चाय बागान की तरफ भागते हुए पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी. पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में मुख्य शूटर अंकित चौहान पैर में गोली लगने से मौके पर ही गिर पड़ा, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया.
प्रेमिका समेत 3 गिरफ्तार, एक शूटर अभी भी फरार
मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस टीम ने आईएसबीटी के पास से मास्टरमाइंड प्रेमिका मालिया रहमान और उसके मददगार मोहित को भी धर दबोचा. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक देसी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. हालांकि, इस वारदात में शामिल दूसरा शूटर 'अंकुर' अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
प्यार की सनक में 5 लाख की सुपारी देकर प्रेमी को मारने का यह खौफनाक प्लान आखिरकार शूटर का निशाना चूकने से नाकाम रहा और साजिश रचने वाली प्रेमिका अब सलाखों के पीछे पहुंच चुकी है.