दलेर मेहंदी विवाद: सीएम के दखल के बाद भी नहीं बदले सुबोध उनियाल के सुर, दिया बेबाक बयान
दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच तकरार बरकरार है. सीएम धामी के दखल के बाद भी मंत्री अपने व्यवहार को लेकर माफी मांगने को तैयार नहीं है. उनका कहना है कि अगर उनकी तबीयत खराब थी तो वो बता देते.
सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह से फोन पर बात कर माहौल शांत करने की कोशिश की, लेकिन मंत्री सुबोध उनियाल अपने रुख पर कायम हैं और माफी मांगने के सवाल को हंसकर टाल गए हैं.
'चेहरे पर थोड़ी लिखा होता है स्वास्थ्य खराब है'
मीडिया से बातचीत के दौरान जब मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि अगर दलेर मेहंदी का स्वास्थ्य खराब था, तो उन्हें आयोजकों को पहले ही बताना चाहिए था. उन्होंने तर्क दिया कि वे मंच से भी जनता को बता सकते थे कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है.
माफी की बात को हंसकर टाल गए मंत्री
मंत्री ने उनियाल कहा कि यह किसी के चेहरे पर तो नहीं लिखा होता कि किसका स्वास्थ्य खराब है. वे बड़े कलाकार न होते तो उन्हें क्यों बुलाया जाता और 36 लाख रुपये का ऑफर क्यों दिया जाता? अगर सेहत ठीक नहीं थी तो वे आने से मना भी कर सकते थे. जब उनसे मीका सिंह द्वारा सॉरी बोलने की बात पूछी गई, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि अब इस विषय पर ज्यादा बात न की जाए.
जानिए क्या था ये पूरा मामला?
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर का है, जब कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की लाइव परफॉर्मेंस चल रही थी. इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और उन्होंने परफॉर्मेंस को बीच में ही रुकवा दिया. मंत्री ने आरोप लगाया था कि वे शराब के नशे में हैं, ठीक से गा नहीं पा रहे हैं और केवल लिप-सिंकिंग कर रहे हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बॉलीवुड और संगीत जगत में हड़कंप मच गया.
सीएम पुष्कर सिंह धामी का हस्तक्षेप
इस घटना के बाद दलेर मेहंदी के छोटे भाई मीका सिंह और कई बॉलीवुड कलाकारों ने मंत्री के इस व्यवहार की आलोचना की. मीका सिंह ने कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते और उनकी हाल ही में सर्जरी हुई थी, जिसके कारण उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था. विवाद को बढ़ता देख मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्तिगत रूप से दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बात की. सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि उत्तराखंड में किसी भी कलाकार का अपमान नहीं होने दिया जाएगा.
(देहरादून से सुरेंद्र डसीला की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: उत्तराखंड के लोग घुसपैठिए: अखिलेश यादव के बयान से मचा घमासान: सीएम धामी का पलटवार