CM योगी की माता के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक, बोले- मां का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है. सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी जिले में 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है. उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है. बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!'
CM योगी ने मां सावित्री देवी की पार्थिव शरीर को दिया कंधा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचुर में अपनी मां सावित्री देवी की पार्थिव शरीर को कंधा दिया. CM योगी ने अपनी मां की तस्वीर पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी. इस दौरान वे भावुक नजर आए. मां के निधन के पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक श्रद्धांजलि संदेश साझा किया और लिखा, 'मां... ओम शांति.'
91 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
सीएम योगी की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे 91 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. वे पिछले करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं. जब उन्होंने अंतिम सांस ली, तब उनके पैतृक आवास पर महेंद्र सिंह बिष्ट और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी माता के निधन की खबर तब मिली, जब वे गोरखपुर में एक कार्यक्रम में युवाओं को टैबलेट बांट रहे थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें इस दुखद घटना के बारे में जानकारी दी.