कांग्रेस विधायक प्रीतम की मुश्किलें बढ़ीं: दो सगी बहनों को धमकाने पर पुलिस ने कसा शिकंजा, सीएम धामी ने बैठाई जांच
कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों पर दो सगी बहनों को धमकाने का आरोप है. इस मामले को सीएम धामी ने भी संज्ञान लिया है.
उत्तराखंड के चकराता विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह और उनके भाइयों पर धमकाने और गाली गलौज का आरोप लगा है. धमकाने का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसका सीएम धामी ने संज्ञान लिया है. सीएम धामी ने पीड़ित पक्ष से फोन पर बातकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
यह है पूरा मामला
दरअसल, कांग्रेस विधायक विधायक प्रीतम सिंह, उनके भाइयों चमन सिंह और राजपाल सिंह पर क्षेत्र के ही बालकराम नाम के व्यक्ति को फोन पर धमकाने का आरोप है. आरोप है कि बालकराम को अपनी बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने के लिए धमकी दी जा रही है. बताया गया कि धमकाने वाले प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल है. ऑडियो वायरल होते ही सीएम धामी ने इसे संज्ञान लिया है.
सीएम धामी ने की फोन पर बात
सीएम धामी ने शनिवार को बालकराम और उनकी दोनों बेटियों से फोन पर बातचीत की. मुख्यमंत्री धामी ने बालकराम की बेटी दीक्षा से पूरे मामले की जानकारी प्राप्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया. उन्होंने एसएसपी को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए विवश नहीं होने दिया जाएगा.
छात्र संघ का चुनाव लड़ा था
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने बालकराम के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने एसएसपी को शिकायत पत्र देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है. साथ ही उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई के साथ साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की. बता दें कि त्यूनी के छुमरा देवगार के रहने वाले बालकराम बिजली विभाग में कार्यरत हैं. उनकी बेटी दीक्षा और साक्षी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है. दीक्षा ने महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में भाग लिया था.
7 अक्टूबर की घटना
आरोप है कि 7 अक्टूबर को कांग्रेस विधायक के भाइयों ने फोनकर दीक्षा को धमकाया गया. वह दोनों को कांग्रेस ज्वाइन करने की धमकी दे रहे हैं. धमकाने की रिकॉर्डिंग वायरल हो गई है. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें ; उत्तराखंड के लोग घुसपैठिए: अखिलेश यादव के बयान से मचा घमासान: सीएम धामी का पलटवार